scorecardresearch

दिवाली पर घर खरीदना सही या इंतजार करना बेहतर? फैसला लेने से पहले जान लें ये जरूरी बातें

दिवाली पर नया घर खरीदने की तैयारी कर रहे हैं? बिल्डरों के शानदार डिस्काउंट और फेस्टिव ऑफर्स आपको आकर्षित कर सकते हैं। लेकिन जल्दबाजी में लिया गया फैसला आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। एक्सपर्ट ने बताया है कि घर खरीदने से पहले किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

Advertisement

In Short

  • दिवाली पर घर खरीदने से पहले अपनी कमाई, EMI और बचत का सही हिसाब लगाना जरूरी है।
  • बिल्डरों के फेस्टिव डिस्काउंट और ऑफर्स के चक्कर में जल्दबाजी करना पड़ सकता है महंगा।
  • एक्सपर्ट ने बताया किन परिस्थितियों में घर खरीदना सही और कब इंतजार करना बेहतर है।

दिवाली के मौके पर बहुत से लोग अपने घर का सपना पूरा करने की सोचते हैं। शुभ मुहूर्त, परिवार की सलाह और बिल्डरों के शानदार ऑफर्स लोगों को घर खरीदने के लिए आकर्षित करते हैं। लेकिन क्या त्योहारों के दौरान घर खरीदना वाकई फायदे का सौदा है या थोड़ा इंतजार करना बेहतर रहेगा? एक्सपर्ट का कहना है कि घर खरीदने का फैसला सिर्फ त्योहार या डिस्काउंट देखकर नहीं, बल्कि अपनी आर्थिक स्थिति और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर करना चाहिए।

advertisement

क्या दिवाली पर घर खरीदना सही फैसला है?

Nklusive के प्रेसिडेंट और कंट्री हेड इंद्रनील बोस के मुताबिक, त्योहारों के दौरान घरों की नई डिमांड अचानक नहीं बढ़ती। ज्यादातर लोग पहले से ही घर खरीदने की योजना बना रहे होते हैं। वे कई महीनों से प्रॉपर्टी देख रहे होते हैं और बजट पर विचार कर रहे होते हैं।

ऐसे में दिवाली का माहौल और शुभ तारीखें उन्हें आखिरी फैसला लेने के लिए प्रेरित करती हैं। हालांकि, घर खरीदते समय भावनाओं से ज्यादा अपनी आर्थिक तैयारी पर ध्यान देना जरूरी है।

घर खरीदने से पहले EMI और बजट जरूर जांचें

घर खरीदने से पहले यह देखना जरूरी है कि उसकी EMI आपके महीने के बजट में आसानी से फिट बैठती है या नहीं। इसके लिए होम लोन की रकम, ब्याज दर और लोन चुकाने की अवधि को ध्यान में रखें।

इसके अलावा बच्चों की पढ़ाई, बीमा, घर के खर्च और दूसरी जरूरतों के लिए भी पैसे बचने चाहिए। अगर घर खरीदने में आपकी पूरी बचत खत्म हो रही है, तो परेशानी बढ़ सकती है।

डाउन पेमेंट के अलावा रजिस्ट्रेशन, टैक्स, इंटीरियर, मेंटेनेंस और शिफ्टिंग जैसे खर्चों को भी ध्यान में रखें। इमरजेंसी के लिए अलग फंड रखना भी जरूरी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

बिल्डरों के ऑफर्स देखकर जल्दबाजी न करें

दिवाली पर कई बिल्डर डिस्काउंट, खास ऑफर्स और आसान पेमेंट प्लान देते हैं। लेकिन हर ऑफर फायदे का सौदा हो, यह जरूरी नहीं है।

घर खरीदने से पहले आसपास की प्रॉपर्टी की कीमतों की तुलना करें। ऑफर की शर्तें और कुल कीमत भी जांचें।

इसके साथ ही प्रॉपर्टी की लोकेशन, कनेक्टिविटी, जरूरी सुविधाएं, RERA रजिस्ट्रेशन, प्रोजेक्ट की मंजूरी और कब्जा मिलने की समयसीमा जरूर देखें। बिल्डर का पिछला रिकॉर्ड जांचना भी जरूरी है।

किन लोगों को घर खरीदने के लिए इंतजार करना चाहिए?

अगर डाउन पेमेंट देने से आपकी बचत खत्म हो रही है, EMI बजट से बाहर जा रही है या नौकरी और कमाई को लेकर अनिश्चितता है, तो घर खरीदने का फैसला टालना बेहतर हो सकता है।

advertisement

एक्सपर्ट के मुताबिक, घर खुद रहने के लिए खरीद रहे हैं या निवेश के लिए, यह भी साफ होना चाहिए। आखिरकार घर खरीदने का सही समय वही है, जब प्रॉपर्टी की कीमत, आपकी आर्थिक स्थिति और भविष्य की जरूरतें एक-दूसरे से मेल खाती हों।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।