scorecardresearch

ग्लोबल राहत के बाद सोमवार को बाजार में धमाकेदार शुरुआत के संकेत! जानें ट्रिगर

एनएसई इंटरनेशनल एक्सचेंज पर निफ्टी फ्यूचर्स 320 अंक यानी 1.25 फीसदी उछलकर 25,886 पर पहुंच गए। यह साफ इशारा है कि बाजार गैप-अप ओपनिंग की तरफ बढ़ रहा है।

Advertisement
AI Generated Image

Sensex, Nifty prediction for tomorrow: घरेलू शेयर बाजार सोमवार 23 फरवरी को मजबूती के साथ खुल सकते हैं। वॉल स्ट्रीट की तेजी और ग्लोबल ट्रेड पॉलिसी में बड़े बदलाव के बाद संकेत साफ हैं कि सेंसेक्स और निफ्टी ऊंचे स्तर पर शुरुआत करेंगे।

एनएसई इंटरनेशनल एक्सचेंज पर निफ्टी फ्यूचर्स 320 अंक यानी 1.25 फीसदी उछलकर 25,886 पर पहुंच गए। यह साफ इशारा है कि बाजार गैप-अप ओपनिंग की तरफ बढ़ रहा है।

advertisement

सम्बंधित ख़बरें

पिछले हफ्ते भी बाजार ने मजबूती दिखाई। बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 316.57 अंक चढ़कर 82,814.71 पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 50 ने 116.90 अंक की बढ़त के साथ 25,571.25 का स्तर छुआ।

ट्रंप टैरिफ पर यू-टर्न, भारत को राहत

शुक्रवार को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘लिबरेशन डे’ टैरिफ को खारिज कर दिया। इसके बाद ट्रंप ने ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 122 के तहत 10 फीसदी का अस्थायी टैरिफ लागू किया, जो 24 फरवरी से 150 दिनों तक प्रभावी रहेगा। व्हाइट हाउस अधिकारियों ने साफ किया कि भारत पर टैरिफ बोझ 18 फीसदी से घटकर 10 फीसदी रह जाएगा।

ब्रोकरेज एलारा कैपिटल ने कहा कि भारत पर प्रभावी टैरिफ दर अब 9.1% है, जो पहले 13.7% थी और CY25 में 32.7% के पीक से काफी कम है। एलारा के मुताबिक यह दर वियतनाम (9.3%) और बांग्लादेश (10%) के बराबर या उससे कम है। ब्रोकरेज का मानना है कि एशियाई बाजारों को इससे अतिरिक्त सपोर्ट मिलेगा।

वॉल स्ट्रीट में जोश

अमेरिका में भी निवेशकों ने राहत की सांस ली। एसएंडपी 500 में 0.69%, डॉव जोन्स में 0.47% और नैस्डैक में 0.90% की बढ़त दर्ज हुई। यही सकारात्मकता अब भारतीय बाजारों तक पहुंच रही है।

सेक्टर और रणनीति

एनरिच मनी के सीईओ पोनमुदी आर का कहना है कि टेक्सटाइल, फार्मा और जेम्स जैसे सेक्टरों में शॉर्ट टर्म अनिश्चितता रह सकती है, लेकिन यह फैसला पहले के प्रस्तावों से कम सख्त है। साही के रिसर्च हेड गौरव अरोड़ा ने कहा कि नियम आधारित टैरिफ व्यवस्था से पॉलिसी अनिश्चितता घटती है, जिसे बाजार पॉजिटिव रूप से लेता है।

रिलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा ने आईटी शेयरों में एआई से जुड़ी चिंताओं के कारण दबाव की बात कही। उन्होंने सलाह दी कि निवेशक स्टॉप-लॉस का पालन करें और बड़ी कंपनियों वाले वित्तीय, ऊर्जा, ऑटो और चुनिंदा मेटल शेयरों पर ध्यान दें।

किन लेवल पर नजर?

पोनमुदी के मुताबिक निफ्टी के लिए 25,500 - 25,600 सपोर्ट और 25,700 - 25,900 रेजिस्टेंस है। मिश्रा ने 25,400 को अहम सपोर्ट बताया। इसके नीचे गिरावट 25,100 तक जा सकती है।

सेंसेक्स के लिए 82,000 - 81,800 सपोर्ट और 83,500 - 84,000 रेजिस्टेंस जोन अहम रहेगा। बैंक निफ्टी 60,500 के ऊपर टिके रहने पर 61,500–62,000 की ओर बढ़ सकता है।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।