
धनतेरस पर सोना ₹2,000 और चांदी ₹3,000 से ज्यादा सस्ती! क्या अभी और गिरेंगे दाम?
धनतेरस के मौके पर सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर है। शुक्रवार को MCX पर सोना 2,000 रुपये और चांदी 3,000 रुपये से ज्यादा सस्ती हो गई। ग्लोबल मार्केट में हलचल के बीच कीमतों में आई इस गिरावट के बाद एक्सपर्ट ने कुछ अहम लेवल बताए हैं।

In Short
- धनतेरस पर MCX में सोना ₹2,054 और चांदी ₹3,106 सस्ती हुई।
- सोने की कीमत गिरकर ₹1,42,061 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹1,84,035 प्रति किलो पहुंची।
- एक्सपर्ट ने सोने-चांदी के अहम सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल बताए, आगे और गिरावट की आशंका।
धनतेरस 2026 के मौके पर सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर है। शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली। ग्लोबल मार्केट में बिकवाली का असर भारतीय सर्राफा बाजार पर भी पड़ा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना करीब 2,054 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया, जबकि चांदी की कीमत में 3,106 रुपये प्रति किलो की गिरावट आई। खास बात यह है कि भारतीय शेयर बाजार में तेजी के बावजूद दोनों कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।
सोने और चांदी की कीमतें कहां पहुंचीं?
MCX पर सोने की कीमत 2,054 रुपये गिरकर 1,42,061 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। सोना पिछले बंद भाव 1,44,095 रुपये के मुकाबले 1,42,161 रुपये पर खुला था। कारोबार के दौरान इसकी कीमत गिरकर 1,41,808 रुपये तक पहुंच गई। हालांकि, बाद में कुछ रिकवरी देखने को मिली।
वहीं, चांदी की कीमत 3,106 रुपये गिरकर 1,84,035 रुपये प्रति किलो रह गई। कारोबार के दौरान चांदी ने 1,83,700 रुपये का निचला स्तर छुआ, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,87,140 रुपये था।
सोने और चांदी में गिरावट क्यों आई?
रिसर्च एनालिस्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से महंगाई की चिंता बढ़ी है। इससे ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रहने की आशंका मजबूत हुई है।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के दो अधिकारियों ने धीरे-धीरे ब्याज दरें बढ़ाने का समर्थन किया है। बाजार दिसंबर में ब्याज दर बढ़ने की 68 फीसदी संभावना मान रहा है।
इस बीच गोल्डमैन सैक्स ने 2026 के अंत के लिए सोने का अनुमान घटाकर 4,150 डॉलर और 2027 के लिए 4,800 डॉलर कर दिया है। हालांकि, वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक अक्टूबर में ग्लोबल गोल्ड ETF में 2.7 अरब डॉलर का निवेश आया।

सोने में अब किन लेवल पर रखें नजर?
Enrich Money के सीईओ पोनमुडी आर के मुताबिक, सोने के लिए 1,43,000 से 1,43,700 रुपये का स्तर पहली बड़ी रुकावट है। इसके ऊपर कीमत 1,45,300 से 1,46,000 रुपये तक जा सकती है।
वहीं, गिरावट आने पर 1,40,000 से 1,41,000 रुपये का सपोर्ट है। अगर कीमत 1,40,000 रुपये से नीचे जाती है तो गिरावट बढ़कर 1,38,300 रुपये तक पहुंच सकती है।
अनुज गुप्ता के मुताबिक MCX पर सोना 1,43,000 से 1,45,000 रुपये तक जा सकता है।
चांदी में आगे क्या हो सकता है?
पोनमुडी के मुताबिक, चांदी के लिए 1,86,000 से 1,88,000 रुपये का स्तर अहम है। इसके ऊपर मजबूती आने पर कीमत 1,94,000 से 1,96,000 रुपये तक पहुंच सकती है।
वहीं, 1,78,000 रुपये से नीचे जाने पर चांदी में गिरावट बढ़कर 1,70,000 से 1,72,000 रुपये तक पहुंच सकती है।
फिलहाल निवेशकों की नजर अमेरिका के रोजगार आंकड़ों पर है, जो आज जारी होने वाले हैं। इनसे फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आगे की दिशा साफ हो सकती है और सोने-चांदी की कीमतों पर असर पड़ सकता है।

