होममेकर्स भी कर सकती हैं म्यूचुअल फंड में निवेश, जानें कैसे हर महीने सिर्फ ₹500 से करें शुरुआत
घर खर्च से छोटी-छोटी बचत करने वाली महिलाएं भी म्यूचुअल फंड में निवेश शुरू कर सकती हैं। इसके लिए नौकरी या नियमित सैलरी होना जरूरी नहीं है। महज 500 रुपये महीने से SIP की शुरुआत की जा सकती है। हालांकि, निवेश करने से पहले कुछ जरूरी बातों को समझना बेहद अहम है।

In Short
- गृहिणियां बिना नौकरी और नियमित सैलरी के भी कर सकती हैं निवेश
- महज 500 रुपये महीने से शुरू कर सकती हैं म्यूचुअल फंड में SIP
- निवेश से पहले जोखिम और वित्तीय लक्ष्य को समझना जरूरी
भारतीय महिलाएं अक्सर घर के खर्चों से कुछ पैसे बचाकर रखती हैं। कभी राशन की खरीदारी तो कभी बिजली के बिल में बचत करके गृहिणियां थोड़ा-थोड़ा पैसा जमा करती हैं। अगर आप भी ऐसा करती हैं तो इन पैसों को घर में रखने के बजाय म्यूचुअल फंड में निवेश कर सकती हैं। कई म्यूचुअल फंड स्कीमों में महज 500 रुपये महीने की SIP से निवेश शुरू करने की सुविधा मिलती है। लंबे समय तक निवेश करने पर कंपाउंडिंग का फायदा भी मिल सकता है।
बिना नौकरी के भी कर सकती हैं निवेश
म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए नौकरी या नियमित सैलरी होना जरूरी नहीं है। गृहिणियां अपनी बचत या गिफ्ट में मिले पैसों से अपने नाम पर निवेश शुरू कर सकती हैं। इसके लिए पैन कार्ड, खुद के नाम पर बैंक अकाउंट और KYC पूरी होनी चाहिए।
500 रुपये की SIP का क्या है फायदा?
SIP के जरिए हर महीने एक तय रकम निवेश करने की आदत बनती है। बैंक मैंडेट रजिस्टर होने के बाद तय तारीख पर खाते से पैसे अपने आप कट जाते हैं। इसके अलावा निवेश के लिए बाजार में सही समय का इंतजार भी नहीं करना पड़ता है।
कैसे शुरू करें निवेश?
सबसे पहले अपने घर का बजट देखें और तय करें कि हर महीने कितनी रकम निवेश कर सकती हैं। अगर घर खर्च के बाद 2,000 रुपये बचते हैं तो उसमें से 500 रुपये की SIP शुरू कर सकती हैं और बाकी रकम दूसरी जरूरतों के लिए रख सकती हैं।
इसके बाद पैन कार्ड, आधार कार्ड या अन्य मान्य पहचान पत्र, बैंक अकाउंट की जानकारी, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी तैयार रखें। म्यूचुअल फंड कंपनी की वेबसाइट, ऐप या निवेश प्लेटफॉर्म के जरिए KYC पूरी करके निवेश शुरू कर सकती हैं।
कैसे चुनें सही म्यूचुअल फंड?
इक्विटी फंड, डेट फंड, हाइब्रिड फंड और इंडेक्स फंड समेत निवेश के कई विकल्प मौजूद हैं। सभी में जोखिम का स्तर अलग-अलग होता है। बच्चों की पढ़ाई, रिटायरमेंट या परिवार की अन्य जरूरतों को ध्यान में रखकर स्कीम चुनें। साथ ही स्कीम का रिस्कोमीटर, एक्सपेंस रेश्यो, एग्जिट लोड और न्यूनतम SIP राशि भी चेक करें।
निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान
म्यूचुअल फंड में रिटर्न की गारंटी नहीं होती है। हर वित्तीय लक्ष्य के लिए 500 रुपये की SIP पर्याप्त हो, यह भी जरूरी नहीं है। इसलिए अपनी जरूरत के हिसाब से निवेश की रकम तय करें। इमरजेंसी के लिए कुछ पैसे अलग रखें। म्यूचुअल फंड से पैसे निकालने पर कैपिटल गेन टैक्स लग सकता है। वहीं, पति से गिफ्ट में मिले पैसों के निवेश पर इनकम क्लबिंग के नियम भी लागू हो सकते हैं।


