scorecardresearch

लगातार तीसरे दिन अपर सर्किट! अब कंपनी ने दिया ये अपडेट, 1 साल में 161% दौड़ा स्टॉक

एग्रीकल्चर सेक्टर की कंपनी एससी एग्रोटेक के शेयर में लगातार तीसरे दिन 5 फीसदी का अपर सर्किट लगा है। पिछले एक साल में शेयर ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है।

Advertisement

एग्रीकल्चर सेक्टर की कंपनी, एससी एग्रोटेक लिमिटेड (SC Agrotech Ltd) के शेयर में एक बार फिर से 5 प्रतिशत का अपर सर्किट लगा है। यह लगातार तीसरा दिन है जब शेयर में यह तेजी देखने को मिल रही है। इससे पहले सोमवार और मंगलवार को भी शेयर में अपर सर्किट लगा था।

advertisement

बीएसई पर लिस्ट यह शेयर फिलहाल पांच प्रतिशत के अपर सर्किट के साथ 44 रुपये पर स्थिर है। BSE Analytics के मुताबिक कंपनी का शेयर पिछले 1 हफ्ते में 25 प्रतिशत और पिछले 1 साल में 161 प्रतिशत चढ़ा है। 

क्यों आई शेयर में तेजी? 

दरअसल कंपनी ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़ी जानकारी देते हुए बताया कि उसका डिजिटल कृषि मार्केटप्लेस AgriBridge आज से agribridge.app पर लाइव हो गया है। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य किसानों, कृषि सामग्री के आपूर्तिकर्ताओं और संस्थागत खरीदारों को एक ही डिजिटल मंच पर जोड़ना है।

कंपनी ने बताया कि इसके जरिए किसान अपनी फसलों की ऑनलाइन लिस्टिंग कर सकेंगे, खरीदारों की जानकारी हासिल कर सकेंगे, कीमतों के लिए कोटेशन प्राप्त कर सकेंगे और लेनदेन से जुड़ी प्रक्रियाओं का प्रबंधन कर सकेंगे। इस मॉडल से कंपनी को कृषि लेनदेन और उससे जुड़ी सेवाओं के जरिए नियमित कमाई का अवसर मिल सकता है।

कंपनी का मानना है कि अगर वह इस प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में सक्रिय किसानों और संस्थागत खरीदारों को जोड़ने में सफल रहती है, तो AgriBridge भविष्य में उसके कारोबार के लिए एक नया ग्रोथ वर्टिकल बन सकता है। हालांकि, इस प्लेटफॉर्म की व्यावसायिक सफलता अभी साबित होनी बाकी है। इसके लिए वास्तविक लेनदेन, उनसे मिलने वाली फीस और कंपनी के वित्तीय नतीजों में होने वाली कमाई पर नजर रखनी होगी।

सितंबर तिमाही में मजबूत रहे थे नतीजे

हाल ही में कंपनी ने बताया था कि सितंबर तिमाही में उसका स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट बढ़कर ₹10.21 करोड़ हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹21.21 लाख था। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी बढ़कर ₹45.26 करोड़ पहुंच गया, जबकि Q2 FY26 में यह ₹5.02 करोड़ था। कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) बढ़कर ₹13.67 करोड़ हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹28.31 लाख था।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।