scorecardresearch

सिर्फ जवाब नहीं देगा, खुद आपके लिए काम करेगा Muse AI! ChatGPT Gemini और Claude से कितना अलग है Meta का नया एजेंट?

Meta का नया Muse AI सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यूजर की अनुमति से ईमेल भेजने, ट्रैवल प्लान करने, खरीदारी और दूसरे डिजिटल काम खुद आगे बढ़ा सकता है। ऐसे में सवाल है कि Muse, Meta AI से कितना अलग है और ChatGPT, Gemini और Claude जैसे बड़े AI प्लेटफॉर्म्स के सामने इसकी सबसे बड़ी ताकत क्या होगी?

Advertisement
Meta का नया Muse AI अब यूजर्स के लिए खुद करेगा डिजिटल काम। (AI Generated Image)
Meta का नया Muse AI अब यूजर्स के लिए खुद करेगा डिजिटल काम। (AI Generated Image)

In Short

  • Muse सिर्फ जवाब नहीं देगा, बल्कि यूजर की अनुमति से कई चरणों वाले डिजिटल काम खुद आगे बढ़ा सकेगा।
  • Muse, Meta AI की जगह नहीं लेगा; Meta AI बातचीत पर केंद्रित है, जबकि Muse का जोर autonomous action पर है।
  • Secure VM और Sentinel जैसे सुरक्षा उपायों के बावजूद ईमेल, खरीदारी और पेमेंट जैसे कामों में AI को पहुंच देना बड़ी चुनौती होगी।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में अब मुकाबला सिर्फ इस बात का नहीं रह गया है कि कौन-सा चैटबॉट आपके सवाल का सबसे बेहतर जवाब देता है। अब असली दौड़ इस बात की है कि AI आपके कहने पर आपके लिए कितना काम कर सकता है। इसी रेस में Meta ने 8 सितंबर को अपना नया निजी AI एजेंट Muse पेश किया है। Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग ने भी इसे अपनी Instagram पोस्ट के जरिए लोगों के सामने रखा। कंपनी Muse को अपने पर्सनल सुपरइंटेलिजेंस विजन की दिशा में एक अहम कदम बता रही है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सिर्फ आपसे बातचीत करने के लिए नहीं बना, बल्कि आपके कहने पर कई काम खुद आगे बढ़ा सकता है।

advertisement
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Mark Zuckerberg (@zuck)

आखिर Muse करता क्या है?

इसे एक आसान उदाहरण से समझिए। मान लीजिए आपने Instagram पर कुछ दिन पहले किसी खाने की रेसिपी वाली Reel सेव की थी। Muse उस Reel को देखकर आपके लिए सामान की सूची तैयार कर सकता है, डिनर का मेन्यू बना सकता है और अगर आपने पहले बताया है कि आपके किसी दोस्त को कोई खास खाना पसंद नहीं है, तो उसे भी ध्यान में रख सकता है।

इसी तरह Muse ईमेल भेजने, यात्रा की योजना बनाने और बुकिंग में मदद करने, आपका शेड्यूल संभालने, ऑनलाइन फॉर्म भरने, खरीदारी करने और दूसरे डिजिटल कामों में मदद कर सकता है। इसकी खास बात यह है कि हर छोटे काम के लिए बार-बार नया निर्देश देने की जरूरत नहीं पड़ सकती। Meta के मुताबिक, Muse लंबे और कई चरणों वाले काम को खुद आगे बढ़ाने के लिए बनाया गया है। यह जरूरत पड़ने पर छोटे AI एजेंटों की मदद भी ले सकता है और अलग-अलग कामों के लिए अपने जरूरी टूल भी तैयार कर सकता है।

तो क्या Muse आने के बाद Meta AI बंद हो जाएगा?

