scorecardresearch

कार खरीदने वालों की शोरूम में उमड़ी भीड़! Maruti, Hyundai और Tata की बिक्री में तेजी, फिर 22% गिरावट क्यों?

धनतेरस और दिवाली से पहले कार बाजार में ग्राहकों की हलचल तेज हो गई है। Maruti Suzuki की पेंडिंग बुकिंग 2.7 लाख तक पहुंच गई है, जबकि Hyundai के रजिस्ट्रेशन में 30 फीसदी का उछाल आया है। Tata Motors ने भी नवरात्रि में 50 हजार से ज्यादा गाड़ियां डिलीवर की हैं। लेकिन इन सबके बीच कुल कार बिक्री में 22 फीसदी की गिरावट क्यों दिख रही है?

Advertisement
दिवाली पर कार बाजार में रौनक, Maruti, Hyundai और Tata की धूम
दिवाली पर कार बाजार में रौनक, Maruti, Hyundai और Tata की धूम

In Short

  • Maruti Suzuki की पेंडिंग बुकिंग 2 लाख से बढ़कर 2.7 लाख पहुंची।
  • Hyundai के वाहन रजिस्ट्रेशन में 30% बढ़ोतरी, Tata ने 50,000 से ज्यादा गाड़ियां डिलीवर कीं।
  • FADA के मुताबिक, नवरात्रि में कुल पैसेंजर व्हीकल रिटेल बिक्री 22% घटी।

दिवाली और धनतेरस से पहले देश के ऑटोमोबाइल बाजार में रौनक बढ़ गई है। नई कार खरीदने के लिए ग्राहक बड़ी संख्या में शोरूम पहुंच रहे हैं। Maruti Suzuki, Hyundai और Tata Motors जैसी कंपनियों को त्योहारी सीजन में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कारों की बुकिंग और डिलीवरी में तेजी आई है। कंपनियां भी ग्राहकों की मांग पूरी करने के लिए उत्पादन और डिलीवरी बढ़ाने पर जोर दे रही हैं।

advertisement

Maruti Suzuki की बुकिंग 2.7 लाख तक पहुंची

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki के मुताबिक, गणेश चतुर्थी से दशहरा तक उसकी रिटेल बिक्री पिछले साल के मुकाबले 35 फीसदी बढ़ी।

इस दौरान छोटी कारों की बिक्री करीब 16 फीसदी बढ़ी, जबकि SUV की बिक्री दोगुनी हो गई। कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी के मुताबिक, अक्टूबर की शुरुआत में करीब 2 लाख कारों की बुकिंग पेंडिंग थी। दशहरा के बाद यह संख्या बढ़कर 2.7 लाख हो गई।

कंपनी को उम्मीद है कि दिवाली तक पूरे त्योहारी सीजन में बिक्री की ग्रोथ दोहरे अंकों में रह सकती है।

Hyundai की रजिस्ट्रेशन संख्या में 30% उछाल

Hyundai Motor India को भी त्योहारी सीजन में अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। कंपनी के मुताबिक, श्राद्ध और नवरात्रि के दौरान गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन में सालाना आधार पर 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान करीब 41,000 गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन हुआ।

Hyundai के MD और CEO तरुण गर्ग ने बताया कि शहरों के साथ ग्रामीण बाजारों से भी अच्छी मांग आ रही है। कंपनी को उम्मीद है कि धनतेरस और दिवाली तक यह तेजी जारी रहेगी। Hyundai की आने वाली BAYON को लेकर भी ग्राहकों में दिलचस्पी देखने को मिल रही है।

Tata Motors ने नवरात्रि में बेचीं 50,000 से ज्यादा गाड़ियां

Tata Motors Passenger Vehicles ने नवरात्रि के दौरान 50,000 से ज्यादा गाड़ियों की डिलीवरी की। इनमें से 10,000 से अधिक गाड़ियां अकेले दशहरा के दिन ग्राहकों को सौंपी गईं।

कंपनी के चीफ कमर्शियल ऑफिसर अमित कामत के मुताबिक, शोरूम में ग्राहकों की आवाजाही, पूछताछ और बुकिंग बढ़ी है। मांग को देखते हुए Tata Motors ने उत्पादन बढ़ाया है और गाड़ियों की डिलीवरी तेज करने के लिए लॉजिस्टिक्स व्यवस्था भी मजबूत की है।

फिर कुल कार बिक्री में 22% की गिरावट क्यों?

एक तरफ कंपनियां मजबूत मांग की बात कर रही हैं, वहीं ऑटो डीलर्स के संगठन FADA (Federation of Automobile Dealers Associations) के मुताबिक, इस साल 10 दिनों के नवरात्रि सीजन में पैसेंजर व्हीकल की रिटेल बिक्री 22 फीसदी घटकर 1,82,728 यूनिट रही।

पिछले साल यह आंकड़ा 2,34,004 यूनिट था।

FADA के मुताबिक, पिछले साल नवरात्रि 11 दिनों की थी। साथ ही GST 2.0 लागू होने के कारण उस दौरान गाड़ियों की मांग असामान्य रूप से बढ़ गई थी।

advertisement

यही वजह है कि इस साल तुलना में गिरावट दिख रही है। हालांकि, प्रमुख कंपनियों को उम्मीद है कि धनतेरस और दिवाली के दौरान कारों की मांग मजबूत बनी रहेगी।