Apple ने भारत में लॉन्च किया HomeView, बिना फोन उठाए होंगे कई काम, जानें कीमत और खास फीचर्स
Apple ने भारत में एक ऐसा नया डिवाइस लॉन्च किया है, जो घर के कई काम आसान बना सकता है। HomeView नाम के इस स्मार्ट डिस्प्ले से बिना फोन उठाए वीडियो कॉलिंग, गाने सुनने और स्मार्ट लाइट कंट्रोल करने जैसे काम किए जा सकते हैं। इसमें AI वाली Siri और चेहरे की पहचान का फीचर भी है। जानिए इसकी कीमत और उपलब्धता।

In Short
- Apple ने भारत में पहला स्मार्ट होम डिस्प्ले HomeView ₹39,900 में लॉन्च किया।
- AI वाली Siri, चेहरे की पहचान और एक साथ 9 कैमरों की लाइव फुटेज देखने की सुविधा।
- 13 अक्टूबर से प्री-ऑर्डर शुरू, 13 नवंबर से बिक्री, चार रंगों में मिलेगा डिवाइस।
टेक कंपनी Apple ने भारत में अपना पहला स्मार्ट होम डिस्प्ले HomeView लॉन्च किया है। इसकी कीमत ₹39,900 रखी गई है। इसमें 7 इंच की स्क्रीन, AI से लैस Siri, वीडियो कॉलिंग और घर के स्मार्ट डिवाइस कंट्रोल करने जैसे कई फीचर्स दिए गए हैं। इसकी प्री-बुकिंग 13 अक्टूबर से शुरू हो गई है, जबकि बिक्री 13 नवंबर से शुरू होगी।
Apple ने HomeView को घर के सभी सदस्यों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। इसकी मदद से लोग बिना फोन उठाए कई काम कर सकते हैं। यह डिवाइस सिल्वर, स्टारलाइट, रोज पिंक और स्पेस ग्रे जैसे चार रंगों में उपलब्ध होगा। कंपनी इसका दीवार पर लगाने वाला मॉडल भी पेश कर रही है।
AI वाली Siri से होंगे कई काम

HomeView में Apple ने पहले से बेहतर Siri AI असिस्टेंट दिया है। इसकी मदद से यूजर्स बोलकर सवाल पूछ सकते हैं, गाने चला सकते हैं और जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं। अगर इसे Apple Intelligence सपोर्ट करने वाले iPhone या iPad से जोड़ा जाए, तो Siri मैसेज और कैलेंडर जैसी ऐप्स की जानकारी के आधार पर भी मदद कर सकती है।
इस डिवाइस में चेहरे की पहचान करने वाला फीचर भी दिया गया है, जो घर के छह लोगों तक को पहचान सकता है। हर सदस्य को उसकी पसंद के हिसाब से अलग होम स्क्रीन दिखाई देगी। हालांकि, निजी जानकारी तभी दिखाई देगी, जब उस व्यक्ति का कनेक्टेड iPhone या iPad पास होगा और हाल ही में अनलॉक किया गया होगा।

HomeView से FaceTime वीडियो कॉल, मैसेज और Apple Music का इस्तेमाल किया जा सकता है। किचन में खाना बनाते समय रेसिपी देखना, टाइमर लगाना और गाने सुनना भी आसान होगा। बेहतर साउंड के लिए इसमें खास स्पीकर सिस्टम दिया गया है।
घर की सुरक्षा पर भी रखेगा नजर
HomeView से घर की स्मार्ट लाइट, दरवाजों के लॉक और पर्दों को कंट्रोल किया जा सकता है। इसमें एक साथ नौ कैमरों की लाइव फुटेज भी देखी जा सकती है। इससे घर में मौजूद पालतू जानवरों या दरवाजे पर आने वाले लोगों पर नजर रखना आसान होगा।
कंपनी के मुताबिक, यह डिवाइस धुएं या कार्बन मोनोऑक्साइड अलार्म की आवाज पहचानकर iPhone, iPad या Apple Watch पर अलर्ट भी भेज सकता है। कुछ अतिरिक्त सुरक्षा फीचर्स के लिए iCloud+ सब्सक्रिप्शन और compatible कैमरों की जरूरत होगी।
भारत में Apple HomeView की कीमत ₹39,900 है। इसे Apple की वेबसाइट और Apple Store ऐप से प्री-ऑर्डर किया जा सकता है। इसकी बिक्री 13 नवंबर से शुरू होगी। दीवार पर लगाने वाले मॉडल के लिए जरूरी माउंट अलग से खरीदना पड़ सकता है।

