scorecardresearch

मिडकैप फंड में ₹10,000 की SIP करने पर कितना होगा फायदा? समझें 15 साल का कैलकुलेशन

हर महीने छोटी रकम निवेश करके भी लंबे समय में लाखों रुपये का फंड तैयार किया जा सकता है। मिडकैप म्यूचुअल फंड में SIP करने वालों के लिए निवेश की अवधि और रिटर्न काफी मायने रखते हैं। जानें हर महीने 10,000 रुपये के निवेश से कितना बड़ा फंड बन सकता है।

Advertisement

In Short

  • 10,000 रुपये की मासिक SIP से 10 साल में बन सकता है 23 लाख रुपये का फंड।
  • 15 साल में 12 फीसदी सालाना रिटर्न पर 49 लाख रुपये जमा होने का अनुमान।
  • लार्जकैप के मुकाबले मिडकैप म्यूचुअल फंड में ज्यादा होता है निवेश का जोखिम।

छोटी-छोटी बचत के जरिए भी लंबे समय में बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है। म्यूचुअल फंड में सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) निवेश का एक ऐसा तरीका है, जिसमें हर महीने एक तय रकम निवेश की जाती है। मिडकैप म्यूचुअल फंड भी निवेशकों के लिए एक विकल्प हैं। आइए जानते हैं कि इनमें नियमित निवेश से कितना पैसा जमा हो सकता है और निवेश करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

advertisement

10 साल में कितना बनेगा फंड?

टाटा म्यूचुअल फंड के कैलकुलेशन के मुताबिक, अगर कोई निवेशक हर महीने 10,000 रुपये की SIP करता है तो 10 साल में उसका कुल निवेश 12 लाख रुपये होगा। इस दौरान 9 फीसदी सालाना रिटर्न मिलने पर करीब 19 लाख रुपये का फंड बन सकता है। वहीं, 10 फीसदी रिटर्न पर 20 लाख रुपये, 11 फीसदी पर 21 लाख रुपये और 12 फीसदी रिटर्न पर करीब 23 लाख रुपये जमा हो सकते हैं।

15 साल में बन सकता है 49 लाख का फंड

अगर निवेशक 15 साल तक हर महीने 10,000 रुपये की SIP करता है तो उसका कुल निवेश 18 लाख रुपये होगा। इस दौरान 9 फीसदी सालाना रिटर्न पर 37 लाख रुपये, 10 फीसदी पर 41 लाख रुपये, 11 फीसदी पर 45 लाख रुपये और 12 फीसदी रिटर्न पर करीब 49 लाख रुपये का फंड तैयार हो सकता है।

क्या होते हैं मिडकैप म्यूचुअल फंड?

सेबी के नियमों के मुताबिक, मिडकैप फंड ओपन एंडेड इक्विटी म्यूचुअल फंड स्कीम हैं। ये अपने कुल एसेट्स का कम से कम 65 फीसदी मिडकैप कंपनियों के शेयरों और इक्विटी से जुड़े इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश करते हैं। मार्केट कैपिटलाइजेशन के आधार पर 101वें से 250वें स्थान पर आने वाली कंपनियां मिडकैप कैटेगरी में शामिल होती हैं। इन कंपनियों के पास कारोबार और मार्केट शेयर बढ़ाने के मौके होते हैं, लेकिन इसकी कोई गारंटी नहीं होती।

प्रतीकात्मक तस्वीर

बाजार में गिरावट आई तो क्या होगा?

मिडकैप फंड में लार्जकैप फंड के मुकाबले ज्यादा रिस्क होता है। सीमित वित्तीय संसाधनों और आर्थिक सुस्ती के चलते इन कंपनियों के शेयरों में ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। बाजार में बड़ी गिरावट आने पर SIP से जमा रकम की वैल्यू भी घट सकती है।

हर साल SIP की रकम बढ़ाना कितना फायदेमंद?

स्टेप-अप SIP के जरिए हर साल निवेश की रकम बढ़ाकर बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है। हालांकि, निवेशकों को अपनी कमाई, खर्च, वित्तीय लक्ष्यों और रिस्क लेने की क्षमता के आधार पर ही रकम बढ़ानी चाहिए।

एक या कई मिडकैप फंड में करें निवेश?

advertisement

अलग-अलग मिडकैप फंड में निवेश करने से जरूरी नहीं कि रिस्क कम हो। कई स्कीम एक ही कंपनी के शेयरों में निवेश करती हैं, जिसे पोर्टफोलियो ओवरलैप कहते हैं। ऐसे में निवेश से पहले फंड की होल्डिंग्स, सेक्टर एलोकेशन और निवेश की रणनीति की तुलना करनी चाहिए।

डिस्क्लेमर: रिटर्न के ये आंकड़े अनुमानित हैं और इन्हें PaRRVA या सेबी से मान्यता प्राप्त किसी अन्य एजेंसी ने वेरिफाई नहीं किया है। म्यूचुअल फंड निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। पिछले प्रदर्शन से भविष्य के रिटर्न की गारंटी नहीं मिलती। निवेश से पहले अपनी रिसर्च जरूर करें।

Disclaimer: म्यूचुअल फंड्स निवेश बाज़ार जोखिमों के अधीन है। ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।