
रक्षाबंधन ऑफर देखकर तुरंत न करें क्लिक, एक गलती बना सकती है आपको साइबर ठगी का शिकार
रक्षाबंधन के आसपास ऑनलाइन शॉपिंग और ऑफर्स बढ़ने के साथ साइबर ठग भी एक्टिव हो जाते हैं। फेक गिफ्ट लिंक, भारी डिस्काउंट, कुरियर, UPI रिफंड और कैशबैक के नाम पर लोगों को फंसाया जा सकता है। ऐसे में बैंकिंग डिटेल्स और PIN को लेकर खास सावधानी जरूरी है।

In Short
- फेक गिफ्ट लिंक और फर्जी डिस्काउंट ऑफर से हो सकती है साइबर ठगी
- कुरियर और UPI रिफंड के नाम पर OTP या PIN मांग सकते हैं ठग
- ऑनलाइन शॉपिंग के लिए ऑफिशियल वेबसाइट और ऐप का ही इस्तेमाल करें
रक्षाबंधन के मौके पर ऑनलाइन शॉपिंग, गिफ्ट, मिठाई और राखी की खरीदारी बढ़ जाती है। इसी दौरान साइबर ठग भी ज्यादा एक्टिव हो जाते हैं। वे लोगों को भारी डिस्काउंट, कैशबैक, रिफंड या गिफ्ट का लालच देकर बैंक डिटेल्स और UPI से जुड़ी जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही आर्थिक नुकसान करा सकती है।
फेक गिफ्ट लिंक से हो सकती है ठगी
साइबर स्कैमर्स त्योहार के नाम पर फर्जी गिफ्ट लिंक भेज सकते हैं। इन लिंक में खतरनाक APK फाइल, वायरस या फर्जी फॉर्म हो सकता है। कई बार यूजर से बैंक डिटेल्स, मोबाइल नंबर या दूसरी निजी जानकारी मांगी जाती है। अनजान लिंक पर क्लिक करना जोखिम भरा हो सकता है।

भारी डिस्काउंट का लालच
राखी, मिठाई और गिफ्ट पर बहुत ज्यादा डिस्काउंट दिखाकर भी लोगों को फंसाया जा सकता है। ठग 80 या 90 फीसदी तक की छूट का दावा कर सकते हैं। इसके बाद यूजर को फर्जी वेबसाइट या पेमेंट पेज पर भेजकर पैसे लिए जा सकते हैं। ऑनलाइन खरीदारी के लिए हमेशा भरोसेमंद और ऑफिशियल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना बेहतर है।
कुरियर और UPI रिफंड स्कैम से भी रहें सतर्क
फेस्टिव सीजन में कुरियर स्कैम भी सामने आते हैं। ठग डिलीवरी रोकने, पता अपडेट करने या पार्सल जारी करने के नाम पर OTP मांग सकते हैं। इसी तरह UPI रिफंड के नाम पर भी कॉल या मैसेज आ सकता है। ध्यान रखें कि पैसे रिसीव करने के लिए UPI PIN डालने की जरूरत नहीं होती।
कैशबैक ऑफर के नाम पर मांगी जा सकती है फीस
कुछ स्कैम में बैंक ऑफर या कैशबैक का लालच दिया जाता है। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, कार्ड डिटेल्स या OTP मांगा जा सकता है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ ATM PIN, UPI PIN या OTP शेयर नहीं करना चाहिए।
कैसे रहें सुरक्षित?
अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी फर्जी ऐप को डाउनलोड न करें। पैसे रिसीव करने के लिए QR कोड स्कैन करने या PIN डालने की जरूरत नहीं होती। ऑनलाइन शॉपिंग हमेशा ऑफिशियल वेबसाइट या ऐप से करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑफर पर तुरंत भरोसा न करें।

