
लार्जकैप और मिडकैप में एक साथ निवेश का मौका, एक्सिस म्यूचुअल फंड लाया नया NFO
एक्सिस म्यूचुअल फंड ने निवेशकों के लिए एक नई स्कीम लॉन्च की है, जिसमें कम रकम से शेयर बाजार की कई बड़ी और मिडकैप कंपनियों में निवेश का मौका मिलेगा। इस स्कीम का निवेश करने का तरीका भी खास है। जानिए कब तक कर सकते हैं निवेश और क्या हैं इसके जोखिम।

In Short
- एक्सिस म्यूचुअल फंड की नई स्कीम में 250 कंपनियों में निवेश का मौका मिलेगा।
- लार्जकैप और मिडकैप कंपनियों में 50-50 फीसदी निवेश किया जाएगा।
- निवेशक 11 दिसंबर तक न्यूनतम 100 रुपये से स्कीम में निवेश कर सकते हैं।
म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले लोगों के सामने अक्सर यह सवाल रहता है कि बड़ी कंपनियों में पैसा लगाएं या तेजी से आगे बढ़ रही मिडकैप कंपनियों में निवेश करें। इसी उलझन को दूर करने के लिए एक्सिस म्यूचुअल फंड (Axis Mutual Fund) ने एक नई स्कीम लॉन्च की है। आइए जानते हैं कि यह स्कीम कैसे काम करेगी, इसमें कितना निवेश कर सकते हैं और इससे जुड़े जोखिम क्या हैं।
11 दिसंबर तक निवेश का मौका
एक्सिस म्यूचुअल फंड ने एक्सिस निफ्टी लार्जमिडकैप 250 इंडेक्स फंड (Axis Nifty LargeMidcap 250 Index Fund) लॉन्च किया है। इसका न्यू फंड ऑफर (NFO) 27 नवंबर 2026 को खुल चुका है और 11 दिसंबर 2026 को बंद होगा। यह फंड निफ्टी लार्जमिडकैप 250 टोटल रिटर्न इंडेक्स (TRI) को ट्रैक करेगा।
एक ही फंड से 250 कंपनियों में निवेश
इस इंडेक्स में निफ्टी 100 की 100 लार्जकैप और निफ्टी मिडकैप 150 की 150 कंपनियां शामिल हैं। दोनों कैटेगरी में 50-50 फीसदी निवेश का अनुपात रखा जाएगा। हर तीन महीने में इस अनुपात को दोबारा 50:50 किया जाएगा।
शेयर बाजार के 75 फीसदी हिस्से तक पहुंच
एक्सिस म्यूचुअल फंड के मुताबिक, यह इंडेक्स भारतीय शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनियों के कुल मार्केट कैप का करीब 75 फीसदी हिस्सा कवर करता है। 30 अक्टूबर तक इंडेक्स में टॉप 10 शेयरों की हिस्सेदारी करीब 22 फीसदी थी, जबकि निफ्टी 100 में यह 43 फीसदी और निफ्टी 50 में 53 फीसदी थी।
क्या है कंपनी का कहना?
एक्सिस एएमसी के एमडी और सीईओ बी गोपकुमार के मुताबिक, लार्जकैप कंपनियों का बिजनेस पहले से स्थापित होता है और उनकी वित्तीय स्थिति अपेक्षाकृत मजबूत होती है। वहीं, मिडकैप कंपनियों में कारोबार बढ़ाने की संभावनाएं होती हैं। बाजार के अलग-अलग दौर में दोनों का प्रदर्शन बदलता रहता है। ऐसे में यह फंड कम लागत वाले पैसिव निवेश के जरिए दोनों कैटेगरी में पैसा लगाने का विकल्प देता है।

10 साल में कितना रहा रिटर्न?
30 अक्टूबर 2026 तक पिछले 10 साल में निफ्टी लार्जमिडकैप 250 इंडेक्स ने 13.8 फीसदी का सालाना कंपाउंडेड रिटर्न (CAGR) दिया है। इसी अवधि में निफ्टी 100 ने 11.7 फीसदी और निफ्टी 50 ने 11.6 फीसदी रिटर्न दिया है। हालांकि, पिछले प्रदर्शन के आधार पर भविष्य में रिटर्न की गारंटी नहीं दी जा सकती।
कितने रुपये से शुरू कर सकते हैं निवेश?
इस स्कीम में न्यूनतम 100 रुपये से निवेश कर सकते हैं। इसके बाद 1 रुपये के मल्टीपल में निवेश किया जा सकता है। फंड का मैनेजमेंट नंदिक मलिक और रोहित गौतम करेंगे। इंडेक्स में बदलाव के साथ फंड के पोर्टफोलियो में भी बदलाव किया जाएगा।
कितना लगेगा एग्जिट लोड?
यूनिट अलॉट होने के 15 दिनों के भीतर पैसा निकालने या दूसरी स्कीम में स्विच करने पर 0.25 फीसदी एग्जिट लोड लगेगा। वहीं, 15 दिनों के बाद कोई एग्जिट लोड नहीं देना होगा।
निवेश से पहले समझ लें जोखिम
यह स्कीम लंबी अवधि के इक्विटी निवेशकों के लिए है। हालांकि, मिडकैप शेयरों में ज्यादा उतार-चढ़ाव और लिक्विडिटी की कमी का जोखिम रहता है। ट्रैकिंग एरर के कारण फंड का रिटर्न इंडेक्स से अलग भी हो सकता है। स्कीम अपने निवेश लक्ष्य को हासिल करेगी, इसकी कोई गारंटी नहीं है।


