RBI New Scheme: बैंक नहीं सुन रहा आपकी बात? आरबीआई का नया नियम आपको दे सकता है राहत
बैंक से जुड़ी किसी परेशानी का समाधान नहीं मिल रहा है तो ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। RBI ने नई लोकपाल योजना 2026 शुरू की है, जिसमें शिकायतों का मुफ्त समाधान मिलेगा। सही शिकायत पाए जाने पर ग्राहकों को 33 लाख रुपये तक का मुआवजा भी मिल सकता है। जानिए इस योजना से जुड़ी पूरी जानकारी।

In Short
- RBI लोकपाल योजना 2026 के तहत ग्राहकों को मिलेगा मुफ्त शिकायत समाधान।
- सही शिकायत पाए जाने पर मिल सकता है 33 लाख रुपये तक मुआवजा।
- बैंक और अन्य वित्तीय संस्थाओं के खिलाफ ग्राहक कर सकते हैं शिकायत।
RBI Lokpal Scheme 2026: भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI ने बैंक ग्राहकों के लिए नई योजना शुरू की है। RBI लोकपाल योजना 2026 के तहत अब ग्राहक बैंक या दूसरी वित्तीय कंपनियों से जुड़ी शिकायतों का समाधान आसानी से पा सकेंगे। इस योजना में शिकायत सही पाए जाने पर ग्राहकों को 33 लाख रुपये तक का मुआवजा मिल सकता है।
1 जुलाई 2026 से शुरू हुई नई योजना
RBI की यह नई योजना 1 जुलाई 2026 से लागू हो गई है। इसमें बैंक, कुछ वित्तीय संस्थान, NBFC, प्रीपेड पेमेंट सेवा देने वाली कंपनियां और क्रेडिट रिपोर्ट से जुड़ी कंपनियां शामिल हैं।
अगर किसी ग्राहक को किसी बैंक या वित्तीय संस्था की सेवा में कमी के कारण नुकसान हुआ है और उसकी शिकायत सही पाई जाती है, तो उसे इस योजना के तहत मुआवजा दिया जा सकता है।
बैंक से समाधान नहीं मिला तो कर सकते हैं शिकायत
अगर किसी ग्राहक ने पहले बैंक या संबंधित संस्था में अपनी परेशानी को लेकर शिकायत की है, लेकिन उसे सही जवाब नहीं मिला या समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वह RBI लोकपाल योजना के तहत शिकायत कर सकता है।
ये खबर पढ़ना न भूलें: आपके फोन पर आया ‘Total TDS’ मैसेज? घबराएं नहीं, जानें टैक्सपेयर्स के लिए क्यों है जरूरी
इस योजना में शिकायत दर्ज कराने के लिए ग्राहक को कोई फीस नहीं देनी होगी। यह ग्राहकों को उनकी समस्याओं का आसान और मुफ्त समाधान देने की व्यवस्था है।
33 लाख रुपये तक मिल सकता है मुआवजा
RBI लोकपाल योजना के तहत ग्राहकों को अधिकतम 33 लाख रुपये तक का मुआवजा मिल सकता है।
ग्राहक को हुए सीधे नुकसान के अलावा अन्य नुकसान के लिए RBI लोकपाल 30 लाख रुपये तक का मुआवजा दे सकता है। वहीं, शिकायत के कारण हुए समय के नुकसान, खर्च, परेशानी या मानसिक तनाव के लिए 3 लाख रुपये तक की राशि दी जा सकती है।
कौन होता है RBI लोकपाल
RBI लोकपाल भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से नियुक्त अधिकारी होता है। इसका काम बैंक और दूसरी वित्तीय संस्थाओं के खिलाफ आने वाली ग्राहकों की शिकायतों को देखना और उनका समाधान करना होता है।
अगर किसी ग्राहक को बैंक की सेवा से जुड़ी कोई परेशानी है, तो RBI लोकपाल मामले की जांच करके उचित फैसला ले सकता है।
शिकायत करने के लिए देनी होगी ये जानकारी
RBI लोकपाल योजना के तहत शिकायत दर्ज करने के लिए ग्राहक को अपनी कुछ जरूरी जानकारी देनी होगी। इसमें नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पूरा पता शामिल है।
इसके अलावा जिस बैंक या संस्था के खिलाफ शिकायत की जा रही है, उसकी जानकारी भी देनी होगी। ग्राहक को शिकायत की तारीख, शिकायत की कॉपी, बैंक खाता, कार्ड, लोन या लेनदेन से जुड़ी जानकारी भी देनी पड़ सकती है।

