scorecardresearch

Claude AI अब रखेगा आपके बैंक खर्चों पर नजर! फालतू कटने वाले पैसे और बढ़ते बिलों की भी देगा जानकारी

AI कंपनी Anthropic ने Claude में एक नया Personal Finance फीचर पेश किया है, जो आपके बैंक अकाउंट और क्रेडिट कार्ड के खर्चों को समझने में मदद करेगा। यह फीचर डबल पेमेंट, बढ़ते बिल और अनचाहे चार्ज की पहचान भी कर सकता है। जानिए यह कैसे काम करता है और किसे मिलेगा।

Advertisement

In Short

  • Claude AI का नया फीचर बैंक और क्रेडिट कार्ड के खर्चों का पूरा हिसाब समझने में मदद करेगा।
  • डबल पेमेंट, अचानक लगने वाले चार्ज और लगातार बढ़ रहे बिलों की पहचान कर सकेगा।
  • फिलहाल अमेरिका में Pro, Max और Ultra सब्सक्राइबर्स के लिए बीटा टेस्टिंग शुरू हुई है।

अब बैंक अकाउंट से पैसे कहां खर्च हो रहे हैं और महीने के आखिर तक कितनी रकम बचेगी, यह जानने के लिए बार-बार बैंक स्टेटमेंट देखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। AI कंपनी Anthropic ने अपने चैटबॉट Claude में नया Personal Finance फीचर पेश किया है। इसकी मदद से यूजर्स अपने बैंक और क्रेडिट कार्ड अकाउंट को Claude से जोड़कर खर्चों की पूरी जानकारी आसान भाषा में हासिल कर सकेंगे।

advertisement

Claude बताएगा कहां खर्च हो रहे हैं आपके पैसे

इस फीचर की मदद से यूजर्स Claude से पूछ सकेंगे कि उन्होंने महीनेभर में कितने पैसे खर्च किए और सबसे ज्यादा खर्च किस चीज पर हुआ। Claude किराया, खाना-पीना, शॉपिंग और दूसरे खर्चों को अलग-अलग कैटेगरी में बांटकर जानकारी देगा।

Anthropic के एक डेमो में Claude ने कुल 4,309.37 डॉलर के मासिक खर्च का विश्लेषण किया। इसमें 1,024.51 डॉलर खाने-पीने पर खर्च हुए थे। यूजर्स पिछले महीनों के मुकाबले अपने मौजूदा खर्चों की तुलना भी कर सकेंगे।

डबल पेमेंट और बढ़ते बिलों का भी चलेगा पता

Claude का नया फीचर सिर्फ खर्चों का हिसाब नहीं रखेगा, बल्कि किसी पेमेंट के दो बार कटने, अचानक लगने वाली फीस और धीरे-धीरे बढ़ रहे बिलों की जानकारी भी देगा।

अगर कोई पुराना सब्सक्रिप्शन चालू है या किसी सर्विस का बिल लगातार बढ़ रहा है, तो Claude उसे पहचानने में मदद कर सकता है। इसके अलावा अगली सैलरी आने से पहले कौन-कौन से बिल भरने हैं और उनके भुगतान के बाद कितने पैसे बचेंगे, इसका अनुमान भी मिल सकेगा।

यूजर्स साप्ताहिक खर्चों के चार्ट, पेमेंट कैलेंडर और अपनी जरूरत के हिसाब से डैशबोर्ड भी बनवा सकेंगे। Claude APR जैसे वित्तीय शब्दों का मतलब समझाने और चुकाए गए ब्याज की गणना करने में भी मदद करेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

बैंक अकाउंट जोड़ना कितना सुरक्षित?

बैंक अकाउंट को Claude से जोड़ने के लिए Plaid नाम की सर्विस का इस्तेमाल किया जाएगा। Anthropic के मुताबिक, Claude यूजर्स के बैंक पासवर्ड नहीं देख सकेगा।

इस फीचर को केवल Read Only Access मिलेगा। यानी Claude बैंक अकाउंट से पैसे ट्रांसफर नहीं कर सकेगा और न ही कोई निवेश कर पाएगा।

हालांकि, यह अकाउंट की जानकारी, बैलेंस, क्रेडिट लिमिट और पिछले दो साल तक की ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देख सकेगा। कंपनी का कहना है कि Personal Finance हब की बातचीत का इस्तेमाल AI मॉडल को ट्रेन करने के लिए नहीं किया जाएगा। यूजर्स जब चाहें अपने अकाउंट को डिस्कनेक्ट कर सकेंगे।

किन यूजर्स को मिलेगा नया फीचर?

फिलहाल Claude का Personal Finance फीचर अमेरिका में Pro, Max और Ultra सब्सक्राइबर्स के लिए बीटा वर्जन में उपलब्ध कराया जा रहा है।

Anthropic ने यह भी साफ किया है कि Claude से वित्तीय आंकड़ों के विश्लेषण में गलतियां हो सकती हैं। इसलिए जरूरी जानकारी बैंक से वेरिफाई करना बेहतर होगा।

advertisement