scorecardresearch

त्योहारों पर हो सकती है गैस सिलेंडर की किल्लत? 26 अक्टूबर से हड़ताल की चेतावनी, FDLI ने की अपील

त्योहारों के बीच रसोई गैस सिलेंडर की सप्लाई को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। LPG वितरकों ने 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। इस बीच वितरकों के एक बड़े संगठन ने अहम अपील की है। क्या आम लोगों को गैस सिलेंडर मिलने में परेशानी होगी? जानिए पूरा मामला।

Advertisement

In Short

  • एलपीजी वितरकों ने 26 अक्टूबर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी।
  • डिलीवरी कमीशन बढ़ाने और e-KYC के लिए अलग चार्ज देने की मांग कर रहे हैं गैस वितरक।
  • FDLI ने हड़ताल का समर्थन नहीं किया, त्योहारों पर एलपीजी सप्लाई जारी रखने की अपील की।

त्योहारों के मौसम में आम लोगों के सामने रसोई गैस की परेशानी खड़ी हो सकती है। एलपीजी वितरकों ने अपनी मांगों को लेकर 26 अक्टूबर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। हालांकि, फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ इंडिया ने इस हड़ताल का समर्थन करने से इनकार कर दिया है। संगठन ने सभी वितरकों से गैस सिलेंडर की सप्लाई जारी रखने की अपील की है, ताकि त्योहारों पर लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।

advertisement

LPG वितरकों की क्या हैं मांगें?

एलपीजी वितरक लंबे समय से अपनी अलग-अलग मांगों को उठाते रहे हैं। इनमें सबसे बड़ी मांग गैस सिलेंडर की डिलीवरी पर मिलने वाला कमीशन बढ़ाने की है। इसके अलावा वितरक e-KYC के काम के लिए अलग से चार्ज देने की भी मांग कर रहे हैं।

इन्हीं मांगों को लेकर 26 अक्टूबर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया गया था। हालांकि, FDLI ने साफ किया है कि वह इस प्रस्तावित हड़ताल के पक्ष में नहीं है।

FDLI ने कहा- सरकार से बातचीत जारी

फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ इंडिया ने बताया कि वितरकों की मांगों को लेकर सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों और पेट्रोलियम मंत्रालय के साथ बातचीत चल रही है।

संगठन के मुताबिक, वितरकों की समस्याओं और मांगों को सुना जा रहा है। साथ ही जल्द समाधान निकालने का भरोसा भी दिया गया है। FDLI का मानना है कि बातचीत और ठोस फैसलों के जरिए समस्याओं को सुलझाया जा सकता है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

त्योहारों पर गैस सप्लाई बनाए रखने की अपील

FDLI ने कहा कि ग्राहकों तक बिना किसी रुकावट के एलपीजी सिलेंडर पहुंचाना उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। संगठन ने वितरकों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि वाले हड़ताल के आह्वान पर ध्यान न दें और सिलेंडर की डिलीवरी जारी रखें।

संगठन का कहना है कि बातचीत के सभी रास्ते आजमाए बिना हड़ताल करना सही नहीं होगा। खासकर त्योहारों के समय गैस सप्लाई प्रभावित होने से आम परिवारों को परेशानी हो सकती है।

अभी कितने में मिल रहा घरेलू LPG सिलेंडर?

देश के प्रमुख महानगरों में 14 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें अलग-अलग हैं।

  • दिल्ली: 942 रुपये

  • कोलकाता: 968 रुपये

  • मुंबई: 941.50 रुपये

  • चेन्नई: 957.50 रुपये

फिलहाल FDLI की कोशिश है कि वितरकों की मांगों का समाधान बातचीत से निकले और त्योहारों के दौरान किसी भी परिवार को रसोई गैस की किल्लत का सामना न करना पड़े।