₹500 की कॉफी, 40 हजार किराया और फिटनेस पर 25 हजार खर्च! क्या वाकई फिजूलखर्ची कर रही है Gen Z?
500 रुपये की कॉफी, हजारों रुपये का किराया और फिटनेस पर मोटा खर्च आज की युवा पीढ़ी की जिंदगी का हिस्सा बनता जा रहा है। हालांकि, माता-पिता इसे फिजूलखर्ची मानते हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट ने नई बहस छेड़ दी है। जानिए दोनों पीढ़ियों के खर्चों में कितना अंतर है।

In Short
- Gen Z के बढ़ते खर्चों को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
- खानपान से लेकर घर खरीदने तक के खर्चों में बड़ा अंतर
- दोनों पीढ़ियों की आर्थिक परिस्थितियों और रिटायरमेंट की सोच पर उठे सवाल
अगर आपके माता-पिता को लगता है कि 500 रुपये की कॉफी पीना फिजूलखर्ची है, घर के किराए पर 40 हजार रुपये देना बहुत ज्यादा है या फिर सेहत और फिटनेस पर 25 हजार रुपये खर्च करना गैरजरूरी है, तो आप अकेले नहीं हैं। बड़े शहरों में रहने वाले कई युवाओं के लिए ये खर्च उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनते जा रहे हैं। हालांकि, उनके माता-पिता इसे फिजूलखर्ची के तौर पर देखते हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रेम सोनी नाम के एक यूजर ने दोनों पीढ़ियों की सोच के इसी अंतर को लेकर एक पोस्ट शेयर किया है। उनका कहना है कि Gen Z के लिए जो सामान्य जिंदगी है, वह उनके माता-पिता के लिए लग्जरी लाइफ हुआ करती थी।
बदल गए हैं कमाई और खर्च के मायने
सोनी के मुताबिक, माता-पिता आज के खर्चों का आकलन उस दौर की आर्थिक परिस्थितियों के आधार पर करते हैं, जिसमें वे खुद बड़े हुए हैं। साल 1985 में एक मध्यमवर्गीय परिवार एक व्यक्ति की सैलरी से फ्लैट खरीद सकता था, चार बच्चों की परवरिश कर सकता था और रिटायरमेंट के बाद पेंशन का सहारा भी मिलता था।
घर से लेकर खानपान तक कितना खर्च?
सोनी ने अपनी पोस्ट में आज के युवाओं के खर्चों के कई उदाहरण दिए हैं। उनके मुताबिक, ऑफिस के पास सुरक्षित जगह पर 1BHK फ्लैट का किराया पहले की पीढ़ी की पूरी महीने की सैलरी से भी ज्यादा हो सकता है।
हेल्दी खाना खाने और अच्छे जिम जाने पर हर महीने 25 हजार रुपये खर्च होते हैं। जोमैटो से एक बार खाना मंगाने का बिल 2,000 रुपये तक पहुंच जाता है। वहीं, बड़े शहर में 2BHK फ्लैट खरीदने के लिए 2 करोड़ रुपये की जरूरत पड़ सकती है, जिसकी EMI चुकाने में 20 साल लग जाते हैं।
पेंशन से म्यूचुअल फंड तक का सफर
सोनी ने दोनों पीढ़ियों के रिटायरमेंट की तुलना भी की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आपके पिता 58 साल की उम्र में पेंशन के साथ रिटायर हुए थे, जबकि आप 70 साल की उम्र में म्यूचुअल फंड के स्क्रीनशॉट के साथ रिटायर होंगे।
500 रुपये की कॉफी पर क्या कहा?
सोनी का कहना है कि Gen Z के युवा जानते हैं कि 500 रुपये की कॉफी पीना छोड़ देने से मुंबई या बेंगलुरु में 2 करोड़ रुपये का फ्लैट खरीदना संभव नहीं हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि साल 2026 में जिंदगी जीने के खर्चों का हिसाब 1985 के कैलकुलेटर से लगाना बंद करना चाहिए। उनकी इस पोस्ट ने एक सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आज के युवा वास्तव में अपनी हैसियत से ज्यादा खर्च कर रहे हैं या फिर उनके माता-पिता के दौर के मुकाबले जिंदगी जीना महंगा हो गया है।


