scorecardresearch

IDBI Bank बनेगा दुनिया में भारत की नई पहचान? Fairfax के COO का दावा, बैंक को लेकर बताया मेगा प्लान

IDBI Bank को लेकर कनाडा की Fairfax Financial Holdings ने बड़ा प्लान तैयार किया है। ₹52,878 करोड़ की डील के बाद बैंक के कारोबार में कई अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कंपनी इसे ग्लोबल स्तर पर मजबूत बनाना चाहती है। जानिए इस योजना से ग्राहकों और बैंक को क्या फायदा होगा।

Advertisement

In Short

  • Fairfax ने IDBI Bank में 60.72% हिस्सेदारी खरीदने के लिए ₹52,878 करोड़ की डील की।
  • IDBI Bank के साथ इंश्योरेंस, इन्वेस्टमेंट बैंकिंग और वेल्थ मैनेजमेंट सेवाएं जोड़ने की योजना।
  • Fairfax का लक्ष्य IDBI Bank को वैश्विक पहुंच वाला बड़ा यूनिवर्सल बैंक बनाना है।

कनाडा की निवेश कंपनी Fairfax Financial Holdings ने IDBI Bank में 60.72 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए 52,878 करोड़ रुपये की बड़ी डील की है। अरबपति निवेशक प्रेम वत्स की अगुवाई वाली कंपनी अब IDBI Bank को एक बड़े फाइनेंशियल सर्विसेज ग्रुप में बदलने की तैयारी कर रही है। इसके तहत बैंकिंग के साथ इंश्योरेंस, इन्वेस्टमेंट बैंकिंग और वेल्थ मैनेजमेंट जैसी सेवाएं भी देने की योजना है।

advertisement

₹81 प्रति शेयर पर हुई डील

सूत्रों के मुताबिक, Fairfax ने IDBI Bank की हिस्सेदारी खरीदने के लिए 81 रुपये प्रति शेयर की बोली लगाई। यह सरकार के 75.99 रुपये प्रति शेयर के स्वतंत्र वैल्यूएशन बेंचमार्क से ज्यादा है।

यह कीमत बैंक की 31 मार्च 2026 की रेगुलेटरी बुक वैल्यू 51.85 रुपये से करीब 56 फीसदी ज्यादा थी। वहीं, अंतिम बोलियां आमंत्रित किए जाने से पहले 18 मई को शेयर के 70.38 रुपये के बंद भाव से करीब 15 फीसदी अधिक थी।

इस डील के बाद Fairfax को बैंक का मैनेजमेंट कंट्रोल मिलेगा, जबकि सरकार और LIC की संयुक्त हिस्सेदारी 34 फीसदी बनी रहेगी।

बैंकिंग के साथ इंश्योरेंस की भी मिलेगी सुविधा

Fairfax की योजना IDBI Bank को सिर्फ बैंकिंग तक सीमित रखने की नहीं है। कंपनी अपने Go Digit General Insurance, Go Digit Life Insurance और IIFL Capital Services से जुड़े निवेश को बैंक के साथ जोड़ना चाहती है।

इससे ग्राहकों को बैंकिंग, बीमा, निवेश और वेल्थ मैनेजमेंट जैसी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकेंगी।

कंपनी का मकसद IDBI Bank को SBI, ICICI Bank, HDFC Bank और Kotak Mahindra Bank जैसे बड़े बैंकों के मुकाबले मजबूत बनाना है।

कभी घाटे में था IDBI Bank

IDBI Bank लंबे समय तक वित्तीय मुश्किलों से जूझता रहा। खराब कर्ज और पूंजी की कमी के कारण बैंक मई 2017 से मार्च 2021 तक RBI के Prompt Corrective Action फ्रेमवर्क में रहा।

इस दौरान सरकार और LIC को कई बार बैंक में पूंजी डालनी पड़ी। हालांकि, अब बैंक की स्थिति सुधरी है और पिछले वित्त वर्ष में करीब 9,000 से 10,000 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया गया।

Fairfax के COO ने क्या कहा?

Fairfax के प्रेसिडेंट और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर पीटर क्लार्क ने कहा कि IDBI Bank में वैश्विक पहुंच वाला भारत का बेहतरीन यूनिवर्सल बैंक बनने की क्षमता है।

उनके मुताबिक, इससे भारत में कर्ज की पहुंच बढ़ाने और आम लोगों की जिंदगी बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

आगे क्या होगा?

Fairfax की इस डील और अन्य वित्तीय कारोबारों को IDBI Bank से जोड़ने की योजना के लिए रेगुलेटरी और शेयरहोल्डर्स की मंजूरी जरूरी होगी।

advertisement

सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि यह बदलाव बैंक और उसके शेयरधारकों के लिए लंबे समय में कितना फायदेमंद साबित होता है।