scorecardresearch

सीनियर सिटीजंस कैसे चुनें सही म्यूचुअल फंड? निवेश से पहले इन जरूरी बातों का रखें ध्यान

रिटायरमेंट के बाद जमा पूंजी का सही इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। अगर आप म्यूचुअल फंड में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो सिर्फ रिटर्न देखना काफी नहीं है। आखिर सीनियर सिटीजंस के लिए कौन से फंड बेहतर विकल्प हो सकते हैं और हर महीने पैसों की जरूरत कैसे पूरी होगी?

Advertisement
AI-Generated image

In Short

  • सीनियर सिटीजंस के लिए डेट, आर्बिट्राज और बैलेंस्ड एडवांटेज फंड भी ऑप्शन हैं।
  • SWP के जरिए रिटायरमेंट के बाद हर महीने तय रकम निकाल सकते हैं।
  • फंड चुनने से पहले जोखिम, निवेश खर्च और टैक्स के नियम समझें।

रिटायरमेंट के बाद घर का खर्च चलाने से लेकर मेडिकल इमरजेंसी तक के लिए पैसों की जरूरत पड़ती है। ऐसे में सीनियर सिटीजंस के लिए अपनी जमा पूंजी को सही जगह निवेश करना बेहद जरूरी है। म्यूचुअल फंड में निवेश के कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन हर स्कीम बुजुर्गों के लिए उपयुक्त हो, ऐसा जरूरी नहीं है। आइए जानते हैं कि रिटायरमेंट के बाद म्यूचुअल फंड चुनते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

advertisement

कितना जोखिम उठा सकते हैं?

टाटा म्यूचुअल फंड के मुताबिक, रिटायरमेंट के बाद निवेशकों की जोखिम उठाने की क्षमता नौकरी के दिनों से अलग हो सकती है। निवेश से पहले देखें कि पेंशन और अन्य स्रोतों से होने वाली कमाई से महीने का कितना खर्च पूरा हो रहा है। साथ ही इमरजेंसी फंड और निवेश की अवधि का भी ध्यान रखें। स्कीम के रिस्कोमीटर की मदद से निवेश में जोखिम के स्तर को समझ सकते हैं।

किन म्यूचुअल फंड्स पर कर सकते हैं विचार?

सीनियर सिटीजंस डेट फंड, आर्बिट्राज फंड और बैलेंस्ड एडवांटेज फंड पर विचार कर सकते हैं। डेट फंड में आमतौर पर इक्विटी फंड के मुकाबले कम उतार-चढ़ाव होता है। वहीं, आर्बिट्राज फंड कम अवधि के निवेश के लिए एक विकल्प हो सकते हैं। बैलेंस्ड एडवांटेज फंड इक्विटी और डेट दोनों में निवेश करते हैं।

पुरानी टैक्स व्यवस्था में धारा 80C के तहत टैक्स छूट चाहने वाले निवेशक ELSS फंड पर भी विचार कर सकते हैं। हालांकि, इसमें इक्विटी का जोखिम और तीन साल का लॉक-इन पीरियड होता है।

हर महीने पैसे निकालने का ऑप्शन

सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) के जरिए निवेशक हर महीने, तिमाही या सालाना आधार पर तय रकम निकाल सकते हैं। जरूरत के हिसाब से निकासी की रकम बढ़ा या घटा सकते हैं। बाकी पैसा फंड में निवेशित रहता है। हालांकि, SWP में नियमित आय या रिटर्न की गारंटी नहीं होती। ज्यादा निकासी से जमा पूंजी भी घट सकती है।

निवेश से पहले खर्च और टैक्स समझें

म्यूचुअल फंड चुनते समय एक्सपेंस रेशियो और एग्जिट लोड जरूर देखें। डायरेक्ट प्लान में आमतौर पर रेगुलर प्लान के मुकाबले एक्सपेंस रेशियो कम होता है। इसके अलावा पैसे निकालने पर लगने वाले कैपिटल गेन्स टैक्स के नियमों को भी समझना जरूरी है।

ज्यादा रिटर्न के चक्कर में न पड़ें

केवल पिछले रिटर्न को देखकर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए। रिटायरमेंट की पूरी जमा पूंजी किसी एक स्कीम में लगाने से जोखिम बढ़ सकता है। रोजमर्रा के खर्च और मेडिकल इमरजेंसी के लिए पैसा अलग रखें। साथ ही समय-समय पर अपने निवेश की समीक्षा करते रहें।

advertisement

Disclaimer: म्यूचुअल फंड्स निवेश बाज़ार जोखिमों के अधीन है। ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।