ऑनलाइन ऐसे करें नए PAN Card के लिए आवेदन! Step-by-step गाइड, 1 अप्रैल से नियम बदलने से पहले उठा लें फायदा
वर्तमान में पैन कार्ड बनवाना एक आसान और पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया है, जिसमें आधार कार्ड के जरिए वेरिफिकेशन होते ही कागजी कार्रवाई खत्म हो जाती है। लेकिन 1 अप्रैल 2026 से पूरे देश में नियम बदलने जा रहे हैं।

In Short
- 1 अप्रैल 2026 से PAN आवेदन नियम सख्त, अब सिर्फ आधार से काम नहीं चलेगा
- नए नियम लागू होने से पहले ऑनलाइन आवेदन करना आसान और कम डॉक्यूमेंट वाला
- e-KYC, OTP और ऑनलाइन पेमेंट से 2–3 दिन में e-PAN और 15 दिन में फिजिकल कार्ड मिलेगा
How to apply for PAN card online: अगर आप नया पैन (PAN) कार्ड बनवाने की सोच रहे हैं, तो आपके पास अब बहुत कम समय बचा है। वर्तमान में पैन कार्ड बनवाना एक आसान और पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया है, जिसमें आधार कार्ड के जरिए वेरिफिकेशन होते ही कागजी कार्रवाई खत्म हो जाती है। लेकिन 1 अप्रैल 2026 से पूरे देश में नियम बदलने जा रहे हैं। नए नियमों के लागू होने के बाद पैन कार्ड के लिए आवेदन करना पहले के मुकाबले थोड़ा कठिन हो जाएगा और आपको ज्यादा दस्तावेज देने होंगे।
अब सिर्फ आधार से नहीं बनेगा काम
अभी तक की व्यवस्था के अनुसार, आप केवल आधार कार्ड के आधार पर ही पैन के लिए अप्लाई कर सकते थे। लेकिन अब अपडेटेड फ्रेमवर्क के तहत, 1 अप्रैल से सिर्फ आधार कार्ड काफी नहीं होगा।
आयकर विभाग के नए नियमों के अनुसार, अब आवेदकों को अपने पैन आवेदन के साथ कुछ अतिरिक्त सहायक दस्तावेज (Supporting Documents) भी जमा करने होंगे। इसका सीधा मतलब यह है कि अब बिना अतिरिक्त कागजों के e-KYC की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाएगी।
कैसे करें आवेदन और कितनी है फीस?
फिलहाल, जो लोग नए नियम लागू होने से पहले आवेदन करना चाहते हैं, वे Protean (पुराना नाम NSDL) या UTIITSL के पोर्टल पर जाकर फॉर्म 49A भर सकते हैं।
एक फिजिकल पैन कार्ड के लिए सरकारी फीस करीब 110 रुपये है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।
आवेदन शुरू करते ही एक टोकन नंबर मिलता है, जिसकी मदद से आप अपनी अधूरी एप्लीकेशन को बाद में भी पूरा कर सकते हैं।
प्रोसेस को समझना है जरूरी
आवेदन की प्रक्रिया काफी आसान है।
- सबसे पहले आपको अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि और पता भरना होता है।
- इसके बाद वेरिफिकेशन के लिए 'ई-केवाईसी और ई-साइन' का विकल्प चुनना पड़ता है।
- यदि आप पूरा ई-केवाईसी का उपयोग नहीं कर रहे हैं, तो आपको अपनी फोटो, सिग्नेचर और पहचान पत्र के तौर पर आधार, वोटर आईडी या पासपोर्ट की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी।
- आखिर में नेट बैंकिंग, यूपीआई या कार्ड से पेमेंट करने के बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी के जरिए डिजिटल साइन करना होता है।
कितने दिन में मिलेगा पैन कार्ड?
एक बार आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद, आपको 15 अंकों का एक एक्नॉलेजमेंट नंबर मिलता है, जिससे आप अपने कार्ड का स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं।
आमतौर पर, डिजिटल ई-पैन 2 से 3 दिनों के भीतर ईमेल पर आ जाता है, जबकि प्लास्टिक वाला फिजिकल कार्ड 15 दिनों के अंदर आपके घर के पते पर पहुंच जाता है। ध्यान रहे कि इस पूरी प्रक्रिया के लिए आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक होना जरूरी है।

