scorecardresearch

Hyundai और Kia का भारत के लिए मेगा प्लान, 2032 तक ₹1.37 लाख करोड़ का निवेश, क्या होगा फायदा?

भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए बड़ी खबर है। Hyundai और Kia की पैरेंट कंपनी Hyundai Motor Group ने देश में करीब 1.37 लाख करोड़ रुपये निवेश करने का ऐलान किया है। अगले सात साल में होने वाले इस निवेश से कारों का उत्पादन बढ़ेगा, इलेक्ट्रिक वाहनों की नई तकनीक विकसित होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। जानिए कंपनी का पूरा प्लान।

Advertisement
Hyundai Motor Group भारत में निवेश के लिए एक अलग इकाई स्थापित करेगी।
Hyundai Motor Group भारत में निवेश के लिए एक अलग इकाई स्थापित करेगी।

In Short

  • Hyundai और Kia की पैरेंट कंपनी 2032 तक भारत में करीब 1.37 लाख करोड़ रुपये निवेश करेगी।
  • कारों का उत्पादन बढ़ाने, EV तकनीक और रिसर्च पर खर्च होगी बड़ी रकम।
  • नए निवेश से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, भारत को ग्लोबल एक्सपोर्ट हब बनाने की तैयारी।

दक्षिण कोरिया की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी Hyundai Motor Group ने भारत में बड़े निवेश का ऐलान किया है। Hyundai और Kia की पैरेंट कंपनी अगले सात साल में भारत में 15.5 अरब डॉलर यानी करीब 1.37 लाख करोड़ रुपये निवेश करेगी। यह निवेश 2026 से 2032 के बीच किया जाएगा। कंपनी का मकसद भारत में कारों का उत्पादन बढ़ाना, नई तकनीक विकसित करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।

advertisement

कंपनी ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और Hyundai Motor Group के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन यूइसुन चुंग (Euisun Chung) की मुलाकात के बाद इस निवेश की घोषणा की। कंपनी भारत को अपने वैश्विक कारोबार के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार और भविष्य की ग्रोथ का बड़ा केंद्र बनाना चाहती है।

इस निवेश के तहत Hyundai और Kia के कारखानों में उत्पादन क्षमता बढ़ाई जाएगी। फिलहाल भारत में Hyundai के चेन्नई और पुणे में प्लांट हैं, जबकि Kia का प्लांट आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में है। इन तीनों प्लांट की कुल सालाना उत्पादन क्षमता 14 लाख से ज्यादा गाड़ियों की है। कंपनी भारत से दूसरे देशों में कारों का निर्यात भी बढ़ाना चाहती है।

रिसर्च और नई तकनीक पर भी बड़ा निवेश

Hyundai Motor Group भारत में अपने रिसर्च एंड डेवलपमेंट यानी R&D सेंटर पर करीब 70 करोड़ डॉलर खर्च करेगी। इसमें गाड़ियों की टेस्टिंग के लिए नया ट्रैक तैयार करना भी शामिल है। कंपनी इलेक्ट्रिक वाहनों और भविष्य की ऑटोमोबाइल तकनीकों पर भी काम करेगी।

इसके अलावा कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों के चार्जिंग स्टेशन, ऑटोमोबाइल फाइनेंसिंग और पुरानी गाड़ियों की रीसाइक्लिंग जैसे कारोबार में संभावनाएं तलाशेगी। स्थानीय कंपनियों से गाड़ियों के पार्ट्स की खरीद बढ़ाने और नए स्टार्टअप को सहयोग देने की भी योजना है।

भारत में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

Hyundai Motor Group के चेयरमैन यूइसुन चुंग ने कहा कि भारत पिछले 30 साल से कंपनी के लिए महत्वपूर्ण बाजार रहा है और यह निवेश अगले 30 साल और उससे आगे के लिए उसकी प्रतिबद्धता दिखाता है।

फिलहाल Hyundai Motor Group भारत में 24,000 से ज्यादा लोगों को रोजगार देता है। नए निवेश से मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग, रिसर्च और सप्लाई चेन में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

कंपनी इस निवेश की निगरानी और उसे लागू करने के लिए भारत में एक अलग इकाई भी बनाएगी। हालांकि, Hyundai और Kia के बीच निवेश की रकम का बंटवारा कितना होगा, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है।