scorecardresearch

WhatsApp पर शेयर खरीदने के टिप्स मिल रहे हैं? नितिन कामथ ने बताया पैसा गंवाने का सबसे बेवकूफी भरा तरीका

क्या आपके WhatsApp या Telegram पर भी ऐसे मैसेज आते हैं, जिनमें किसी शेयर से जल्दी मोटा मुनाफा कमाने का दावा किया जाता है? Zerodha के फाउंडर नितिन कामथ ने ऐसे टिप्स पर भरोसा करने वाले निवेशकों को चेतावनी दी है। उन्होंने शेयर बाजार में बढ़ते एक खास तरह के स्कैम का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे निवेशक अपनी कमाई गंवा सकते हैं।

Advertisement
नितिन कामथ ने मैसेजिंग ग्रुप्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के जरिए बढ़ते कथित शेयर घोटालों पर चिंता जताई। (फोटो: नितिन कामथ/X)
नितिन कामथ ने मैसेजिंग ग्रुप्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के जरिए बढ़ते कथित शेयर घोटालों पर चिंता जताई। (फोटो: नितिन कामथ/X)

In Short

  • WhatsApp और Telegram के शेयर टिप्स से बचने की नितिन कामथ की सलाह।
  • Pump and Dump स्कैम में निवेशकों को हो सकता है भारी नुकसान।
  • ED ने कथित स्कैम में करीब 200 करोड़ रुपये के ट्रेडिंग अकाउंट फ्रीज किए।

अगर आप भी WhatsApp, Telegram या सोशल मीडिया पर मिलने वाले शेयर बाजार के टिप्स देखकर निवेश करते हैं, तो सावधान हो जाइए। Zerodha के फाउंडर और CEO नितिन कामथ ने ऐसे निवेशकों को चेतावनी दी है। उनका कहना है कि जल्दी और आसानी से मुनाफा कमाने का लालच निवेशकों को भारी नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने आशंका जताई है कि आने वाले समय में इस तरह की धोखाधड़ी के मामले और बढ़ सकते हैं।

advertisement

WhatsApp पर शेयर टिप्स को लेकर क्या बोले नितिन कामथ?

नितिन कामथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि हैरानी की बात है कि 2026 में भी लोग WhatsApp, Telegram, SMS और सोशल मीडिया पर मिलने वाले शेयर टिप्स के झांसे में आ रहे हैं।

उन्होंने इसे पैसा गंवाने के सबसे बेवकूफी भरे तरीकों में से एक बताया।

दरअसल, ऐसे मैसेज में अक्सर कम समय में ज्यादा रिटर्न या पक्के मुनाफे का दावा किया जाता है। कई बार निवेशकों पर तुरंत शेयर खरीदने का दबाव भी बनाया जाता है।

क्या होता है Pump and Dump स्कैम?

कामथ ने शेयर बाजार में बढ़ते 'पंप एंड डंप' स्कैम को लेकर भी चिंता जताई है।

इस तरह की धोखाधड़ी में कुछ लोग गलत या भ्रामक जानकारी फैलाकर किसी शेयर की कीमत कृत्रिम तरीके से बढ़ाते हैं। जब ज्यादा निवेशक शेयर खरीदने लगते हैं और कीमत ऊपर पहुंच जाती है, तो स्कैम करने वाले अपने शेयर बेचकर निकल जाते हैं।

इसके बाद कीमत गिरने पर आम निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

कामथ के मुताबिक, WhatsApp ग्रुप और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के जरिए शेयरों और IPO को बढ़ावा देने के ऐसे मामले बढ़ रहे हैं।

ED ने करीब 200 करोड़ रुपये के ट्रेडिंग अकाउंट किए फ्रीज

नितिन कामथ की चेतावनी ऐसे समय आई है, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित तौर पर WhatsApp के जरिए चलाए गए पंप एंड डंप स्कैम की जांच में करीब 200 करोड़ रुपये वाले ट्रेडिंग अकाउंट फ्रीज किए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला शेयर बाजार में लिस्टेड दो कंपनियों से जुड़ा है।

इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर मिलने वाली निवेश सलाह की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं।

निवेशकों को क्या सलाह दी नितिन कामथ ने?

कामथ ने कहा कि अगली बार कोई मैसेज आसानी से पैसा कमाने का दावा करे, तो निवेश करने से पहले ChatGPT या Claude जैसे AI टूल से उसकी जांच करने में मदद ली जा सकती है।

हालांकि, केवल AI के जवाब पर निवेश का फैसला नहीं लेना चाहिए। निवेशकों को स्टॉक एक्सचेंज की आधिकारिक फाइलिंग, कंपनी की घोषणाओं और नियामकीय जानकारी भी जांचनी चाहिए।

कामथ ने कहा कि शेयर बाजार में अगर कोई ऑफर जरूरत से ज्यादा अच्छा लग रहा है, तो संभव है कि वह सच न हो।

advertisement

निवेशकों के लिए जरूरी बात: बिना जांच किए शेयर टिप्स पर पैसा लगाने और गारंटीड रिटर्न के दावों पर भरोसा करने से बचें।