scorecardresearch

Bank Strike से पहले केंद्र कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत, 25 सितंबर को मिलेगा सितंबर का वेतन और पेंशन

सितंबर महीने में बैंक हड़ताल को देखते हुए केंद्र सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स के भुगतान की तारीख बदल दी है। अब वेतन और पेंशन पहले जारी किए जाएंगे। लेकिन क्या यह अतिरिक्त पैसा होगा या सिर्फ एडवांस भुगतान? जानिए सरकार के नए आदेश से जुड़ी पूरी जानकारी।

Advertisement

In Short

  • बैंक हड़ताल से पहले केंद्र कर्मचारियों और पेंशनर्स को 25 सितंबर को मिलेगा सितंबर महीने का भुगतान।
  • वित्त मंत्रालय ने 28 से 30 सितंबर की बैंक स्ट्राइक को देखते हुए बदली वेतन और पेंशन जारी करने की तारीख।
  • सरकार ने साफ किया कि जल्दी मिलने वाला पैसा अतिरिक्त नहीं बल्कि सितंबर का एडवांस भुगतान होगा।

केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी खबर है। सितंबर महीने की सैलरी और पेंशन अब तय समय से पहले जारी की जाएगी। वित्त मंत्रालय ने सितंबर 2026 का वेतन, मजदूरी और पेंशन 25 सितंबर को जारी करने का फैसला लिया है। यह फैसला 28 से 30 सितंबर तक होने वाली तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए लिया गया है।

advertisement

25 सितंबर को खाते में आएगा पैसा

केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स को आमतौर पर महीने के आखिरी दिनों में भुगतान मिलता है, लेकिन इस बार बैंक स्ट्राइक की वजह से तारीख आगे कर दी गई है। अब शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को ही सितंबर महीने का वेतन, मजदूरी और पेंशन जारी कर दी जाएगी।

यह आदेश 23 सितंबर 2026 को वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के तहत आने वाले कंट्रोलर जनरल ऑफ अकाउंट्स (CGA) की ओर से जारी किया गया है। 

किन लोगों को मिलेगा जल्दी भुगतान?

वित्त मंत्रालय के आदेश के अनुसार, इस फैसले का लाभ कई केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा। इसमें शामिल हैं—

  • सभी केंद्रीय सरकारी कर्मचारी, जिनमें रक्षा, डाक और टेलीकम्युनिकेशन विभाग के कर्मचारी भी शामिल हैं।

  • केंद्र सरकार के औद्योगिक कर्मचारी।

  • सभी केंद्रीय सरकारी पेंशनर्स, जिनकी पेंशन बैंक और पे एंड अकाउंट्स ऑफिस (PAO) के जरिए जारी होती है।

बैंक हड़ताल की वजह से लिया गया फैसला

वित्त मंत्रालय ने बताया कि यह फैसला डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज की जानकारी के बाद लिया गया है। विभाग ने बताया था कि 28 से 30 सितंबर तक होने वाली बैंक हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने तीन दिन की इस देशव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की संभावना है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

पहले मिलने वाली रकम अतिरिक्त पैसा नहीं होगी

सरकार ने साफ किया है कि 25 सितंबर को मिलने वाली राशि अतिरिक्त भुगतान नहीं होगी। यह सितंबर 2026 के वेतन, मजदूरी और पेंशन का एडवांस भुगतान माना जाएगा।

अगर महीने की पूरी गणना के बाद किसी तरह का अंतर निकलता है तो उसका समायोजन अक्टूबर 2026 के वेतन या मजदूरी में किया जाएगा। CGA के आदेश में कहा गया है कि अगर कोई अंतर होगा तो उसे अक्टूबर के भुगतान से ही एडजस्ट किया जाएगा।

advertisement

विभागों को दिए गए जरूरी निर्देश

वित्त मंत्रालय ने सभी मंत्रालयों और विभागों को निर्देश दिया है कि वे वेतन और पेंशन से जुड़े भुगतान दस्तावेज 25 सितंबर तक बैंकों में जमा कर दें, ताकि बैंक हड़ताल शुरू होने से पहले कर्मचारियों और पेंशनर्स के खातों में पैसा पहुंच सके।

इस फैसले का उद्देश्य बैंक बंद रहने के दौरान केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स को होने वाली परेशानी से बचाना है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।