ईयरफोन-हेडफोन से आगे निकलेगी boAt! मुनाफा बढ़ते ही कंपनी ने बनाया नया प्लान, AI से लेकर विदेशों तक नजर
boAt ने वित्त वर्ष 2025-26 में मुनाफे के मोर्चे पर अच्छी बढ़त दर्ज की है। कंपनी की कमाई बढ़ने के साथ वित्तीय स्थिति भी मजबूत हुई है। अब कंपनी ईयरफोन और हेडफोन से आगे बढ़कर AI, नए इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स और विदेशी बाजारों में विस्तार की तैयारी कर रही है।

भारत की प्रमुख कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी boAt ने वित्त वर्ष 2025-26 में मुनाफे के मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का मुनाफा बढ़ा है और उसकी वित्तीय स्थिति भी मजबूत हुई है। कंपनी का प्लान अब सिर्फ ईयरफोन, हेडफोन तक सीमित रहना नहीं है, इसके अलावा कंपनी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), नए इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स और विदेशी बाजारों में विस्तार की तैयारी कर रही है।
मुनाफे में 38% की बढ़ोतरी
वित्त वर्ष 2026 में boAt का ऑपरेशनल रेवेन्यू 2,931 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का टैक्स से पहले मुनाफा (PBT) 53% बढ़कर 114.3 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, टैक्स के बाद मुनाफा (PAT) 38% बढ़कर 84.5 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी का रिटर्न ऑन कैपिटल एम्प्लॉयड (ROCE) भी पिछले वित्त वर्ष के 11.5% से बढ़कर 15.2% हो गया। इसका मतलब है कि कंपनी अपनी लगाई गई पूंजी से पहले के मुकाबले बेहतर कमाई कर रही है।
बैलेंस शीट भी मजबूत
कंपनी की बैलेंस शीट भी मजबूत बनी हुई है। कंपनी पर बैंक का कोई कर्ज नहीं है और उसके पास करीब 397 करोड़ रुपये की नकदी है। वित्त वर्ष 2026 में उसकी वित्तीय लागत करीब 72% घटी, जबकि इन्वेंटरी में लगभग 10% की कमी आई।
कंपनी के वियरेबल्स कारोबार में भी बड़ा बदलाव दिखा। वित्त वर्ष 2025 में इस सेगमेंट को करीब 54 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था, लेकिन वित्त वर्ष 2026 में इसने लगभग 7 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। चार्जिंग सॉल्यूशंस, केबल और गेमिंग जैसे प्रोडक्ट्स वाले सेगमेंट का मुनाफा भी 14 करोड़ से बढ़कर 46 करोड़ रुपये हो गया।
AI और नए प्रोडक्ट्स पर बड़ा दांव
boAt अब अपने ऑडियो प्रोडक्ट्स में AI तकनीक जोड़ने पर काम कर रही है। कंपनी ने Google Gemini के साथ मिलकर CREST AI विकसित किया है। इसका मकसद ग्राहकों के रोजमर्रा के ऑडियो अनुभव को बेहतर बनाना है। इसके अलावा कंपनी पर्सनल ग्रूमिंग, प्रोजेक्टर और चार्जिंग सॉल्यूशंस जैसे प्रोडक्ट्स में भी कारोबार बढ़ा रही है।
विदेशी बाजारों में विस्तार की तैयारी
boAt की अगली प्राथमिकता अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाना है। कंपनी 'मेड इन इंडिया' प्रोडक्ट्स के जरिए वैश्विक पहचान मजबूत करना चाहती है। 'boAt 2.0' रणनीति के तहत कंपनी का फोकस मुनाफा बढ़ाने, नए प्रोडक्ट्स लाने और विदेशी बाजारों में कारोबार फैलाने पर रहेगा।

