इस आईटी कंपनी को BSNL से मिली बड़ी जिम्मेदारी, देशभर में 4G/5G प्राइवेट नेटवर्क पर करेगी काम - स्टॉक में हलचल
BSNL के साथ इस स्मॉल कैप आईटी कंपनी की बड़ी साझेदारी की घोषणा ने निवेशकों का ध्यान खींचा है। यह समझौता कंपनी के लिए नए कारोबारी अवसरों के दरवाजे खोल सकता है। पढ़िए पूरी खबर।

Penny Stock in Focus: 1,463.99 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली स्मॉल कैप आईटी कंपनी, ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड (Blue Cloud Softech Solutions Ltd) ने आज अपने निवेशकों को बाजार खुलने के साथ ही बड़ी जानकारी दी है।
कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया कि ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड (BCSSL) को भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने पूरे भारत में एंटरप्राइज ग्राहकों के लिए कैप्टिव नॉन-पब्लिक नेटवर्क (CNPN) सर्विस प्रोवाइडर के रूप में पैनल में शामिल किया है।
इसके लिए दोनों कंपनियों के बीच 60 महीने का समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत BCSSL, BSNL के साथ मिलकर एंटरप्राइज ग्राहकों के लिए प्राइवेट नेटवर्क की योजना बनाने, डिजाइन, स्थापना, शुरू करने और रखरखाव का काम करेगी। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस पैनल में शामिल होने से किसी निश्चित ऑर्डर या राजस्व की गारंटी नहीं मिलती।
फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि कैप्टिव नॉन-पब्लिक नेटवर्क (CNPN) भारत के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में अहम भूमिका निभा रहे हैं। ये सुरक्षित, भरोसेमंद और समर्पित कम्युनिकेशन नेटवर्क उपलब्ध कराते हैं, जिनका इस्तेमाल इंडस्ट्री 4.0, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स ऑटोमेशन, मिशन-क्रिटिकल कम्युनिकेशन और डिजिटल एंटरप्राइज एप्लिकेशन में किया जा सकता है।
इस पैनल में शामिल होने के बाद BCSSL को BSNL के साथ मिलकर देशभर में प्राइवेट 4G/5G नेटवर्क और एंटरप्राइज कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिलेगा। इससे कंपनी की टेलीकॉम और एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी सेक्टर में मौजूदगी मजबूत होगी। साथ ही मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, यूटिलिटी, हेल्थकेयर, स्मार्ट कैंपस, माइनिंग और इंडस्ट्रियल IoT जैसे कई क्षेत्रों में नए कारोबारी अवसर खुलेंगे।
कंपनी के मैनेजमेंट ने कहा कि BSNL द्वारा CNPN सर्विस प्रोवाइडर के रूप में चुना जाना उसकी तकनीकी क्षमता और भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दिखाता है। कंपनी BSNL और एंटरप्राइज ग्राहकों के साथ मिलकर सुरक्षित, भरोसेमंद, स्केलेबल और अगली पीढ़ी के प्राइवेट नेटवर्क समाधान उपलब्ध कराने के लिए काम करेगी। कंपनी का मानना है कि यह कदम उसके दूरसंचार कारोबार को और मजबूत करेगा तथा AI आधारित डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और एंटरप्राइज कनेक्टिविटी के क्षेत्र में दीर्घकालिक विकास के नए अवसर पैदा करेगा।
Blue Cloud Softech Share Price
कंपनी का शेयर सुबह 9:58 बजे तक बीएसई पर 6.61% या 1.39 रुपये गिरकर 19.64 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
कंपनी के बारे में
ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड हैदराबाद स्थित एक टेक्नोलॉजी कंपनी है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित समाधान उपलब्ध कराती है। कंपनी साइबर सिक्योरिटी, हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और एडवांस्ड कम्युनिकेशन जैसी सेवाएं देती है।

