scorecardresearch

Paytm के लिए खुला नया रास्ता! आरबीआई से मिली वॉलेट लाइसेंस की शुरुआती मंजूरी- शेयर में तेजी

Paytm के लिए RBI की तरफ से बड़ी खबर आई है। कंपनी की सब्सिडियरी पेटीएम पेमेंट्स सर्विसेज लिमिटेड को डिजिटल वॉलेट सेवाओं के लिए शुरुआती मंजूरी मिल गई है। इससे कंपनी के लिए नई पेमेंट सर्विस शुरू करने का रास्ता खुला है।

Advertisement
AI Generated Image

पेटीएम (Paytm) की पैरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड (One 97 Communications Limited) ने शुक्रवार को अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़ी जानकारी दी है। 

कंपनी ने बताया कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी पेटीएम पेमेंट्स सर्विसेज लिमिटेड (PPSL) को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से भारत में प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स (PPI) जारी करने और उनका संचालन करने के लिए शुरुआती मंजूरी (In-Principle Authorisation) मिली है।

advertisement

इस मंजूरी के बाद कंपनी के लिए डिजिटल वॉलेट जैसी सर्विस शुरू करने का रास्ता खुल गया है। हालांकि, अभी यह अंतिम मंजूरी नहीं है। कंपनी को RBI के 27 अगस्त 2021 के प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स से जुड़े मास्टर डायरेक्शंस और समय-समय पर इनमें होने वाले बदलावों का पालन करना होगा। अंतिम मंजूरी यानी सर्टिफिकेट ऑफ ऑथराइजेशन मिलने के बाद ही PPSL अपने ग्राहकों को डिजिटल वॉलेट जैसी प्रीपेड पेमेंट सेवाएं दे सकेगी।

कंपनी ने इससे पहले वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1 FY27) के नतीजों में बताया था कि PPSL ने वॉलेट लाइसेंस के लिए आवेदन किया है। अब RBI से शुरुआती मंजूरी मिलने के बाद कंपनी इस प्रक्रिया में एक कदम आगे बढ़ गई है। 

स्टॉक में तेजी

इस अपडेट के बाद पेटीएम के शेयर में तेजी देखने को मिल रही है। दोपहर 2:56 बजे तक स्टॉक बीएसई पर 0.84% या 16.15 रुपये चढ़कर 1939.20 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर शेयर 0.82% या 15.70 रुपये की तेजी के साथ 1,940.70 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

बीएसई पर आज यह शेयर 1,922 रुपये पर ट्रेडिंग के लिए खुला था और अभी तक इसने अपना इंट्राडे हाई 1,958.80 रुपये को टच कर लिया है। 

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।