₹32 वाले इस शेयर में शानदार तेजी! सितंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा हुआ दोगुना, रेवेन्यू भी 31% बढ़ा
Indiabulls Limited के शेयर में आज 3% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। कंपनी ने सितंबर तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं। सालाना आधार पर कंपनी का मुनाफा 101% बढ़ा है, जबकि रेवेन्यू में भी अच्छी ग्रोथ दर्ज हुई है।

इंडियाबुल्स लिमिटेड (Indiabulls Limited) ने सितंबर 2026 तिमाही में शानदार वित्तीय नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 101% बढ़कर 151.12 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 75.3 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। वहीं, कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 31% बढ़कर 336.4 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी के रियल एस्टेट और फाइनेंशियल सर्विसेज कारोबार में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली है।
मजबूत तिमाही नतीजों के बाद स्टॉक में 3 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिल रही है। दोपहर 2:40 बजे तक स्टॉक एनएसई पर 3.07% या 0.96 रुपये चढ़कर 32.24 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 2.84% या 0.89 रुपये चढ़कर 32.25 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
वित्तीय आंकड़े जारी करते हुए कंपनी ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसका टैक्स से पहले मुनाफा (PBT) 158.89 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 103.33 करोड़ रुपये था। कंपनी ने बताया कि रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और फाइनेंसिंग गतिविधियों से ज्यादा कमाई होने के साथ इम्पेयरमेंट लागत घटने से कंपनी के मुनाफे में सुधार हुआ है।
H1FY27 में भी शानदार प्रदर्शन
वहीं, चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 (H1FY27) के दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 297% बढ़कर 292.1 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का कुल रेवेन्यू 720.8 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी के रियल एस्टेट कारोबार ने भी मजबूत प्रदर्शन किया है। सितंबर तिमाही में रियल एस्टेट डेवलपमेंट सेगमेंट से कंपनी को 167.60 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिला। कंपनी के रियल एस्टेट पोर्टफोलियो की कुल ग्रॉस डेवलपमेंट वैल्यू (GDV) बढ़कर 27,308 करोड़ रुपये हो गई है। इसमें कुल 13 प्रोजेक्ट शामिल हैं, जो 133.2 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैले हुए हैं। कंपनी ने द्वारका एक्सप्रेसवे पर 3,700 करोड़ रुपये की डेवलपमेंट मैनेजमेंट परियोजना भी अपने पोर्टफोलियो में जोड़ी है।
कंपनी के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में निर्माणाधीन छह प्रोजेक्ट्स की कुल GDV 11,714 करोड़ रुपये है। इसके अलावा भविष्य के प्रोजेक्ट्स की पाइपलाइन 11,945 करोड़ रुपये की है। कंपनी को उम्मीद है कि मौजूदा तिमाही के दौरान वह अपनी प्रोजेक्ट पाइपलाइन को बढ़ाकर लगभग 30,000 करोड़ रुपये की GDV तक पहुंचा सकती है।

