AI पर अंधाधुंध खर्च! बढ़ते बिल ने उड़ाई कंपनियों की नींद - एक महीने में फूंके 4,770 करोड़ रुपये
ओपन एआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने मजाकिया अंदाज में कहा, अब तो यह एक मीम बन चुका है कि कंपनियों के अधिकारी मेरे पास आते हैं और कहते हैं कि सर हमारे कर्मचारियों ने साल 2026 का पूरा एआई बजट साल की पहली तिमाही (Q1) में ही उड़ा दिया, क्या आप इसे थोड़ा सस्ता या आसान बना सकते हैं?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल दुनिया भर की कंपनियों में तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन अब यही बढ़ता इस्तेमाल कंपनियों की जेब पर भी भारी पड़ने लगा है। हाल ही में एक बिजनेस इवेंट के दौरान ओपन एआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने बताया कि अभी कुछ महीने पहले तक कंपनियां एआई पर दिल खोलकर पैसा खर्च कर रही थीं और किसी को बजट की कोई चिंता नहीं थी। लेकिन अचानक अब कंपनियों के सुर बदल गए हैं।
ऑल्टमैन ने मजाकिया अंदाज में कहा, अब तो यह एक मीम बन चुका है कि कंपनियों के अधिकारी मेरे पास आते हैं और कहते हैं कि सर हमारे कर्मचारियों ने साल 2026 का पूरा एआई बजट साल की पहली तिमाही (Q1) में ही उड़ा दिया, क्या आप इसे थोड़ा सस्ता या आसान बना सकते हैं?
क्या है 'एआई टोकन' जिसके बढ़ते खर्च से कंपनियां परेशान?
एआई के ज्यादा इस्तेमाल से कंपनियों का एआई बजट लिमिट से ज्यादा बढ़ रहा है। इसके पीछे वजह है 'टोकन' का अंधाधुंध इस्तेमाल होना। आसान शब्दों में कहें तो एआई टूल पर आप जितना ज्यादा काम करते हैं, उतने ही ज्यादा टोकन खर्च होते हैं। कंपनियों को एक तय लिमिट मिलती है लेकिन जब कर्मचारी उससे ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, तो भारी-भरकम एआई बिल आता है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Instagram Hack Alert: मेटा एआई की मदद से Obama White House समेत कई बड़े अकाउंट हैक - ऐसे रहें सुरक्षित
इस बढ़ते खर्च की वजह से अब उबर, अमेजन और वॉलमार्ट जैसी दिग्गज कंपनियों ने अपने कर्मचारियों के लिए एआई के इस्तेमाल की एक लिमिट तय कर दी है ताकि कर्मचारी उसी दायरे में ही एआई का यूज करें।
एक महीने में Claude AI पर खर्च किए $500 मिलियन
बिजनेस टूडे की रिपोर्ट के मुताबिक उबर का इस साल का पूरा एआई बजट शुरुआती कुछ महीनों में ही खत्म कर चुकी है। वहीं एक दूसरी कंपनी ने सिर्फ एक महीने में क्लॉड एआई (Claude AI) के इस्तेमाल पर करीब 500 मिलियन डॉलर लगभग 4,770 करोड़ रुपये खर्च कर डाले।
ऑल्टमैन ने बताया कि एआई का इस्तेमाल किस तेजी से बढ़ा है। साढ़े छह साल पहले ओपनएआई में जो कर्मचारी सबसे ज्यादा एआई इस्तेमाल करता था, वो महीने में 1 लाख टोकन खर्च करता था। आज दुनिया में हर आम इंसान औसतन इतने टोकन का इस्तेमाल कर रहा है। आज की तारीख में कंपनी का सबसे बड़ा यूजर महीने में 100 अरब (100 Billion) टोकन खर्च कर रहा है।
कंपनियां एआई में कर रही कटौती
बिजनेस टूडे की रिपोर्ट के मुताबिक बढ़ते खर्चों को देखते हुए मेटा और अमेजन जैसी कंपनियों ने अपने यहां एआई इस्तेमाल को ट्रैक करने वाले लीडरबोर्ड बंद कर दिए हैं।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: UPI ने बनाया महा-रिकॉर्ड! मई 2026 में हुई 23.2 अरब ट्रांजैक्शन; रोजाना ₹84,000 करोड़ से ज्यादा की पेमेंट
कंपनियों की यह बजट कटौती ओपनएआई के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है, क्योंकि कंपनी जल्द ही अपना आईपीओ (IPO) लाने की तैयारी में है, जबकि उसकी विरोधी कंपनी 'एंथ्रोपिक' पहले ही ट्रिलियन-डॉलर की वैल्यूएशन पर आईपीओ लाने की तैयारी में है। हालांकि ऑल्टमैन का कहना है कि वे एआई को और किफायती बनाने पर काम कर रहे हैं।

