ऑटो चालकों की बढ़ेगी कमाई, कारोबारियों का घटेगा खर्च? सरकार के सामने आया नया प्रस्ताव
देश के करोड़ों छोटे कारोबारियों और ऑटो चालकों के लिए एक अहम प्रस्ताव सामने आया है। इसके तहत पैसेंजर ऑटो-रिक्शा का इस्तेमाल सामान की ढुलाई के लिए भी करने की अनुमति दी जा सकती है। इससे कारोबारियों का ट्रांसपोर्टेशन खर्च घटने और ऑटो चालकों की कमाई बढ़ने की उम्मीद है। लेकिन यह व्यवस्था कैसे काम करेगी और किन नियमों के तहत लागू होगी? जानिए पूरी जानकारी।

In Short
- पैसेंजर ऑटो से सामान ढुलाई की अनुमति देने का प्रस्ताव।
- सात करोड़ से ज्यादा MSME का ट्रांसपोर्ट खर्च घट सकता है।
- ऑटो चालकों की कमाई बढ़ने की उम्मीद, राज्यों की मंजूरी जरूरी।
देश के छोटे कारोबारियों के लिए सामान की ढुलाई जल्द सस्ती हो सकती है। सरकार के सामने एक ऐसा प्रस्ताव आया है, जिसके तहत यात्रियों को ले जाने वाले ऑटो-रिक्शा का इस्तेमाल सामान पहुंचाने के लिए भी किया जा सकेगा। अगर राज्यों से मंजूरी मिलती है, तो इससे देश के सात करोड़ से ज्यादा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) को फायदा हो सकता है।
क्या है नया प्रस्ताव?
18 नवंबर को सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से आयोजित 'RIDE – Moving India Forward' कार्यक्रम में इस प्रस्ताव पर चर्चा हुई।
लॉजिस्टिक्स कंपनी Porter के CEO और को-फाउंडर उत्तम डिग्गा ने बताया कि 25 से 250 किलो वजन वाले सामान की ढुलाई में बड़ी परेशानी आती है।
इतना सामान बाइक से ले जाना मुश्किल होता है, जबकि इसके लिए अलग मालवाहक गाड़ी बुक करना महंगा पड़ सकता है।
प्रस्ताव के मुताबिक, पैसेंजर ऑटो को निर्धारित सुरक्षा नियमों और वजन सीमा के तहत केवल सामान पहुंचाने वाली ट्रिप करने की अनुमति दी जा सकती है।
छोटे कारोबारियों को कैसे होगा फायदा?
देश के सात करोड़ से ज्यादा MSME के लिए ट्रांसपोर्टेशन का खर्च कारोबार की लागत का अहम हिस्सा है।
छोटे दुकानदारों, थोक व्यापारियों और मैन्युफैक्चरर्स को अक्सर कम मात्रा में सामान भेजना पड़ता है।
अगर पैसेंजर ऑटो से सामान ढुलाई की अनुमति मिलती है, तो उन्हें कम खर्च वाला विकल्प मिल सकता है। इससे मुनाफा बढ़ाने और सामान की सप्लाई बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
टेक्नोलॉजी से पहले ही घट रहा खर्च
टेक्नोलॉजी आधारित लॉजिस्टिक्स सेवाओं से वाहनों का इस्तेमाल करीब 25% से बढ़कर 50-60% तक पहुंचा है।
इन सेवाओं से ट्रांसपोर्टेशन लागत में 20-25% की कमी आई है।
C-DEP और IIT दिल्ली की रिसर्च के मुताबिक, सर्वे में शामिल 73% MSME ने लॉजिस्टिक्स खर्च घटने और 95% ने समय पर डिलीवरी बेहतर होने की जानकारी दी।
ऑटो चालकों की भी बढ़ सकती है कमाई
इस प्रस्ताव से ऑटो चालक यात्रियों की कम मांग वाले समय में सामान पहुंचाकर अतिरिक्त कमाई कर सकेंगे। हालांकि, इसे लागू करने से पहले परमिट, बीमा, वजन सीमा और सड़क सुरक्षा से जुड़े नियम तय करने होंगे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यों से मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस 2025 लागू करने की भी अपील की है। फिलहाल यह केवल प्रस्ताव है। वास्तविक बचत और इसकी शुरुआत राज्यों की मंजूरी तथा लागू होने वाले नियमों पर निर्भर करेगी।


