scorecardresearch

अब सिर्फ सवालों के जवाब नहीं देगा ChatGPT! Chrome पर खुद करेगा कई ऑनलाइन काम

Google Gemini को टक्कर देने के लिए OpenAI ने ChatGPT में नए फीचर्स जोड़े हैं। अब क्रोम ब्राउजर पर कई ऑनलाइन काम पहले से आसान हो सकते हैं। खास बात यह है कि चैटजीपीटी अब सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रहेगा। जानिए नए फीचर्स क्या हैं और इन्हें कैसे इस्तेमाल करें।

Advertisement

In Short

  • Google Gemini को टक्कर देने के लिए चैटजीपीटी में नए AI फीचर्स जोड़े गए हैं।
  • चैटजीपीटी अब क्रोम के खुले टैब से जानकारी लेकर अलग-अलग वेबसाइटों की तुलना कर सकेगा।
  • Work Mode की मदद से ऑनलाइन फॉर्म भरने, मैसेज भेजने और फाइल डाउनलोड करने जैसे काम हो सकेंगे।

गूगल क्रोम पर अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से रोजमर्रा के कई काम करना आसान होने वाला है। गूगल पहले ही अपने जेमिनी  AI को क्रोम ब्राउजर से जोड़ चुका है। अब ओपनएआई ने भी चैटजीपीटी में नए फीचर्स जोड़े हैं। इनकी मदद से यूजर्स अलग-अलग वेबसाइटों की जानकारी की तुलना करने के साथ ऑनलाइन कई काम भी कर सकेंगे।

advertisement

नए अपडेट के बाद चैटजीपीटी क्रोम में खुले टैब की जानकारी इस्तेमाल कर सकता है। इसके अलावा वर्क मोड के जरिए कुछ ऑनलाइन काम खुद भी पूरे कर सकता है।

ChatGPT में क्या नए फीचर्स मिले हैं?

ओपनएआई के मुताबिक, अब यूजर्स चैटजीपीटी से क्रोम में खुले अलग-अलग टैब की जानकारी इकट्ठा करने के लिए कह सकते हैं। इससे हर वेबसाइट की जानकारी अलग से कॉपी करके चैटजीपीटी में डालने की जरूरत नहीं होगी।

मान लीजिए आप फर्नीचर खरीदने के लिए तीन अलग-अलग वेबसाइट देख रहे हैं। ऐसे में चैटजीपीटी उन प्रोडक्ट्स के साइज, मटीरियल, डिलीवरी टाइम और रिटर्न पॉलिसी की तुलना कर सकता है।

इसके अलावा यूजर्स किसी आर्टिकल को आसान भाषा में समझने या अलग-अलग वेबसाइटों पर मौजूद कीमतों की तुलना करने के लिए भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।

Work Mode से खुद पूरे होंगे ऑनलाइन काम

चैटजीपीटी के वर्क मोड को भी पहले से ज्यादा उपयोगी बनाया गया है। यह क्रोम टैब को कंट्रोल करके मैसेज भेजने, ऑनलाइन फॉर्म भरने और फाइल डाउनलोड करने जैसे काम कर सकता है।

इतना ही नहीं, यह ब्राउजर में खुले टैब को व्यवस्थित करने और अलग-अलग ग्रुप में रखने में भी मदद कर सकता है। इससे एक साथ कई वेबसाइटों पर काम करने वाले यूजर्स को सुविधा मिलेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

Google Gemini से कैसे होगा मुकाबला?

गूगल ने मार्च 2026 में भारत, न्यूजीलैंड और कनाडा में जेमिनी इन क्रोम का विस्तार किया था। इसकी मदद से यूजर्स वेबपेज का सारांश पढ़ सकते हैं और कई टैब की जानकारी की तुलना कर सकते हैं।

जेमिनी को जीमेल, गूगल मैप्स, कैलेंडर और यूट्यूब जैसी सेवाओं से भी जोड़ा गया है।

गूगल का ऑटो ब्राउज फीचर शॉपिंग कार्ट भरने और रिजर्वेशन करने जैसे काम कर सकता है। हालांकि, भारत और अमेरिका में यह फीचर अंग्रेजी भाषा में गूगल AI प्रो और अल्ट्रा सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है।

Chrome पर ChatGPT के नए फीचर्स कैसे इस्तेमाल करें?

इन फीचर्स का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को गूगल क्रोम वेब स्टोर से चैटजीपीटी का आधिकारिक एक्सटेंशन इंस्टॉल करना होगा।

advertisement

ब्राउजर कंट्रोल करने वाले फीचर्स के लिए चैटजीपीटी डेस्कटॉप ऐप भी डाउनलोड करना होगा। इसके बाद वेबसाइट एक्सेस की अनुमति मिलने पर उसे रिव्यू करके मंजूरी देनी होगी।

ओपनएआई के मुताबिक, नया चैटजीपीटी अनुभव सभी प्लान के यूजर्स के लिए उपलब्ध है। क्रोम साइडबार में अब चैट हिस्ट्री के साथ चैट और वर्क मोड का विकल्प भी मिलेगा।