एशियाई बाजारों में हाहाकार के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में बंपर तेजी! आखिर क्यों दौड़ रहा भारतीय बाजार?
एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली के बावजूद बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 1,384 अंक उछला, जबकि निफ्टी में भी शानदार बढ़त दर्ज की गई।

एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली के बावजूद बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत शानदार तेजी के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1,384 अंक उछलकर 83,820 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 381 अंकों की बढ़त के साथ 25,731 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच घरेलू बाजार में खरीदारी देखने को मिली। दूसरी ओर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में भारी बिकवाली ने एशियाई बाजारों में निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
AI शेयरों में फिर मचा हाहाकार
एशियाई बाजारों में AI से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बुधवार को भारी गिरावट देखने को मिली। सॉफ्टबैंक के शेयर 10 फीसदी टूट गए। वहीं, SK Hynix में 9.90 फीसदी और सैमसंग में 9.56 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। जापान की चिप उपकरण बनाने वाली कंपनियों एडवांटेस्ट और टोक्यो इलेक्ट्रॉन के शेयर भी 10 फीसदी से ज्यादा टूट गए।
एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली
जापान का निक्केई करीब 3 फीसदी यानी 1,793 अंक टूटकर 56,851 के स्तर पर पहुंच गया। ताइवान का वेटेड इंडेक्स 2,272 अंक गिरकर 37,850 पर आ गया। वहीं, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5.69 फीसदी की गिरावट के साथ 4,721 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
भारतीय IT शेयरों में जोरदार तेजी
ग्लोबल बाजारों में टेक्नोलॉजी शेयरों की पिटाई के बीच भारतीय IT कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। TCS, टेक महिंद्रा, HCL टेक्नोलॉजीज और इंफोसिस के शेयरों में 4 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई। वहीं, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन और सन फार्मा के शेयरों में 1.35 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिली।
88 डॉलर के नीचे आया कच्चा तेल
बुधवार को ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.26 फीसदी गिरकर 88 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गई। हालांकि, बाजार में तेजी के बावजूद उतार-चढ़ाव का संकेत देने वाला इंडिया VIX 4.29 फीसदी बढ़कर 16.98 पर पहुंच गया।