नहीं। Muse और Meta AI दोनों का काम अलग है।

Meta AI को मुख्य रूप से एक बातचीत करने वाले AI सहायक के तौर पर समझा जा सकता है। आप उससे सवाल पूछ सकते हैं, जानकारी मांग सकते हैं, किसी विषय पर सुझाव ले सकते हैं या सामग्री तैयार करवा सकते हैं।

वहीं Muse का जोर सिर्फ जवाब देने पर नहीं बल्कि काम पूरा करने पर है। उदाहरण के लिए, Meta AI से आप पूछ सकते हैं कि छुट्टी पर कहां जाना अच्छा रहेगा। Muse का मकसद इससे एक कदम आगे जाकर आपकी यात्रा की योजना बनाने, जरूरी विकल्प तलाशने और जुड़े हुए ऐप्स के जरिए उस काम को आगे बढ़ाने में मदद करना है।

यानी आसान भाषा में कहें तो Meta AI आपको बताएगा कि क्या करना है, जबकि Muse कोशिश करेगा कि उस काम का एक हिस्सा आपके लिए खुद भी कर दे।

ChatGPT Gemini और Claude से कितना अलग है Muse?

यहीं से असली मुकाबला शुरू होता है। Muse को सिर्फ ChatGPT का नया प्रतिद्वंद्वी कहना पूरी तस्वीर नहीं दिखाता, क्योंकि ChatGPT, Gemini और Claude भी अब सिर्फ सवाल-जवाब करने वाले चैटबॉट नहीं हैं। ये सभी धीरे-धीरे ऐसे AI सिस्टम बन रहे हैं जो कई चरणों वाले काम कर सकते हैं और अलग-अलग टूल का इस्तेमाल कर सकते हैं।

advertisement

ChatGPT की बड़ी ताकत लिखने, रिसर्च करने, कोडिंग, विश्लेषण और अलग-अलग तरह के काम में मदद करना है। Google का Gemini अपनी Google सेवाओं के साथ जुड़ाव की वजह से मजबूत है। Gmail, Docs और दूसरी Google सेवाओं के साथ इसका तालमेल इसे खास बनाता है। Claude की पहचान लंबे दस्तावेज समझने, रिसर्च, कोडिंग और ज्ञान से जुड़े कामों में मजबूत AI के रूप में बनी है।

Muse की सबसे बड़ी अलग पहचान यह है कि Meta इसे शुरू से एक ऐसे निजी AI एजेंट के तौर पर पेश कर रही है, जो आपके रोजमर्रा के डिजिटल काम संभालने की कोशिश करेगा। Meta का दांव है कि Muse समय के साथ आपकी पसंद, आदतों और जरूरतों को समझे और उनसे जुड़ी जानकारी याद रखकर आपके लिए ज्यादा व्यक्तिगत तरीके से काम करे।

Muse की याद रखने की क्षमता बन सकती है बड़ी ताकत

Meta के मुताबिक, Muse बातचीत के दौरान यूजर से जुड़ी जरूरी बातें याद रख सकता है। मान लीजिए आपने एक बार उसे बताया कि आपके किसी दोस्त को किसी खास चीज से एलर्जी है। भविष्य में जब आप डिनर प्लान करेंगे, तो Muse उस जानकारी को ध्यान में रख सकता है।

advertisement

यूज़र चाहें तो Muse से किसी जानकारी को भूलने के लिए भी कह सकते हैं। यही याद रखने वाली क्षमता इसे साधारण सवाल-जवाब वाले AI से ज्यादा निजी डिजिटल सहायक बनाने की Meta की कोशिश का हिस्सा है।

लेकिन ईमेल और पेमेंट तक पहुंच देना कितना सुरक्षित है?

