scorecardresearch

बच्चों की ऑनलाइन एक्टिविटी पर नई रिपोर्ट, पैरेंट्स के लिए सामने आई अहम जानकारी

बच्चों की ऑनलाइन एक्टिविटी को लेकर कैस्परस्की की रिपोर्ट में बड़ा अंतर सामने आया है। एंड्रॉयड डिवाइस पर एडल्ट कंटेंट से जुड़ी एक्टिविटी विंडोज की तुलना में करीब तीन गुना ज्यादा दर्ज की गई। रिपोर्ट बताती है कि बच्चों का ज्यादातर समय कम्युनिकेशन और मीडिया इस्तेमाल में जाता है।

Advertisement
AI generated image

In Short

  • एंड्रॉयड पर एडल्ट कंटेंट की हिस्सेदारी 5.71% रही, जबकि विंडोज पर यह 1.91% दर्ज हुई।
  • बच्चों की ज्यादातर ऑनलाइन एक्टिविटी कम्युनिकेशन, मीडिया और वीडियो से जुड़ी रही।
  • माता-पिता के लिए पैरेंटल कंट्रोल और ऑनलाइन सेफ्टी नियम जरूरी बताए गए।

बच्चों के ऑनलाइन इस्तेमाल पर नजर रखना माता-पिता के लिए लगातार मुश्किल होता जा रहा है। खासकर स्मार्टफोन बच्चों को इंटरनेट तक ज्यादा निजी और पोर्टेबल पहुंच देते हैं। Kaspersky Lab की 2026 की रिपोर्ट में भारत के बच्चों की ऑनलाइन एक्टिविटी को लेकर एंड्रॉयड और विंडोज के बीच बड़ा अंतर सामने आया है।

advertisement

एंड्रॉयड पर एडल्ट कंटेंट की हिस्सेदारी ज्यादा

कैस्परस्की ने अपनी सेफ किड्स सर्विस के भारतीय यूजर्स से मिले अनोनिमाइज्ड डेटा का विश्लेषण किया। रिपोर्ट के मुताबिक विंडोज पर बच्चों की ऑनलाइन एक्टिविटी में एडल्ट कंटेंट की हिस्सेदारी 1.91% रही। वहीं एंड्रॉयड पर यह आंकड़ा 5.71% तक पहुंच गया।

यानी एंड्रॉयड पर यह हिस्सेदारी विंडोज की तुलना में करीब तीन गुना ज्यादा रही। रिपोर्ट यह नहीं कहती कि हर बच्चा अपने कुल ऑनलाइन समय का 5.71% एडल्ट कंटेंट पर खर्च कर रहा था। यह केवल कैस्परस्की के डेटा में उस कैटेगरी की हिस्सेदारी को दिखाता है।

ज्यादातर समय कम्युनिकेशन और मीडिया पर

रिपोर्ट के मुताबिक बच्चों की ऑनलाइन एक्टिविटी का बड़ा हिस्सा सामान्य डिजिटल इस्तेमाल से जुड़ा रहा। विंडोज पर इंटरनेट, कम्युनिकेशन एंड मीडिया की हिस्सेदारी 43.44% और सॉफ्टवेयर, ऑडियो, वीडियो की 34.99% रही। दोनों मिलाकर यह 78.43% बनता है।

एंड्रॉयड पर इंटरनेट, कम्युनिकेशन, मीडिया की हिस्सेदारी 39.86% और सॉफ्टवेयर, ऑडियो, वीडियो की 34.89% रही। दोनों कैटेगरी मिलाकर 74.75% एक्टिविटी बनी।

ई-कॉमर्स और न्यूज में भी अंतर

एंड्रॉयड पर ई-कॉमर्स की हिस्सेदारी 5.70% रही जबकि न्यूज मीडिया की 4.69% हिस्सेदारी दर्ज की गई। विंडोज पर न्यूज मीडिया का हिस्सा 8.43% रहा।

अल्कोहल, टोबैको एंड नारकोटिक्स कैटेगरी में दोनों प्लेटफॉर्म के बीच ज्यादा अंतर नहीं दिखा। एंड्रॉयड पर इसकी हिस्सेदारी 0.26% और विंडोज पर 0.29% रही।

माता-पिता के लिए क्या संकेत

कैस्परस्की के भारत जनरल मैनेजर जयदीप सिंह के मुताबिक बच्चों की ज्यादातर ऑनलाइन एक्टिविटी अभी भी कम्युनिकेशन, मीडिया और रोजमर्रा के डिजिटल इस्तेमाल से जुड़ी है, लेकिन मोबाइल डिवाइसेस पर नुकसान पहुंचाने वाले कंटेंट की मौजूदगी चिंता की वजह हो सकती है।

कैस्परस्की ने पैरेंटल कंट्रोल के साथ बच्चों से ऑनलाइन जोखिमों पर बातचीत, साफ नियम, डिजिटल एक्टिविटी की निगरानी और उम्र के हिसाब से साइबर सिक्योरिटी एजुकेशन पर जोर दिया है। कंपनी के मुताबिक एडल्ट कंटेंट, गैम्बलिंग और दूसरी हानिकारक साइट्स पर कैटेगरी ब्लॉक एक्टिव होने पर संबंधित विजिट को रियल टाइम में रोका जा सकता है।