रेखा गुप्ता कल जारी करेंगी लक्ष्मी योजना की पहली किस्त, जानें किसे मिलेगा फायदा
दिल्ली की महिलाओं के लिए लक्ष्मी योजना की पहली किस्त जारी होने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 2,500 रुपये की मदद देंगी। योजना के लिए 6 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। जानिए किन महिलाओं को मिलेगा फायदा और किसे इस योजना से बाहर रखा गया है।

In Short
- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता लक्ष्मी योजना के तहत पहली किस्त के रूप में 2,500 रुपये जारी करेंगी।
- योजना के लिए अब तक 6 लाख से ज्यादा महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है और करीब 2,500 महिलाओं को पहली किस्त दी जाएगी।
- योजना का लाभ 21 से 60 साल की पात्र महिलाओं को मिलेगा जिनके परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं है।
Lakshmi Yojana Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कल लक्ष्मी योजना के तहत पहली किस्त जारी करेंगी। इस योजना के तहत महिलाओं को 2,500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके लिए दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे होगा।
करीब 2500 महिलाओं को मिलेगी पहली किस्त
कार्यक्रम में लगभग 2,500 महिलाओं को पहली किस्त दी जाएगी। लक्ष्मी योजना के लिए अब तक 6 लाख से ज्यादा महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
पैसे लेने के लिए दो ऑप्शन
लाभार्थियों को भुगतान के लिए दो विकल्प दिए गए हैं। पहले विकल्प में 1,500 रुपये आरडी या एफडी के रूप में बैंक खाते में जमा किए जाएंगे। यह रकम 31 जुलाई 2029 तक लॉक-इन रहेगी।
इसके साथ 1,000 रुपये सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी यानी CBDC वॉलेट में दिए जाएंगे।
दूसरे विकल्प में लाभार्थी चाहें तो पूरी 2,500 रुपये की राशि सीधे अपने आरडी या एफडी खाते में जमा करा सकती हैं।
कौन ले सकता है योजना का लाभ?
लक्ष्मी योजना का लाभ लेने के लिए महिला की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए। परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
आवेदक महिला या उसका परिवार कम से कम 10 साल से दिल्ली का निवासी होना चाहिए।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: FD पर 8 फीसदी से ज्यादा ब्याज, निवेश से पहले जान लें ये जरूरी बात
आवेदन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, आय प्रमाण पत्र, दिल्ली मतदाता पहचान पत्र और आधार से लिंक बैंक खाता जरूरी होगा।
इन महिलाओं को नहीं मिलेगा फायदा
सरकारी कर्मचारी, आयकरदाता, GST दाखिल करने वाले, चार पहिया वाहन रखने वाले और सालाना 2,400 यूनिट से ज्यादा बिजली इस्तेमाल करने वाले परिवार इस योजना के दायरे से बाहर होंगे।
इसके अलावा 3 से ज्यादा जीवित बच्चों वाली महिलाएं भी इस योजना का लाभ नहीं ले सकेंगी।
गलत जानकारी देने पर होगी कार्रवाई
अगर कोई गलत जानकारी देकर योजना का फायदा लेता है तो उससे दी गई राशि की वसूली की जा सकती है। साथ ही कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
दिल्ली सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में लक्ष्मी योजना के लिए 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार के मुताबिक इस योजना से दिल्ली की 17 लाख से ज्यादा महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।

