scorecardresearch

Microsoft ठप होने से दुनियाभर में हड़कंप! Air India और IndiGo की सर्विस पर पड़ा असर

Microsoft की सर्विस में आई तकनीकी खराबी ने दुनियाभर में कंपनियों और कारोबार का कामकाज प्रभावित किया है। भारत में भी इसका असर एविएशन और फाइनेंशियल सेक्टर तक पहुंचा। Air India और IndiGo ने यात्रियों के लिए अलग-अलग अपडेट जारी किए हैं। आखिर इस आउटेज से किन सेवाओं पर कितना असर पड़ा?

Advertisement

In Short

  • Microsoft Outage के चलते IndiGo की ईमेल सपोर्ट सर्विस प्रभावित हुई, यात्रियों को 6E Skai से संपर्क करने की सलाह।
  • Air India ने ईमेल ट्रैफिक के लिए वैकल्पिक रास्ते अपनाए, फ्लाइट्स और कम्युनिकेशन सर्विस सामान्य।
  • Outlook की समस्या को लेकर Downdetector पर करीब 1.40 लाख शिकायतें दर्ज हुईं, 74 देशों से रिपोर्ट सामने आई।

माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस में आई तकनीकी खराबी ने दुनियाभर में कामकाज को प्रभावित किया है। Outlook, Teams और Copilot जैसे टूल्स में दिक्कत आने से कंपनियों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारत में इसका असर एविएशन और फाइनेंशियल सेक्टर पर भी देखने को मिला है। एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए अलग-अलग एडवाइजरी जारी की हैं।

advertisement

IndiGo की ईमेल सर्विस प्रभावित, यात्रियों को दी सलाह

माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का असर IndiGo की कस्टमर सपोर्ट सर्विस पर भी पड़ा है। एयरलाइन ने बताया कि उसकी ईमेल सपोर्ट सर्विस फिलहाल प्रभावित है। ऐसे में यात्रियों की ओर से भेजे गए ईमेल उसे नहीं मिल पा रहे हैं।

एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि अगर उन्हें तुरंत मदद की जरूरत है तो वे IndiGo की वेबसाइट या ऐप के जरिए 6E Skai से संपर्क करें। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि उसके दूसरे कस्टमर सपोर्ट चैनल अभी काम कर रहे हैं।

Image Credit: ITG

Air India ने अपनाया वैकल्पिक रास्ता

दूसरी ओर, Air India ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस में आई इस गड़बड़ी का उसकी फ्लाइट्स और कस्टमर कम्युनिकेशन चैनलों पर कोई असर नहीं पड़ा है।

एयरलाइन ने ईमेल ट्रैफिक को दूसरे वैकल्पिक रास्तों से भेजना शुरू कर दिया है, ताकि ग्राहकों के मैसेज खोने से बचाए जा सकें। कंपनी के मुताबिक, ग्राहकों के ईमेल का जवाब सामान्य 24 घंटे की समयसीमा के भीतर दिया जा रहा है।

फाइनेंशियल सेक्टर में भी कामकाज प्रभावित

इस आउटेज का असर भारत के फाइनेंशियल सेक्टर में भी देखने को मिला है। कई कर्मचारियों को रिसर्च रिपोर्ट एक्सेस करने और क्लाइंट्स के साथ कॉल करने में परेशानी हुई।

BBC के मुताबिक, इक्विटी मार्केट से जुड़े कुछ लोगों ने बताया कि वे सुबह की मीटिंग से पहले रोजाना की रिसर्च रिपोर्ट नहीं देख पा रहे थे। एक भारतीय ब्रोकरेज कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ईमेल के लिए वैकल्पिक व्यवस्था थी, लेकिन Microsoft Teams पर बड़ी कंपनियों के क्लाइंट्स के साथ बातचीत करना मुश्किल हो गया।

विदेशों में भी फाइनेंशियल प्रोफेशनल्स को परेशानी हुई। UBS Group की ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की एग्जीक्यूशन-सेल्स प्रमुख रीटा एल्काजी ने बताया कि Outlook बंद होने के बाद उन्हें फोन कॉल और दूसरे कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म का सहारा लेना पड़ा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

कई देशों की सरकारी एजेंसियां भी प्रभावित

माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का असर सिर्फ कंपनियों तक सीमित नहीं रहा। ऑस्ट्रेलिया की इंटेलिजेंस एजेंसी और फेडरल पुलिस ने भी ईमेल से जुड़ी समस्याओं की पुष्टि की। जापान और सिंगापुर की सरकारी सेवाओं पर भी इसका असर पड़ा। फिलीपींस के सुप्रीम कोर्ट ने भी ईमेल और दूसरे कामों के जवाब में देरी की आशंका जताई।

advertisement

इसके अलावा OpenAI ने भी माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस से जुड़े कनेक्शन में परेशानी की जांच शुरू की। Anthropic ने भी Microsoft 365 से जुड़ी अपनी सेवाओं में समस्याओं की जानकारी दी।

सर्वर पर बढ़ा दबाव, Microsoft कर रहा सुधार की कोशिश

माइक्रोसॉफ्ट ने इस परेशानी के पीछे इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़े दबाव को वजह बताया है। कंपनी के मुताबिक, कुछ सर्वर अचानक उपलब्ध नहीं रहे, जिसके कारण बाकी सर्वर पर अतिरिक्त ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया।

कंपनी प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर को रीस्टार्ट करने और तकनीकी सुधार लागू करने में जुटी है। हालांकि, शुरुआती कोशिशों के बाद भी सेवाएं पूरी तरह स्थिर नहीं हो पाई हैं। अपने ताजा अपडेट में माइक्रोसॉफ्ट ने समस्या को ठीक करने में मामूली सफलता मिलने की बात कही है।

आउटेज की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि Downdetector पर गुरुवार शाम Outlook की समस्या को लेकर करीब 1.40 लाख शिकायतें दर्ज की गईं। कम से कम 74 देशों और क्षेत्रों से भी इस तरह की समस्याओं की रिपोर्ट सामने आई।

advertisement

Mimecast के साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट निकी चू ने कहा कि कंपनियों को किसी एक टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना चाहिए। उनके मुताबिक, ऐसे आउटेज से निपटने के लिए वैकल्पिक प्लेटफॉर्म और इमरजेंसी प्लान होना जरूरी है।