scorecardresearch

सोलर एनर्जी बाजार में कौन मारेगा बाजी? Tata Power, L&T और Waaree के सामने क्या हैं नई चुनौतियां?

भारत के सोलर एनर्जी बाजार में बड़ी कंपनियों के बीच मुकाबला तेज हो गया है। टाटा पावर, L&T और वारी समेत कई कंपनियां अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में जुटी हैं। बदलती टेक्नोलॉजी और प्रोजेक्ट की जरूरतों के बीच अब कंपनियों की सफलता तय करने वाले मानक भी बदल रहे हैं।

Advertisement

In Short

  • सोलर EPC बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने की होड़ में कई बड़ी कंपनियां।
  • वित्त वर्ष 2027 में सोलर प्रोजेक्ट की लागत स्थिर रहने का अनुमान।
  • हाइब्रिड और एनर्जी स्टोरेज प्रोजेक्ट की बढ़ रही अहमियत।

भारत के सोलर एनर्जी बाजार में कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी, लार्सन एंड टुब्रो (L&T), वारी रिन्यूएबल टेक्नोलॉजीज, स्टर्लिंग एंड विल्सन रिन्यूएबल एनर्जी, हीरो फ्यूचर एनर्जीज, विक्रम सोलर और विक्रान इंजीनियरिंग जैसी कंपनियां सोलर EPC बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने में जुटी हैं। EPC का मतलब इंजीनियरिंग, उपकरणों की खरीद और प्रोजेक्ट का निर्माण करना है।

advertisement

वित्त वर्ष 2027 में स्थिर रह सकती है लागत

क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 में सोलर प्रोजेक्ट लगाने की अनुमानित लागत 2.8 से 3.2 करोड़ रुपये प्रति मेगावाट है। वित्त वर्ष 2027 में भी इसके इसी स्तर पर बने रहने की उम्मीद है। वैश्विक बाजार में सोलर मॉड्यूल की कीमतें, घरेलू सप्लाई और मंजूर मॉड्यूल एवं निर्माताओं की सूची (ALMM) से जुड़े नियम लागत को स्थिर रखने में मदद कर रहे हैं।

बड़े सोलर प्रोजेक्ट के अलावा रूफटॉप और कमर्शियल सोलर सेगमेंट में भी प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है। क्लीनमैक्स, फोर्थ पार्टनर एनर्जी, एमप्लस सोलर, रेडियंस रिन्यूएबल्स, सोलरस्क्वायर और ऊर्जन क्लीनटेक जैसी कंपनियां इस बाजार में अपनी जगह बनाने में जुटी हैं।

समय पर प्रोजेक्ट पूरा करने पर जोर

सोलर कंपनियों के बीच मुकाबला अब केवल लागत को लेकर नहीं है। उपकरणों की खरीद, इंजीनियरिंग क्षमता, समय पर निर्माण और बड़े प्रोजेक्ट पूरे करने की क्षमता भी महत्वपूर्ण हो गई है।

सेम्बकॉर्प ग्रीन इंफ्रा लिमिटेड (SGIL) प्रोजेक्ट की जरूरतों के हिसाब से अलग-अलग EPC मॉडल अपनाती है। कंपनी अपने सेल्फ EPC मॉडल के तहत इंजीनियरिंग से लेकर उपकरणों की खरीद और निर्माण तक का काम खुद संभालती है।

रखरखाव पर भी कंपनियों का फोकस

सोलर और विंड एनर्जी प्रोजेक्ट के संचालन और रखरखाव पर भी कंपनियां विशेष ध्यान दे रही हैं। 31 मार्च 2026 तक SGIL अपनी सिंगल टेक्नोलॉजी वाली 57.93 फीसदी चालू विंड और 99.43 फीसदी चालू सोलर क्षमता का संचालन और रखरखाव अपनी टीम के जरिए कर रही थी।

वित्त वर्ष 2019 से कंपनी ने अपने चालू प्रोजेक्ट तय समय से भारित औसत के आधार पर 95.21 दिन पहले पूरे किए हैं। गुजरात और तमिलनाडु में कंपनी के विंड प्रोजेक्ट में प्रति यूनिट क्षमता के हिसाब से बिजली उत्पादन भी बेहतर रहा है।

हाइब्रिड और एनर्जी स्टोरेज की बढ़ती अहमियत

भारत का रिन्यूएबल एनर्जी बाजार अब पारंपरिक सोलर और विंड प्रोजेक्ट से आगे बढ़कर हाइब्रिड और एनर्जी स्टोरेज वाले प्रोजेक्ट की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में अलग-अलग टेक्नोलॉजी को एक साथ जोड़ने, लागत नियंत्रित रखने और समय पर प्रोजेक्ट पूरा करने की क्षमता कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा का प्रमुख आधार बन सकती है।

advertisement