scorecardresearch

कार इंश्योरेंस में सिर्फ सस्ता प्रीमियम न देखें, ये 2 ऐड-ऑन कवर बचा सकते हैं आपकी जेब का बड़ा खर्च

बिजनेस टुडे के पर्सनल फाइनेंस शो Money Today में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए इंश्योरेंस एक्सपर्ट, दीपक जोहान के मुताबिक, अगर ग्राहक अपनी कार के लिए बेहतर सुरक्षा चाहते हैं तो उन्हें कुछ जरूरी ऐड ऑन कवर जरूर लेने चाहिए।

Advertisement

कार इंश्योरेंस खरीदते समय कई लोग सिर्फ पॉलिसी की कीमत और बेसिक कवरेज पर ध्यान देते हैं। लेकिन बिजनेस टुडे के पर्सनल फाइनेंस शो Money Today में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए इंश्योरेंस एक्सपर्ट, दीपक जोहान के मुताबिक, अगर ग्राहक अपनी कार के लिए बेहतर सुरक्षा चाहते हैं तो उन्हें कुछ जरूरी ऐड ऑन कवर जरूर लेने चाहिए।

advertisement

एक्सपर्ट ने कहा कि इनमें जीरो डेप्रिसिएशन और रोडसाइड असिस्टेंस सबसे ज्यादा काम आने वाले कवर हैं, क्योंकि ये क्लेम के समय जेब से होने वाले खर्च को कम करने और मुसीबत में तुरंत मदद दिलाने में मदद करते हैं। इन दोनों कवर के फायदे को समझना जरूरी है।

जीरो डेप्रिसिएशन कवर क्यों है जरूरी?

दीपक जोहान ने जीरो डेप्रिसिएशन को एक बहुत अच्छा कवर बताया है और कहा है कि इसे कार इंश्योरेंस लेते समय सबसे पहले सोचने वाले ऐड ऑन में शामिल करना चाहिए। आमतौर पर कार के किसी पार्ट के खराब होने या टूटने पर इंश्योरेंस कंपनी पुराने पार्ट की कीमत में डेप्रिसिएशन घटाकर भुगतान करती है। बाकी रकम कार मालिक को अपनी जेब से देनी पड़ती है।

जीरो डेप्रिसिएशन कवर लेने पर यह अंतर काफी कम हो जाता है, क्योंकि इंश्योरेंस कंपनी नए पार्ट की पूरी कीमत का भुगतान करती है। इससे कार मालिक को रिपेयर के समय बड़ी रकम खर्च करने से राहत मिल सकती है। खासतौर पर नई कारों के लिए यह कवर ज्यादा फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि शुरुआती सालों में रिपेयर का खर्च काफी ज्यादा हो सकता है।

पांच साल तक ही मिलता है जीरो डेप्रिसिएशन का फायदा

हालांकि जीरो डेप्रिसिएशन कवर को लेकर एक सीमा भी है। एक्सपर्ट के मुताबिक, यह कवर आमतौर पर पांच साल तक पुरानी कारों के लिए ही उपलब्ध होता है। इसलिए कार खरीदने के शुरुआती समय में ही इस ऐड ऑन को लेना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।

नई कार खरीदने वाले ग्राहकों के लिए यह कवर इसलिए भी जरूरी हो जाता है, क्योंकि इससे कम प्रीमियम वाली पॉलिसी चुनने के बजाय क्लेम के समय बेहतर सुरक्षा मिलती है।

रोडसाइड असिस्टेंस देगा मुश्किल समय में मदद

इंश्योरेंस एक्सपर्ट के अनुसार, दूसरा जरूरी ऐड ऑन रोडसाइड असिस्टेंस है। यह कवर उस समय काम आता है जब कार रास्ते में खराब हो जाए और तुरंत मदद की जरूरत हो।

इसकी मदद से कार मालिक को मौके पर सहायता मिल सकती है या जरूरत पड़ने पर कार को नजदीकी वर्कशॉप तक पहुंचाने की सुविधा मिल सकती है। शहर में चलने वाले लोगों से लेकर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों तक के लिए यह कवर काफी उपयोगी साबित हो सकता है, क्योंकि यह परेशानी और समय दोनों को कम करता है।

रिटर्न टू इनवॉइस कवर भी हो सकता है उपयोगी

advertisement

एक्सपर्ट ने रिटर्न टू इनवॉइस कवर को भी कुछ मामलों में उपयोगी बताया है। खासतौर पर चोरी या कार के पूरी तरह खराब हो जाने यानी टोटल लॉस की स्थिति में यह कवर मदद करता है।

इस कवर के जरिए कार मालिक को कार की इनवॉइस कीमत के आधार पर भुगतान मिल सकता है, जिससे नई कार खरीदने में आसानी होती है। हालांकि सबसे ज्यादा जरूरी कवर के तौर पर जीरो डेप्रिसिएशन और रोडसाइड असिस्टेंस को प्राथमिकता दी जा सकती है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।