
Starlink और OneWeb के बीच सुनील मित्तल का बयान! सैटेलाइट इंटरनेट पर भारत का कंट्रोल क्यों जरूरी
भारत में सैटेलाइट इंटरनेट शुरू होने से पहले सुनील भारती मित्तल ने देश की सुरक्षा को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सैटेलाइट नेटवर्क का कंट्रोल भारत के हाथ में होना चाहिए। आखिर क्या है किल स्विच और क्यों एक कंपनी पर निर्भर रहना खतरनाक हो सकता है? जानिए पूरी कहानी।

In Short
- सुनील भारती मित्तल की चेतावनी, सैटेलाइट इंटरनेट का 'किल स्विच' भारत के कंट्रोल में होना चाहिए।
- एक देश या कंपनी पर निर्भर रहने से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा, यूक्रेन का उदाहरण देकर समझाया जोखिम।
- Jio, OneWeb और Starlink को मिला लाइसेंस, सिक्योरिटी क्लीयरेंस के बाद शुरू होगी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस।
भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस शुरू करने की तैयारियां तेज हो रही हैं। इससे उन इलाकों में भी इंटरनेट पहुंच सकेगा, जहां मोबाइल नेटवर्क या फाइबर की सुविधा नहीं है। हालांकि, इस नई तकनीक के साथ देश की सुरक्षा और इंटरनेट पर कंट्रोल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आइए जानते हैं कि सुनील भारती मित्तल ने इस पर क्या कहा और सरकार के सामने कौन-सी चुनौतियां हैं।
भारत के हाथ में होना चाहिए 'किल स्विच'
भारती एयरटेल के फाउंडर और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने कहा कि सैटेलाइट कम्युनिकेशन का 'किल स्विच' भारत के कंट्रोल में होना चाहिए। भारती एंटरप्राइजेज के 50 साल पूरे होने पर PTI को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि भारत को अपनी स्पेस टेक्नोलॉजी और सुरक्षा से जुड़े फैसले खुद लेने चाहिए।
आखिर क्या होता है किल स्विच?
किल स्विच एक ऐसा सिस्टम है, जिससे सैटेलाइट इंटरनेट की स्पीड कम की जा सकती है या सर्विस पूरी तरह बंद की जा सकती है। इसका इस्तेमाल किसी एक यूजर, इलाके या पूरे देश के लिए हो सकता है। युद्ध या सुरक्षा खतरे के समय यह काफी अहम होता है।
यूक्रेन का उदाहरण देकर समझाया खतरा
मित्तल ने यूक्रेन का उदाहरण दिया, जहां Starlink के साथ OneWeb का भी इस्तेमाल हो रहा है। पिछले महीने यूक्रेन ने SpaceX पर इंटरनेट स्पीड सीमित करने का आरोप लगाया था। इससे कुछ सैन्य ड्रोन के ऑपरेशन प्रभावित हुए थे।
एक कंपनी पर निर्भर रहना खतरनाक
मित्तल ने कहा कि भारत को किसी एक देश या कंपनी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। उनके मुताबिक ड्रोन, साइबर सिक्योरिटी और गाइडेड मिसाइल जैसी तकनीकों में स्पेस की भूमिका बढ़ रही है। इसलिए सैटेलाइट उपकरणों की सुरक्षा, कम्युनिकेशन की मॉनिटरिंग और डेटा की रूटिंग भारत के जरिए होनी चाहिए।

भारत में OneWeb की सर्विस तैयार
मित्तल के मुताबिक OneWeb की सर्विस भारत में पहले से काम कर रही है। सरकार इमरजेंसी सेवाओं में इसके टर्मिनल इस्तेमाल करती है। उन्होंने बताया कि संजीव सान्याल ने ओमान की समुद्री यात्रा में भी इसका इस्तेमाल किया था। कंपनी अब सरकार की अंतिम मंजूरी का इंतजार कर रही है।
किन कंपनियों को मिला लाइसेंस?
भारत में Jio, OneWeb और Starlink के पास सैटेलाइट कम्युनिकेशन लाइसेंस हैं। तीनों को प्रोविजनल स्पेक्ट्रम मिला है। हालांकि, सर्विस शुरू करने के लिए सिक्योरिटी क्लीयरेंस जरूरी है। मित्तल को उम्मीद है कि OneWeb को पहली मंजूरी मिलेगी।
स्पेक्ट्रम को लेकर क्या कहा?
मित्तल ने बताया कि सैटेलाइट कंपनियां साझा स्पेक्ट्रम इस्तेमाल करती हैं। अलग-अलग ऊंचाई पर मौजूद सैटेलाइट्स को आपस में तालमेल रखना पड़ता है। उनके मुताबिक KU बैंड में OneWeb को सबसे ज्यादा प्राथमिकता मिली है। उन्होंने यूरोप के 14-15 अरब यूरो वाले सुरक्षित कम्युनिकेशन नेटवर्क का भी जिक्र किया।
क्या मोबाइल नेटवर्क की जगह लेगा सैटेलाइट?
मित्तल के मुताबिक सैटेलाइट इंटरनेट मोबाइल नेटवर्क की जगह नहीं लेगा। यह महंगा है और सैटेलाइट हर 5-6 साल में बदलने पड़ते हैं। लेकिन गांवों, जंगलों, पहाड़ों, समुद्र और हवाई यात्रा के दौरान, जहां मोबाइल सिग्नल नहीं मिलता, वहां सैटेलाइट इंटरनेट बेहद काम आएगा।

