शादी के बाद निवेश से पहले करें ये जरूरी काम, नए कपल्स को एक्सपर्ट ने दी पैसों से जुड़ी अहम सलाह
शादी के बाद घर खरीदने से लेकर भविष्य के लिए निवेश करने तक कपल्स कई तरह की योजनाएं बनाते हैं। लेकिन बढ़ती EMI और नौकरी में अनिश्चितता के बीच पैसों की प्लानिंग कैसे करनी चाहिए? मनीफ्रंट के को-फाउंडर और सीईओ मोहित गैंग ने नए शादीशुदा जोड़ों को अहम सलाह दी है।

In Short
- शादी के बाद इमरजेंसी फंड बनाने को दें प्राथमिकता
- नौकरी की स्थिति के हिसाब से तय करें बचत की रकम
- निवेश से पहले पति-पत्नी मिलकर बनाएं बजट
शादी के बाद नई जिंदगी की शुरुआत करने वाले कपल्स अक्सर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए निवेश की योजना बनाने लगते हैं। बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए मनीफ्रंट के को-फाउंडर और सीईओ मोहित गैंग ने कहा कि नए शादीशुदा जोड़ों को निवेश शुरू करने से पहले कम से कम छह महीने के घरेलू खर्च के बराबर इमरजेंसी फंड तैयार करना चाहिए। बढ़ती EMI, नौकरी में अनिश्चितता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव के बीच वित्तीय सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है।
सबसे पहले बनाएं इमरजेंसी फंड
मोहित गैंग के मुताबिक, शादी के बाद हर कपल का पहला वित्तीय लक्ष्य इमरजेंसी फंड तैयार करना होना चाहिए। इसके लिए पति-पत्नी को मिलकर अपने हर महीने के कुल घरेलू खर्च का हिसाब लगाना चाहिए। इसमें रोजमर्रा के खर्चों के साथ-साथ लोन की EMI को भी शामिल करना चाहिए।
अक्सर शादी के बाद कपल्स अपनी पसंद की चीजें खरीदने या निवेश शुरू करने पर ज्यादा ध्यान देते हैं। इस दौरान वे अचानक आने वाली आर्थिक परेशानियों के लिए पैसे बचाने की अहमियत को नजरअंदाज कर देते हैं।
किन लोगों को रखना चाहिए 12 महीने का खर्च?
मोहित गैंग के अनुसार, हर कपल के लिए छह महीने का इमरजेंसी फंड पर्याप्त हो, यह जरूरी नहीं है। अगर पति-पत्नी ऐसे सेक्टर में काम करते हैं, जहां नौकरी या कमाई को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है, तो उन्हें ज्यादा रकम बचाकर रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अगर आप ऐसी नौकरी में हैं, जिस पर आने वाले समय में AI का असर पड़ सकता है, तो बेहतर होगा कि आप एक साल के खर्च के बराबर इमरजेंसी फंड तैयार करें। यानी नौकरी की स्थिति और कमाई की स्थिरता के आधार पर इमरजेंसी फंड की रकम तय करनी चाहिए।
कब शुरू करना चाहिए निवेश?
इमरजेंसी फंड तैयार होने के बाद कपल्स अपने भविष्य के बड़े वित्तीय लक्ष्यों के लिए निवेश की योजना बना सकते हैं। इनमें घूमने-फिरने, कार खरीदने, अपना घर लेने और रिटायरमेंट के लिए पैसे जुटाने जैसे लक्ष्य शामिल हो सकते हैं।
मोहित गैंग ने पति-पत्नी के बीच पैसों को लेकर पारदर्शिता रखने, मिलकर बजट बनाने और वित्तीय लक्ष्यों को तय करने पर भी जोर दिया।
लंबे समय तक निवेश जारी रखने में मिलेगी मदद
इमरजेंसी फंड सिर्फ आर्थिक मुश्किलों से बचने का जरिया नहीं है, बल्कि लंबे समय तक निवेश जारी रखने में भी मदद करता है। अगर अचानक नौकरी चली जाए, मेडिकल इमरजेंसी आ जाए या कोई बड़ा खर्च सामने आ जाए, तो इमरजेंसी फंड नहीं होने की स्थिति में SIP और दूसरे निवेश प्रभावित हो सकते हैं।
ऐसे में नए शादीशुदा जोड़ों को पहले अपने खर्चों का हिसाब लगाना चाहिए, फिर छह से 12 महीने का इमरजेंसी फंड तैयार करना चाहिए और उसके बाद संपत्ति बनाने के लिए निवेश की शुरुआत करनी चाहिए।


