2 नए IPhone लेने पहुंचा शख्स, साथ ले गया 53 पुराने आईफोन! दुबई के इस एप्पल फैन की कहानी कर देगी हैरान
दुबई में रहने वाले एक शख्स का एप्पल के लिए अनोखा प्यार चर्चा में है। वह दो नए फोल्डेबल आईफोन लेने एप्पल स्टोर पहुंचा, लेकिन अपने साथ 53 आईफोन भी ले गया। आखिर इतने सारे फोन लेकर जाने की क्या वजह थी और एप्पल से उसका इतना लगाव क्यों है? जानिए दिलचस्प कहानी।

In Short
- दुबई का शख्स दो नए फोल्डेबल आईफोन लेने एप्पल स्टोर पहुंचा, साथ लेकर गया 53 आईफोन।
- करीब 20 साल से आईफोन जमा कर रहे मोहम्मद शाका के कलेक्शन में पहले आईफोन से लेकर आईफोन 18 प्रो मैक्स तक शामिल।
- - तीन साल से ज्यादा समय से फोल्डेबल आईफोन का इंतजार कर रहे शाका का अगला सपना कैलिफोर्निया में एप्पल लॉन्च में शामिल होना है।
नया स्मार्टफोन खरीदने का शौक तो बहुत से लोगों को होता है, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनके लिए फोन सिर्फ इस्तेमाल की चीज नहीं, बल्कि जिंदगी का खास हिस्सा बन जाता है। दुबई में रहने वाले एक शख्स का एप्पल के लिए ऐसा ही प्यार इन दिनों चर्चा में है। आखिर इस शख्स ने ऐसा क्या किया कि उसकी कहानी लोगों का ध्यान खींच रही है?
2 नए आईफोन लेने पहुंचा, साथ ले गया 53 फोन
खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई में रहने वाले मोहम्मद शाका एप्पल स्टोर पर अपने 53 आईफोन लेकर पहुंच गए। वह कंपनी के नए फोल्डेबल स्मार्टफोन आईफोन डुओ की दो यूनिट लेने आए थे। उनके कलेक्शन में साल 2007 में लॉन्च हुए पहले आईफोन से लेकर आईफोन 18 प्रो मैक्स तक के मॉडल शामिल हैं।
दिलचस्प बात यह है कि शाका खुद इतने सारे फोन लेकर नहीं पहुंचे थे। एप्पल स्टोर के कर्मचारियों ने एक दिन पहले उनसे संपर्क किया था और अपना कलेक्शन साथ लाने के लिए कहा था।
करीब 20 साल से जमा कर रहे आईफोन
मूल रूप से पाकिस्तान के कराची के रहने वाले मोहम्मद शाका अब दुबई में रहते हैं। वह करीब 20 साल से आईफोन जमा कर रहे हैं। उनके पास कुछ मॉडल अलग-अलग रंगों में भी मौजूद हैं।
शाका बताते हैं कि आईफोन जमा करना उनका शौक होने के साथ एक चैलेंज भी है। वह अपने फोन को बंद करके रखने के बजाय घर में सजाकर रखते हैं, ताकि पूरा कलेक्शन दिखाई दे।
आखिर एप्पल से इतना प्यार क्यों?
शाका के पास मोटोरोला और सैमसंग के भी कुछ फोन हैं, लेकिन उनकी पहली पसंद एप्पल ही है।
उनका कहना है कि हर नए आईफोन में कुछ न कुछ बदलाव देखने को मिलता है। कभी कैमरा बेहतर होता है, तो कभी टच रिस्पॉन्स, बैटरी या ऑपरेटिंग सिस्टम में सुधार होता है। पिछले कई सालों में उन्होंने इन सभी बदलावों को खुद महसूस किया है। यही वजह है कि एप्पल के लिए उनका लगाव लगातार बढ़ता गया।
3 साल से था फोल्डेबल आईफोन का इंतजार
मोहम्मद शाका पिछले तीन साल से ज्यादा समय से एप्पल के फोल्डेबल आईफोन का इंतजार कर रहे थे। पहले इस फोन को लेकर सिर्फ खबरें और अफवाहें सामने आ रही थीं।जैसे ही आईफोन डुओ की बुकिंग शुरू हुई, उन्होंने अपना स्लॉट बुक कर लिया। आखिरकार फोन मिलने पर उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की।
लगातार तीसरे साल बनाया खास रिकॉर्ड
खलीज टाइम्स के मुताबिक, शाका लगातार तीन साल से एप्पल के बड़े लॉन्च पर शुरुआती ग्राहकों में शामिल रहे हैं। इस बार उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी होने की बात कही।अब वह चाहते हैं कि दूसरे लोगों को भी शुरुआती ग्राहकों में शामिल होने का मौका मिले।
अब कैलिफोर्निया जाने की तैयारी
शाका का अगला सपना अमेरिका के कैलिफोर्निया में एप्पल के किसी नए लॉन्च इवेंट में शामिल होना है।वह वहां भी सबसे पहले लाइन में लगना चाहते हैं। उनका कहना है कि वह दुनिया को दिखाना चाहते हैं कि एप्पल के फोन के लिए उनका शौक किस हद तक पहुंच चुका है।

