Kejriwal In Jail: तिहाड़ के जेल नंबर 2 में रखे जाएंगे अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 15 अप्रैल तक जेल भेज दिया गया है। केजरीवाल को आज ईडी हिरासत खत्म होने पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था।

Delhi के मुख्यमंत्री Arvind Kejriwal को 15 अप्रैल तक जेल भेज दिया गया है। केजरीवाल को आज ED हिरासत खत्म होने पर दिल्ली की Rouse Avenue Court में पेश किया गया था। ईडी ने आगे कस्टडी नहीं मांगी थी, जिसके बाद कोर्ट ने 15 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का फैसला लिया है। वहीं, राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा, प्रधानमंत्री जी, जो ये कर रहे हैं वो देश के लिए अच्छा नहीं है। केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि वो सीएम पद से इस्तीफा नहीं देंगे। बल्कि जेल से सरकार चलाएंगे।
केजरीवाल को तिहाड़ जेल में रखा जाएगा। वहां तैयारियां को अंतिम रूप दिया गया है। तिहाड़ जेल में पिछले दो दिनों से हाईलेवल मीटिंग हो रही है। केजरीवाल को लेकर विचार हो रहा था। जेल आने की सूरत में केजरीवाल को कौन से बैरक में रखना होगा, इस पर मंथन हुआ। वे जेल नंबर 2 में रहेंगे। केजरीवाल ने जेल में अध्ययन के लिए कोर्ट से 3 किताबों की मांग की है। केजरीवाल ने रामायण, गीता और नीरजा चौधरी की किताब How Prime Minister decide की मांग की है। इसके अलावा, जेल में दवा रखने की इजाजत मांगी है।
राउज एवेन्यू कोर्ट
के कविता की जमानत और अंतरिम जमानत याचिका पर राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि हम दोनों जमानत एक साथ मांग रहे हैं। ईडी ने अपना जवाब दाखिल कर दिया है। ईडी ने पूछताछ के दौरान केजरीवाल के रवैये को असहयोगपूर्ण बताया है। ईडी का कहना है कि केजरीवाल सवालों का जवाब सीधा नहीं देते है। वे गोलमोल जवाब देते हैं। फोन के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी है। ईडी ने कोर्ट में पहली बार मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज का जिक्र किया। ईडी के मुताबिक, केजरीवाल ने पूछताछ में जानकारी दी है कि विजय नायर मुझे नहीं, बल्कि आतिशी और सौरभ को रिपोर्ट करते थे। वहीं, मीडिया ने जब आतिशी से सवाल किया तो वे खामोश रहीं और कोई जवाब नहीं दिया। इधर, केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का बयान भी आया है। उन्होंने कहा, चुनाव के वक्त केजरीवाल को जेल में डाला गया है। देश की जनता इस तानाशाही का जवाब देगी।
Also Read: Kejriwal को 'आशीर्वाद दो' अभियान आज से, CM की पत्नी Sunita ने जारी किया WhatsApp Number
'तथ्यात्मक आधार पर कोर्ट ने निर्णय लिया'
बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा- पूरा विपक्ष आरोपी केजरीवाल को बचाने का प्रयास कर रहा है। न्यायालय ने भावनात्मक नहीं, तथ्यात्मक आधार पर निर्णय लिया है। सुधांशु त्रिवेदी ने केजरीवाल के अब तक सीएम पद से इस्तीफा ना देने पर सवाल उठाए और कहा- वो अपने घोटाला गुरू लालू यादव से भी आगे निकल गए हैं। सुधांशु ने केजरीवाल के आतिशी और सौरभ भारद्वाज का नाम लेने पर तंज कसा। उन्होंने केजरीवाल पर शेर पढ़ा- ‘बैठा हूं दिल में ये राज छिपाए, जरा सा होंठ खुले तो जाने कितनों के दिल डगमगाए।’
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने सुनीता केजरीवाल की राबड़ी देवी से तुलना की
बता दें कि के कविता की जमानत याचिका पर आज राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई हो रही है। केजरीवाल को ईडी ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। जबकि के कविता को जांच एजेंसी ने 15 मार्च को दिल्ली स्थित निवास से अरेस्ट किया था।
'जेल से सरकार चलाना संभव नहीं'
जेल से सरकार चलाने की प्रक्रिया पर तिहाड़ जेल के पूर्व पीआरओ सुनील कुमार गुप्ता कहते हैं, यह बेहद चुनौतीपूर्ण होगा। सीएम के साथ एक निजी स्टाफ होना चाहिए। अब तक 16 जेलें हैं और उनमें से किसी में भी ऐसी कोई सुविधा नहीं है, जहां से मुख्यमंत्री पद चलाया जा सके। इसके लिए सारे नियम तोड़ने पड़ते हैं। कोई भी इतने सारे नियम तोड़ने की इजाजत नहीं देगा। सरकार चलाने का मतलब सिर्फ फाइलों पर हस्ताक्षर करना नहीं है। सरकार चलाने के लिए कैबिनेट की बैठकें बुलाई जाती हैं। मंत्रियों से सलाह ली जाती है और बहुत सारा स्टाफ होता है। एलजी के साथ बैठकें या टेलीफोन पर बातचीत होती है। जेल में टेलीफोन की सुविधा नहीं है। जनता अपनी शिकायतों के निवारण के लिए एक सीएम से मिलने आती है। जेल में सीएम कार्यालय बनाना असंभव है। जेल में कैदी हर दिन 5 मिनट के लिए अपने परिवार से बात कर सकते हैं और यह सब रिकॉर्ड किया जाता है।
