scorecardresearch

एलन मस्क का मेगा प्लान! Tesla और SpaceX को एक करने की तैयारी, 3.5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है वैल्यू

एलन मस्क अपनी दो दिग्गज कंपनियों Tesla और SpaceX को लेकर एक बड़ा फैसला लेने की तैयारी में हैं। दोनों कंपनियों के संभावित विलय की चर्चा तेज हो गई है। अगर यह डील पूरी होती है, तो कॉरपोरेट जगत में नया इतिहास बन सकता है। लेकिन इस रास्ते में एक बड़ी चुनौती भी है।

Advertisement

In Short

  • एलन मस्क की Tesla और SpaceX के संभावित विलय की तैयारी, दोनों कंपनियों ने बनाई विशेष समितियां।
  • विलय पूरा होने पर दोनों कंपनियों की संयुक्त वैल्यू करीब 3.5 ट्रिलियन डॉलर हो सकती है।
  • डील के लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी, AI तकनीक को आगे बढ़ाना विलय की बड़ी वजह।

दुनिया के दिग्गज कारोबारी एलन मस्क अपनी दो बड़ी कंपनियों Tesla और SpaceX को एक साथ लाने की तैयारी कर रहे हैं। मस्क ने पुष्टि की है कि दोनों कंपनियां विलय की संभावनाओं पर विचार कर रही हैं। अगर यह डील पूरी होती है, तो करीब 3.5 ट्रिलियन डॉलर की एक बड़ी कंपनी बन सकती है। हालांकि, अभी इस विलय पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

advertisement

Tesla और SpaceX के विलय की तैयारी शुरू

SpaceX की अर्निंग कॉल के दौरान एलन मस्क ने बताया कि Tesla और SpaceX ने संभावित विलय पर विचार करने के लिए अलग-अलग विशेष समितियां बनाई हैं। ये समितियां दोनों कंपनियों को एक साथ लाने की संभावनाओं का आकलन करेंगी।

मस्क के मुताबिक, दोनों कंपनियों को मिलाने के पीछे कई मजबूत वजहें हैं। खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में दोनों कंपनियां तेजी से काम कर रही हैं। हालांकि, अभी तक समितियां किसी समझौते पर नहीं पहुंची हैं।

विलय पर क्या बोले एलन मस्क?

एलन मस्क ने कहा कि दोनों कंपनियों को एक साथ लाने में काफी फायदे नजर आते हैं। उनके मुताबिक, यह एक अच्छा फैसला हो सकता है, लेकिन अंतिम निर्णय दोनों कंपनियों की विशेष समितियों और शेयरधारकों पर निर्भर करेगा।

मस्क ने साफ किया कि समितियों को पहले किसी प्रस्ताव पर सहमत होना होगा। इसके बाद प्रस्ताव शेयरधारकों के सामने वोटिंग के लिए रखा जाएगा।

उन्होंने यह भी माना कि शेयरधारकों की मंजूरी हासिल करना आसान नहीं होगा। इस डील को आगे बढ़ाने के लिए Tesla के कम से कम 50 प्रतिशत शेयरधारकों का समर्थन जरूरी होगा।

3.5 ट्रिलियन डॉलर की बन सकती है कंपनी

अगर Tesla और SpaceX का विलय होता है, तो यह कॉरपोरेट इतिहास की सबसे बड़ी मर्जर डील बन सकती है।

मौजूदा वैल्यूएशन के आधार पर दोनों कंपनियों की संयुक्त कीमत करीब 3.5 ट्रिलियन डॉलर आंकी जा रही है। SpaceX को दुनिया की सातवीं सबसे बड़ी कंपनी बताया गया है, जबकि Tesla ग्यारहवें स्थान पर है।

यह संभावित डील SpaceX और xAI के 1.25 ट्रिलियन डॉलर मूल्य वाले विलय से भी बड़ी हो सकती है।

AI से लेकर रॉकेट और इलेक्ट्रिक कार तक एक साथ होगा कारोबार

Tesla और SpaceX के एक होने से कई अलग-अलग कारोबार एक ही कंपनी के अंतर्गत आ सकते हैं। इनमें इलेक्ट्रिक वाहन, एनर्जी स्टोरेज बैटरी, रॉकेट और सैटेलाइट जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।

इस संभावित विलय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की अहम भूमिका हो सकती है। Tesla जहां AI की मदद से सेल्फ-ड्राइविंग तकनीक और रोबोट विकसित कर रही है, वहीं SpaceX के पास अंतरिक्ष और सैटेलाइट से जुड़ी तकनीक है।

advertisement

अंतरिक्ष से AI को मिलेगी नई ताकत?

इस योजना के पीछे एक बड़ा विचार अंतरिक्ष में मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल कंप्यूटिंग और AI से जुड़े कामों के लिए करना है।

ऐसे में SpaceX की अंतरिक्ष और सैटेलाइट क्षमताएं Tesla की AI तकनीक को आगे बढ़ाने में मदद कर सकती हैं। हालांकि, फिलहाल यह सिर्फ एक संभावित योजना है। दोनों कंपनियों की समितियों और शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद ही विलय का रास्ता साफ हो पाएगा।