Microsoft में फिर छंटनी की तैयारी! Xbox कर्मचारियों पर मंडराया नौकरी जाने का खतरा, 3 राउंड में हो सकती है कटौती
Microsoft Xbox Layoffs: Microsoft के गेमिंग डिवीजन Xbox में एक बार फिर कर्मचारियों की नौकरी पर संकट मंडरा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी आने वाले महीनों में छंटनी के तीन नए राउंड की तैयारी कर रही है। CEO आशा शर्मा कारोबार का खर्च घटाने और गेमिंग स्टूडियो के कामकाज में बदलाव करने पर जोर दे रही हैं। जानिए आखिर क्यों हो रही है छंटनी की तैयारी।

In Short
- Xbox में छंटनी के तीन और राउंड होने की आशंका।
- नवंबर 2026 और जनवरी 2027 में हो सकती है नौकरी में कटौती।
- पिछले तीन वर्षों में गेमिंग डिवीजन से 5,750 नौकरियां खत्म होने की रिपोर्ट।
Microsoft के गेमिंग डिवीजन Xbox में कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कंपनी कथित तौर पर आने वाले महीनों में छंटनी के तीन और राउंड की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, नई छंटनी नवंबर 2026 और जनवरी 2027 में हो सकती है। हालांकि, कितने कर्मचारियों की नौकरी जाएगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। कंपनी अपने गेमिंग कारोबार का खर्च घटाने और कामकाज को बेहतर बनाने पर जोर दे रही है।
Xbox में फिर क्यों हो सकती है छंटनी?
Fortune की रिपोर्ट के मुताबिक, Xbox की CEO आशा शर्मा कंपनी के गेमिंग कारोबार में बड़े बदलाव कर रही हैं। फरवरी 2026 में CEO का पद संभालने वाली शर्मा ने कथित तौर पर कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक संदेश में कारोबार की मौजूदा स्थिति को 'अनहेल्दी' बताया था।
उनका मानना है कि कंपनी की पिछली कुछ योजनाओं और निवेश से उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिले।
इसी वजह से Microsoft बाहरी वेंडर्स पर खर्च कम करने और मैनेजमेंट की अतिरिक्त परतें हटाने की कोशिश कर रही है।
गेमिंग स्टूडियो में भी हो रहे बदलाव
रिपोर्ट के अनुसार, Microsoft अपने गेमिंग स्टूडियो के कामकाज में भी बदलाव कर रही है।
Double Fine Productions और Compulsion Games जैसे स्टूडियो को फिर से स्वतंत्र बनाया गया है। वहीं, लोकप्रिय गेम Hellblade बनाने वाले स्टूडियो Ninja Theory को बंद किए जाने की भी चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पहले भी हजारों कर्मचारियों की गई नौकरी
Xbox के कर्मचारियों के लिए 2026 काफी मुश्किल रहा है।
जुलाई 2026 में Microsoft ने वित्त वर्ष 2027 के आखिर तक 3,200 नौकरियां खत्म करने की योजना घोषित की थी। इनमें करीब 1,600 कर्मचारियों को तत्काल नौकरी से निकाल दिया गया था।
इसके बाद सितंबर में 260 और कर्मचारियों की छंटनी हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले तीन वर्षों में Microsoft के गेमिंग डिवीजन से कुल 5,750 नौकरियां खत्म हुई हैं।
क्या Xbox को बेचने की तैयारी है?
लगातार छंटनी और स्टूडियो में बदलाव के बीच Xbox को बेचने की अटकलें भी सामने आई थीं। हालांकि, Microsoft के अधिकारियों ने इन्हें खारिज किया है।
कंपनी के अधिकारी जडसन अल्थॉफ ने Fortune से कहा कि अगर Microsoft Xbox को बेचना चाहती, तो आशा शर्मा को इसकी जिम्मेदारी नहीं सौंपी जाती।
वहीं, आशा शर्मा भी साफ कह चुकी हैं कि Xbox बिक्री के लिए नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक, Microsoft नए गेमिंग डिवाइस पर भी काम कर रही है। कंपनी 2027 में एक हैंडहेल्ड गेमिंग डिवाइस और 2028 में 'Project Helix' नाम से विकसित किया जा रहा अगली पीढ़ी का होम कंसोल पेश कर सकती है।
फिलहाल नई छंटनी की संख्या और तारीखों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

