Money Saving Tips: सैलरी आते ही खाली हो जाती है जेब, तो अपनाएं ये आसान तरीके
हर महीने सैलरी आने के कुछ ही दिनों बाद अगर आपका बैंक बैलेंस भी तेजी से घटने लगता है, तो इसकी वजह सिर्फ कम कमाई नहीं, बल्कि कुछ रोजमर्रा की आदतें भी हो सकती हैं। जानिए ऐसे आसान तरीके, जो पूरे महीने आपका बजट संभालने में मदद कर सकते हैं।

In Short
- हर महीने सैलरी खत्म होने की परेशानी से बचने के लिए अपनाएं आसान फाइनेंस टिप्स।
- कमाई बढ़ने पर खर्च नहीं, बचत और निवेश को दें प्राथमिकता।
- समझदारी से क्रेडिट कार्ड और लोन इस्तेमाल करेंगे तो बजट नहीं बिगड़ेगा।
Monthly Budget Planning Tips: हर महीने सैलरी आते ही कई लोग राहत महसूस करते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों बाद जेब फिर खाली होने लगती है। महीने के आखिरी दिनों तक पहुंचते-पहुंचते रोजमर्रा के खर्च पूरे करना भी मुश्किल हो जाता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो कुछ आदतों में बदलाव करके पूरे महीने खर्च को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता है।
कमाई बढ़े तो खर्च नहीं, बचत पर दें ध्यान
अक्सर लोग सैलरी बढ़ते ही अपने खर्च भी बढ़ा देते हैं। नया मोबाइल खरीदना, महंगी चीजों पर पैसा खर्च करना या जरूरत से ज्यादा खर्च करना बाद में बजट बिगाड़ सकता है।
इसलिए कमाई बढ़ने पर खर्च बढ़ाने के बजाय बचत और निवेश को प्राथमिकता देना बेहतर माना जाता है।
बिना जरूरत पर्सनल लोन लेने से बचें
पर्सनल लोन आसानी से मिल जाता है, लेकिन इसकी किस्त और ब्याज लंबे समय तक जेब पर असर डाल सकते हैं। छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बार-बार लोन लेने की आदत महीने का पूरा बजट खराब कर सकती है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: कुछ मिनटों में मिलने वाला लोन कहीं न बन जाए मुसीबत, अप्लाई करने से पहले पढ़ें ये जरूरी बातें
इसलिए जब तक बहुत जरूरी न हो, पर्सनल लोन लेने से बचना चाहिए।
अपनी कमाई देखकर ही लें लोन
अगर लोन लेना जरूरी हो, तो पहले अपनी आय का सही हिसाब जरूर लगाएं। विशेषज्ञों के मुताबिक, हर महीने चुकाई जाने वाली EMI आपकी कुल आय के 25 से 30 प्रतिशत के भीतर ही होनी चाहिए। इससे बाकी जरूरी खर्चों के लिए भी पैसा बचा रहता है और बजट पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता।
इमरजेंसी के लिए अलग रखें पैसा
जीवन में कब किस तरह की जरूरत सामने आ जाए, इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। ऐसे समय में पहले से बचाकर रखा गया पैसा काफी काम आता है। यही वजह है कि वित्तीय सलाहकार इमरजेंसी फंड बनाने की सलाह देते हैं। इससे अचानक आने वाले खर्चों का सामना करना आसान हो जाता है।
क्रेडिट कार्ड का सोच-समझकर करें इस्तेमाल
क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते समय यह नहीं भूलना चाहिए कि यह भी चुकाना पड़ता है। जरूरत से ज्यादा खर्च करने पर भारी ब्याज देना पड़ सकता है, जिससे महीने का पूरा बजट बिगड़ सकता है। इसलिए सलाह दी जाती है कि कार्ड की लिमिट का 30 से 40 प्रतिशत से ज्यादा खर्च करने से बचें। सही योजना और समझदारी से खर्च करने पर पूरे महीने पैसों की परेशानी से बचा जा सकता है।