Muse की सबसे बड़ी ताकत ही उसकी सबसे बड़ी चुनौती भी है। अगर कोई AI आपकी तरफ से ईमेल भेज सकता है, खरीदारी कर सकता है और दूसरे ऐप्स चला सकता है, तो गलती की गुंजाइश ज्यादा गंभीर हो जाती है।

Meta का कहना है कि Muse एक अलग और सुरक्षित वर्चुअल कंप्यूटर में काम करता है, जिसे Muse Secure VM कहा गया है। कंपनी के मुताबिक, जुड़े हुए ऐप्स के पासवर्ड और दूसरी संवेदनशील जानकारी इसी सुरक्षित माहौल में रखी जाती है और Muse को पासवर्ड या भुगतान से जुड़ी जानकारी सीधे नहीं दिखाई जाती।

इसके अलावा Meta ने Sentinel नाम का एक अलग सुरक्षा एजेंट भी दिया है। इसका काम Muse और इंटरनेट के बीच सुरक्षा की परत बनाना है। अगर Muse कोई काम करने की कोशिश करता है, तो Sentinel यह देख सकता है कि उस काम को सीधे पूरा किया जा सकता है, उसे रोकना चाहिए या पहले यूजर की अनुमति लेनी चाहिए।

advertisement

ईमेल भेजने, खरीदारी करने या दूसरे संवेदनशील कामों से पहले यूजर से मंजूरी मांगी जा सकती है। यूज़र यह भी देख सकेगा कि Muse ने कौन-कौन से काम किए हैं।

यूजर तय करेगा Muse को कितनी छूट मिलेगी

Muse में यूजर यह तय कर सकता है कि वह किन ऐप्स से जुड़े और उन्हें कितनी अनुमति दी जाए। उदाहरण के लिए, ईमेल के मामले में आप सिर्फ पढ़ने की अनुमति दे सकते हैं या पढ़ने के साथ ईमेल भेजने की भी अनुमति दे सकते हैं।

Meta का दावा है कि Muse की बातचीत और इसके सुरक्षित वर्चुअल सिस्टम का डेटा विज्ञापन प्रणाली के साथ साझा नहीं किया जाता। यूजर के पास AI मॉडल ट्रेनिंग से बाहर रहने का विकल्प भी रहेगा।

कंपनी आगे Muse Confidential VM लाने की भी बात कर रही है। इसमें डेटा को खोलने वाली चाबी यूजर के पास होगी। Meta के मुताबिक, ऐसी स्थिति में कंपनी भी उस सिस्टम के अंदर मौजूद बातचीत और डेटा तक सीधे नहीं पहुंच सकेगी।

advertisement

सुरक्षा के इंतजाम हैं लेकिन खतरा पूरी तरह खत्म नहीं

इन सभी सुरक्षा उपायों के बावजूद Muse को पूरी तरह जोखिम से मुक्त मानना जल्दबाजी होगी। विकास के दौरान इसकी विश्वसनीयता और सुरक्षा को लेकर सवाल सामने आए थे। AI एजेंटों के लिए एक बड़ी चुनौती prompt injection भी है।

इसमें किसी वेबसाइट या बाहरी सामग्री में छिपे गलत निर्देश AI को ऐसा काम करने के लिए उकसा सकते हैं, जो यूजर ने कहा ही न हो। Meta का Sentinel इसी तरह के खतरों को कम करने की कोशिश का हिस्सा है।

AI की अगली लड़ाई जवाब देने की नहीं, काम करने की है

Muse का लॉन्च AI की दुनिया में हो रहे बड़े बदलाव की तरफ इशारा करता है। आने वाले समय में यूजर AI से सिर्फ यह नहीं पूछेगा कि “मुझे यह काम कैसे करना चाहिए”, बल्कि वह सीधे कह सकता है, “यह काम मेरे लिए कर दो।”

ChatGPT, Gemini, Claude और अब Muse सभी इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि Muse ने अपने लॉन्च से ही खुद काम करने वाले निजी AI एजेंट को अपनी सबसे बड़ी पहचान बनाया है।

अब इसकी असली परीक्षा यह होगी कि Muse कितनी सही तरीके से काम करता है, यूजर अपनी निजी सेवाओं तक उसे कितनी पहुंच देते हैं और क्या लोग किसी AI पर इतना भरोसा करने के लिए तैयार हैं कि वह उनकी तरफ से फैसलों को असली काम में बदल सके।