
पेट्रोल-डीजल से लेकर ट्रांसपोर्टेशन तक, 1 दिसंबर से महंगा पड़ सकता है क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल
अगर आप भी एसबीआई क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। 1 दिसंबर से कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव होने जा रहा है। नए नियमों के चलते कुछ खास तरह के पेमेंट पर अतिरिक्त शुल्क देना होगा। जानें किन ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा इसका असर।

In Short
- 1 दिसंबर से बदलेंगे एसबीआई क्रेडिट कार्ड के दो नियम
- तय सीमा से ज्यादा ट्रांसपोर्टेशन खर्च पर लगेगा अतिरिक्त शुल्क
- पेट्रोल-डीजल पर ज्यादा खर्च करने वालों की बढ़ सकती है परेशानी
अगर आप भी एसबीआई क्रेडिट कार्ड (SBI Credit Card) का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है। दिसंबर महीने की शुरुआत के साथ ही एसबीआई कार्ड से जुड़े कुछ नियम बदलने जा रहे हैं। इन बदलावों का सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा। खासतौर पर उन लोगों का खर्च बढ़ सकता है, जो क्रेडिट कार्ड के जरिए ट्रांसपोर्टेशन और पेट्रोल-डीजल पर मोटी रकम खर्च करते हैं। नए नियमों के तहत एक तय सीमा से ज्यादा के लेन-देन पर ग्राहकों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
1 दिसंबर से लागू होंगे नए नियम
एसबीआई कार्ड की ओर से 27 अक्टूबर को जारी नोटिस में ग्राहकों को इन बदलावों की जानकारी दी गई थी। नए नियम 1 दिसंबर से लागू होंगे। इसके तहत ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े 30,000 रुपये से ज्यादा के एलिजिबल ट्रांजैक्शन और एक बिलिंग साइकिल में 50,000 रुपये से ज्यादा के एलिजिबल फ्यूल खर्च पर अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
ट्रांसपोर्टेशन पर देना होगा 1 फीसदी चार्ज
नए नियमों के मुताबिक, एसबीआई क्रेडिट कार्ड से ट्रांसपोर्टेशन से जुड़ा 30,000 रुपये से ज्यादा का एलिजिबल पेमेंट करने पर 1 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लगेगा। इन लेन-देन की पहचान मर्चेंट कैटेगरी कोड (MCC) 4111, 4784 और 4131 के जरिए की जाएगी। ये कोड ट्रांसपोर्टेशन से जुड़ी कुछ खास सेवाओं को कवर करते हैं।

कितना बढ़ जाएगा आपका खर्च?
इसे उदाहरण से समझें तो अगर कोई एसबीआई कार्ड यूजर ट्रांसपोर्टेशन से जुड़ा 35,000 रुपये का एलिजिबल पेमेंट करता है तो उसे 350 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। वहीं, 50,000 रुपये के पेमेंट पर 500 रुपये का चार्ज लगेगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि यह शुल्क हर एलिजिबल ट्रांजैक्शन पर अलग-अलग लागू होगा, न कि पूरे बिलिंग साइकिल के कुल ट्रांसपोर्टेशन खर्च पर।
पेट्रोल-डीजल पर खर्च करना भी पड़ेगा महंगा
एसबीआई कार्ड ने फ्यूल खर्च से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया है। अगर किसी कार्ड होल्डर का एक बिलिंग साइकिल में एलिजिबल फ्यूल ट्रांजैक्शन का कुल खर्च 50,000 रुपये से ज्यादा होता है तो उस पर 1 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा। उदाहरण के तौर पर अगर किसी ग्राहक का कुल एलिजिबल फ्यूल खर्च 55,000 रुपये है तो उसे 550 रुपये का एक्स्ट्रा चार्ज देना होगा।
किन ग्राहकों पर पड़ेगा ज्यादा असर?
इन बदलावों का सबसे ज्यादा असर उन ग्राहकों पर पड़ेगा, जो नियमित रूप से ट्रांसपोर्टेशन के लिए बड़े पेमेंट करते हैं या पेट्रोल-डीजल पर ज्यादा रकम खर्च करते हैं। ऐसे में अतिरिक्त शुल्क से बचने के लिए एसबीआई कार्ड यूजर्स को अपने ट्रांजैक्शन और बिलिंग साइकिल के दौरान होने वाले फ्यूल खर्च पर नजर रखनी होगी।


