
Amex कार्डधारकों के लिए जरूरी खबर, Reward Multiplier बंद होने से खत्म होगा 5X और 10X रिवॉर्ड का फायदा
American Express ने अपने कार्डधारकों को बड़ा अपडेट दिया है। कंपनी का Reward Multiplier प्रोग्राम जल्द बंद होने वाला है, जिससे चुनिंदा खरीदारी पर मिलने वाले अतिरिक्त Membership Rewards पॉइंट्स का फायदा खत्म हो जाएगा। हालांकि, इस बदलाव के बाद भी Amex के मौजूदा रिवॉर्ड सिस्टम पर असर नहीं पड़ेगा।

In Short
- Amex का Reward Multiplier प्रोग्राम 30 सितंबर 2026 से बंद होगा, जिससे चुनिंदा ब्रांड्स पर मिलने वाले अतिरिक्त Membership Rewards पॉइंट्स खत्म हो जाएंगे।
- कार्डधारक 29 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक पूरी हुई खरीदारी पर ही पुराने नियमों के तहत बोनस पॉइंट्स हासिल कर पाएंगे।
- Reward Multiplier बंद होने के बावजूद Amex का मुख्य Membership Rewards प्रोग्राम जारी रहेगा और मौजूदा पॉइंट्स व सामान्य रिवॉर्ड रेट पर असर नहीं पड़ेगा।
American Express कार्डधारकों के पास Reward Multiplier प्रोग्राम का फायदा उठाने के लिए अब कुछ ही हफ्ते बचे हैं। बिजनेस टुडे ने मीडिया रिपोर्ट के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया कि.., छह साल पुराना यह प्रोग्राम 30 सितंबर 2026 से बंद हो जाएगा। इसके बाद ग्राहक Amex प्लेटफॉर्म के जरिए चुनिंदा ब्रांड्स से खरीदारी करने पर अतिरिक्त Membership Rewards पॉइंट्स नहीं कमा पाएंगे।
Apple, Nykaa और Myntra जैसी खरीदारी पर मिलता था फायदा
Reward Multiplier का इस्तेमाल Platinum, Gold और Membership Rewards (MR) कार्डधारक करते थे। इसके तहत ग्राहक Amex प्लेटफॉर्म पर लॉगिन करके पार्टनर ब्रांड का चयन करते थे और वहीं से खरीदारी पूरी करते थे। इस प्रक्रिया से उन्हें सामान्य रिवॉर्ड रेट से ज्यादा Membership Rewards पॉइंट्स मिलते थे।
इस प्रोग्राम में Apple, Nykaa, Myntra, MakeMyTrip होटल बुकिंग, Forest Essentials और Tanishq जैसे ब्रांड शामिल थे। कार्ड के आधार पर ग्राहक कई गुना ज्यादा पॉइंट्स हासिल कर सकते थे। Platinum कार्ड पर यह फायदा 5X पॉइंट्स तक और Centurion कार्ड पर 10X पॉइंट्स तक जाता था।

29 सितंबर तक पूरा करना होगा ट्रांजैक्शन
American Express ने ग्राहकों को बताया है कि Reward Multiplier के तहत फायदा लेने के लिए ट्रांजैक्शन 29 सितंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक पूरी तरह पूरा होना चाहिए। सिर्फ खरीदारी शुरू करने से बोनस पॉइंट्स नहीं मिलेंगे। यह समयसीमा उन ग्राहकों के लिए अहम है जो लैपटॉप, ज्वेलरी या ट्रैवल बुकिंग जैसी बड़ी खरीदारी करने की योजना बना रहे हैं। तय समय के बाद पूरी हुई खरीदारी पर पुराने नियमों के तहत बोनस पॉइंट्स नहीं मिलेंगे।
American Express Banking ने कार्ड सदस्यों को भेजे ईमेल में कहा, “30 सितंबर 2026 से Reward Multiplier प्रोग्राम बंद हो जाएगा। चुनिंदा ब्रांड्स पर मिलने वाले अतिरिक्त Membership Rewards पॉइंट्स उपलब्ध नहीं रहेंगे। हालांकि, ग्राहक ShopWise के जरिए योग्य खरीदारी पर 5X Membership Rewards पॉइंट्स कमा सकते हैं।”
Membership Rewards प्रोग्राम पर नहीं पड़ेगा असर
Reward Multiplier बंद होने के बावजूद American Express का मुख्य Membership Rewards प्रोग्राम जारी रहेगा। कंपनी ने साफ किया है कि मौजूदा पॉइंट बैलेंस और सामान्य रिवॉर्ड रेट में कोई बदलाव नहीं होगा।

