
टाटा ग्रुप में नहीं थम रहा विवाद, चेयरमैन की नियुक्ति से लिस्टिंग तक फंसा कानूनी पेंच
टाटा ग्रुप में चेयरमैन की नियुक्ति और फैसले लेने के अधिकारों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। 30 नवंबर को होने वाली अहम बोर्ड मीटिंग से पहले टाटा संस ने एक बड़ा कानूनी कदम उठाया है। जानें इस पूरे विवाद की वजह क्या है और इसका ग्रुप पर क्या असर पड़ सकता है।

In Short
- टाटा संस ने बॉम्बे हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की।
- 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग में टाटा संस की प्रस्तावित लिस्टिंग पर चर्चा होनी है।
- एन चंद्रशेखरन की तीसरी बार नियुक्ति से जुड़े मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी 2027 को होगी।
टाटा ग्रुप में मैनेजमेंट और फैसले लेने के अधिकारों को लेकर चल रहा विवाद अब और बढ़ गया है। टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स के बीच कानूनी लड़ाई ऐसे समय में तेज हुई है, जब ग्रुप के भविष्य से जुड़े कई बड़े फैसले होने हैं। इस पूरे विवाद में चेयरमैन की नियुक्ति से लेकर टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग तक का मुद्दा शामिल है।
टाटा संस ने दाखिल की कैविएट
बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा संस ने 27 नवंबर की देर शाम बॉम्बे हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच और सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की है। कंपनी ने यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया है, ताकि टाटा ट्रस्ट्स की संभावित अपील पर कोई अंतरिम राहत देने से पहले उसका पक्ष भी सुना जाए।
क्या होती है कैविएट?
कोड ऑफ सिविल प्रोसीजर की धारा 148A के तहत कैविएट दाखिल करने का प्रावधान है। आसान भाषा में समझें तो इसके जरिए कोई पक्ष अदालत से अनुरोध करता है कि संबंधित मामले में उसका पक्ष सुने बिना कोई आदेश जारी न किया जाए।
30 नवंबर को होगी बोर्ड मीटिंग
शुक्रवार को बॉम्बे हाई कोर्ट के जस्टिस अभय आहूजा ने टाटा ट्रस्ट्स को अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी 2027 को होगी। कोर्ट के फैसले के बाद 30 नवंबर को टाटा संस की बोर्ड मीटिंग होने का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि, बैठक में लिए गए फैसले मुकदमे के अंतिम नतीजे पर निर्भर करेंगे।

चंद्रशेखरन की नियुक्ति को चुनौती
टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की कुल 66 फीसदी हिस्सेदारी है। इसके तहत आने वाले सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने गुरुवार को अदालत का रुख किया था। दोनों ने एन चंद्रशेखरन को तीसरी बार चेयरमैन बनाए जाने को चुनौती दी है। साथ ही आगामी बोर्ड मीटिंग पर कुछ पाबंदियां लगाने की मांग की है, जिसके एजेंडे में टाटा संस की प्रस्तावित लिस्टिंग भी शामिल है।
वोटिंग के अधिकार पर क्यों छिड़ा विवाद?
विवाद की जड़ टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन का आर्टिकल 121 है। यह कंपनी के बोर्ड में टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नियुक्त डायरेक्टर्स की सहमति और चेयरमैन के कास्टिंग वोट से जुड़े नियम तय करता है।
17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग में नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का विरोध किया था, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने समर्थन किया था। दोनों की अलग-अलग राय होने पर कार्यवाहक चेयरमैन हरीश मनवानी ने अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल किया। बोर्ड के बाकी सभी सदस्यों ने नियुक्ति का समर्थन किया था।
क्या है दोनों पक्षों की दलील?
टाटा ट्रस्ट्स का कहना है कि उसके दोनों नॉमिनी डायरेक्टर्स की सहमति नहीं होने पर जरूरी बहुमत नहीं मिलता और चेयरमैन कास्टिंग वोट के जरिए इस शर्त को पूरा नहीं कर सकते। वहीं, टाटा संस का कहना है कि दोनों डायरेक्टर्स की राय अलग होने पर चेयरमैन को कास्टिंग वोट का अधिकार है।
इस कानूनी लड़ाई का असर टाटा संस के मैनेजमेंट, सबसे बड़े शेयरहोल्डर के अधिकारों, बोर्ड के फैसलों और कंपनी की संभावित शेयर बाजार लिस्टिंग पर भी पड़ सकता है।


