scorecardresearch

Jio IPO: एक ही PAN कार्ड से कर सकते हैं 2 आवेदन! बस पूरी करनी होंगी ये शर्तें

इस आईपीओ में कुछ निवेशक एक ही PAN कार्ड से दो अलग-अलग कैटेगरी में आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, यह सुविधा सभी के लिए नहीं है। इसका फायदा सिर्फ उन निवेशकों को मिलेगा, जो...

Advertisement

रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के निवेशकों के लिए Jio Platforms के ₹30,213 करोड़ के IPO से जुड़ी बड़ी खबर है। इस आईपीओ में कुछ निवेशक एक ही PAN कार्ड से दो अलग-अलग कैटेगरी में आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, यह सुविधा सभी के लिए नहीं है। इसका फायदा सिर्फ उन निवेशकों को मिलेगा, जो शेयरहोल्डर कोटे की शर्तें पूरी करते हैं।

advertisement

जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO 21 अक्टूबर को खुलने के महज 100 मिनट के भीतर पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। पहले दिन दोपहर 1:15 बजे तक इसे 1.65 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। संस्थागत निवेशकों (QIB) का हिस्सा 4.86 गुना भर गया, जबकि शेयरहोल्डर कोटा 89 फीसदी और रिटेल हिस्सा 47 फीसदी सब्सक्राइब हुआ।

एक PAN से दो आवेदन कौन कर सकता है?

जिन निवेशकों के पास 14 अक्टूबर 2026 या उससे पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर थे, वे शेयरहोल्डर कोटे में आवेदन कर सकते हैं। यह सुविधा पात्र व्यक्तिगत निवेशकों और हिंदू अविभाजित परिवारों (HUF) के लिए है।

कंपनी ने RIL शेयरहोल्डर्स के लिए 2,23,41,376 शेयर रिजर्व रखे हैं। पात्र निवेशक एक आवेदन शेयरहोल्डर कोटे में और दूसरा रिटेल या NII कैटेगरी में कर सकते हैं।

ध्यान रहे कि एक ही कैटेगरी में अलग-अलग ब्रोकर अकाउंट से एक PAN पर कई आवेदन करने से एप्लिकेशन रिजेक्ट हो सकती है।

कितने रुपये से शुरू होगा निवेश?

जियो प्लेटफॉर्म्स ने IPO का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 प्रति शेयर रखा है। रिटेल निवेशकों के लिए एक लॉट में 12 शेयर हैं।

ऊपरी प्राइस बैंड पर न्यूनतम निवेश ₹13,428 होगा। रिटेल कैटेगरी में अधिकतम 14 लॉट यानी 168 शेयरों के लिए ₹1,87,992 का आवेदन किया जा सकता है।

एक PAN से दो आवेदन कैसे करें?

निवेशक अपने स्टॉक ब्रोकर के ऐप पर जाकर Jio Platforms IPO चुन सकते हैं। इसके बाद सही कैटेगरी चुनकर शेयरों की संख्या और कीमत दर्ज करनी होगी।

UPI से आवेदन करने वालों को तय समय के भीतर पेमेंट मैंडेट मंजूर करना होगा। दूसरे आवेदन के लिए भी अलग से यही प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

IPO कब बंद होगा और लिस्टिंग कब होगी?

जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO 23 अक्टूबर को बंद होगा। शेयरों का अलॉटमेंट 26 अक्टूबर को होने की संभावना है, जबकि 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में लिस्टिंग प्रस्तावित है।

कंपनी इस IPO से जुटाई रकम में से ₹27,500 करोड़ तक का इस्तेमाल रिलायंस जियो इन्फोकॉम का कर्ज चुकाने में करेगी।

हालांकि, दो कैटेगरी में आवेदन करने से शेयर मिलने की गारंटी नहीं है। निवेशकों को आवेदन से पहले पात्रता और IPO के नियम जरूर जांचने चाहिए।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।