BYD की लग्जरी कार कंपनी Denza की भारत में एंट्री! 13 नवंबर को उठेगा पर्दा, ₹1.5 करोड़ तक हो सकती है कीमत
भारतीय लग्जरी इलेक्ट्रिक कार बाजार में जल्द एक नए ब्रांड की एंट्री होने वाली है। BYD का प्रीमियम ब्रांड Denza 13 नवंबर को भारत में डेब्यू करेगा। इसके साथ दो ऐसी कारों के आने की चर्चा है, जिनमें लग्जरी के साथ जबरदस्त परफॉर्मेंस भी मिलती है। एक में मसाज सीटें हैं, तो दूसरी की रफ्तार चौंका सकती है। जानिए संभावित कीमत और फीचर्स।

In Short
- BYD का लग्जरी इलेक्ट्रिक कार ब्रांड Denza 13 नवंबर 2026 को भारत में डेब्यू करेगा।
- Denza D9 में मसाज सीटें और ग्लोबल मॉडल में 520KM तक की क्लेम्ड रेंज मिलती है।
- Denza Z9 GT का ग्लोबल मॉडल 2.7 सेकंड में 100 kmph की रफ्तार पकड़ने का दावा करता है।
Denza India Launch: चीन की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी BYD अब भारतीय लग्जरी कार बाजार में बड़ा कदम उठाने जा रही है। कंपनी का प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार ब्रांड Denza 13 नवंबर 2026 को भारत में डेब्यू करेगा। इसके तहत लग्जरी MPV Denza D9 और दमदार इलेक्ट्रिक कार Z9 GT को पेश किए जाने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनी ने अभी भारतीय बाजार के लिए मॉडल लाइनअप और कीमतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
भारत में इलेक्ट्रिक कारों का बाजार लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच BYD अपने लग्जरी ब्रांड Denza को भारत लाने की तैयारी कर रही है। BYD पहले से ही भारतीय बाजार में Atto 3, Seal और Sealion 7 जैसी इलेक्ट्रिक कारें बेचती है।
Denza के आने से कंपनी का मुकाबला लग्जरी इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में भी बढ़ सकता है।
Denza D9: लग्जरी MPV में क्या होगा खास?
Denza D9 एक बड़ी तीन-रो वाली लग्जरी MPV है। इसे खासतौर पर ऐसे ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो ड्राइवर के साथ आरामदायक सफर करना पसंद करते हैं।
इसके ग्लोबल मॉडल की लंबाई 5,250mm और व्हीलबेस 3,110mm है। कार में सात लोगों के बैठने की सुविधा मिलती है। दूसरी पंक्ति में कैप्टन सीटें दी गई हैं, जिनमें इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट, वेंटिलेशन, हीटिंग और मसाज जैसे फीचर्स मिलते हैं।
भारतीय बाजार में इसका मुकाबला MG M9 और Toyota Vellfire जैसी लग्जरी MPV से हो सकता है।
520 किलोमीटर तक की रेंज का दावा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में Denza D9 इलेक्ट्रिक कार फ्रंट-व्हील ड्राइव और ऑल-व्हील ड्राइव विकल्पों में उपलब्ध है। इसका FWD मॉडल 313 hp की पावर और 360 Nm का टॉर्क देता है। वहीं, AWD मॉडल में 374 hp की पावर और 470 Nm का टॉर्क मिलता है।
इसमें 103.36 kWh की Blade बैटरी दी गई है। कंपनी के ग्लोबल स्पेसिफिकेशन के मुताबिक, FWD वेरिएंट एक बार चार्ज करने पर WLTP टेस्ट साइकिल के तहत 520 किलोमीटर तक की रेंज दे सकता है।
भारत में Denza D9 की संभावित एक्स-शोरूम कीमत ₹85 लाख से ₹90 लाख के बीच हो सकती है। हालांकि, भारतीय मॉडल के फीचर्स और पावरट्रेन की पुष्टि अभी बाकी है।
Denza Z9 GT: सिर्फ 2.7 सेकंड में 100 की रफ्तार!
Denza की दूसरी संभावित पेशकश Z9 GT हो सकती है। यह चार दरवाजों वाली परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक कार है, जिसका डिजाइन पारंपरिक सेडान से अलग है।
इसके ग्लोबल ट्राई-मोटर वेरिएंट में 1,156 hp तक की पावर मिलती है। कंपनी के दावे के मुताबिक, यह कार महज 2.7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।
इसमें रियर-व्हील स्टीयरिंग जैसी तकनीक भी मिलती है, जिसकी मदद से कार क्रैब-वॉक जैसी खास मूवमेंट कर सकती है। भारत में इसकी संभावित कीमत ₹1.2 करोड़ से ₹1.5 करोड़ के बीच बताई जा रही है।
भारत में कैसे बिकेंगी Denza की कारें?
Denza को भारत में BYD की मौजूदा कारों से ऊपर लग्जरी ब्रांड के तौर पर पेश किए जाने की उम्मीद है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इसके लिए अलग रिटेल एक्सपीरियंस भी तैयार कर सकती है। शुरुआत में D9 और Z9 GT जैसी कारों को पूरी तरह तैयार यूनिट यानी CBU के रूप में आयात किया जा सकता है।
कुल मिलाकर, Denza की भारत में एंट्री से प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार बाजार में नए विकल्प जुड़ सकते हैं। हालांकि, 13 नवंबर को होने वाले डेब्यू के दौरान ही स्पष्ट होगा कि कंपनी कौन से मॉडल पेश करेगी और भारतीय ग्राहकों के लिए उनकी कीमत और फीचर्स क्या होंगे।

