scorecardresearch

बजट में सस्ता हो सकता है इलाज! हेल्थकेयर इंडस्ट्री ने सरकार के सामने रखीं 12 मांगें

आम बजट 2027-28 से पहले हेल्थकेयर इंडस्ट्री ने सरकार के सामने कई अहम मांगें रखी हैं। इनमें आम लोगों के इलाज का खर्च कम करने से लेकर छोटे शहरों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। जानिए इन प्रस्तावों से आम लोगों को क्या फायदा हो सकता है।

Advertisement

In Short

  • हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ₹1 लाख करोड़ के फंड की मांग।
  • हेल्थ चेकअप पर सालाना ₹10,000 तक की टैक्स कटौती का प्रस्ताव।
  • हेल्थ इंश्योरेंस का दायरा बढ़ाने और जीएसटी में राहत की मांग।

आम बजट 2027-28 से पहले हेल्थकेयर इंडस्ट्री ने अपनी मांगें सरकार के सामने रख दी हैं। इंडस्ट्री का जोर इलाज को किफायती बनाने के साथ छोटे शहरों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर है। इसके लिए निवेश, टैक्स, हेल्थ इंश्योरेंस, डिजिटल हेल्थकेयर और मेडिकल टूरिज्म से जुड़े कई अहम सुझाव दिए गए हैं।

advertisement

₹1 लाख करोड़ की फंडिंग की मांग

हेल्थकेयर फेडरेशन ऑफ इंडिया (NATHEALTH) ने 25 नवंबर को सरकार को 12 सूत्रीय सुझाव सौंपे हैं। इसमें हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ₹1 लाख करोड़ की अलग फाइनेंसिंग व्यवस्था बनाने की मांग की गई है। इसके तहत अस्पतालों को लंबी अवधि का लोन, क्रेडिट सपोर्ट और जरूरत के आधार पर आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव है। इंडस्ट्री ने जीएसटी का अतिरिक्त बोझ कम करने की भी मांग की है।

इलाज पर कितना खर्च कर रहे भारतीय?

नेशनल हेल्थ अकाउंट्स के 2023-24 के आंकड़ों के मुताबिक देश में स्वास्थ्य सेवाओं पर कुल ₹9.52 लाख करोड़ खर्च हुए, जो जीडीपी का 3.29% है। इसमें सरकारी खर्च ₹4.14 लाख करोड़ यानी जीडीपी का 1.43% रहा। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं पर हुए कुल खर्च का 42.7% लोगों ने अपनी जेब से चुकाया।

हेल्थ चेकअप पर ₹10,000 की टैक्स छूट

बीमारियों का समय रहते पता लगाने के लिए पात्र हेल्थ चेकअप पर सालाना ₹10,000 तक की टैक्स कटौती देने का सुझाव दिया गया है। इसके अलावा डायबिटीज जैसी गैर-संक्रामक बीमारियों की पहचान, इलाज और फॉलोअप के लिए साझा फंडिंग वाले कार्यक्रम शुरू करने की मांग की गई है।

डिजिटल होंगी स्वास्थ्य सेवाएं

छोटे अस्पतालों को डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, मरीजों की सहमति से डेटा शेयरिंग और साइबर सिक्योरिटी सिस्टम अपनाने के लिए आर्थिक प्रोत्साहन देने का सुझाव है। इंश्योरेंस क्लेम के भुगतान में तेजी लाने के लिए NHCX आधारित व्यवस्था का भी प्रस्ताव है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

हेल्थ इंश्योरेंस का बढ़ेगा दायरा

हेल्थ इंश्योरेंस से वंचित आबादी के लिए जोखिम और लागत के आधार पर एक स्टैंडर्ड बेसिक इंश्योरेंस प्लान लाने की मांग है। साथ ही ओपीडी और लंबे समय तक चलने वाली बीमारियों के इलाज को इंश्योरेंस में शामिल करने के लिए पायलट प्रोग्राम का सुझाव दिया गया है।

छोटे शहरों में बढ़ेंगे डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ

अस्पतालों, डायग्नोस्टिक सेंटर और होम केयर कंपनियों को ट्रेनिंग सेंटर के तौर पर मान्यता देने का प्रस्ताव है। डॉक्टरों की कमी वाले जिलों में विशेष प्रोत्साहन और DNB ट्रेनिंग बढ़ाने की मांग भी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 2014 से दिसंबर 2025 तक मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 818 और मेडिकल यूजी सीटें 51,348 से बढ़कर 1,28,875 हो गई हैं।

advertisement

मेडिकल टेक्नोलॉजी के लिए ₹5,000 करोड़

देश में मेडिकल उपकरणों के निर्माण, नई टेक्नोलॉजी की टेस्टिंग, जरूरी मंजूरी और कारोबार के विस्तार के लिए ₹5,000 करोड़ का हेल्थटेक और मेडटेक प्लेटफॉर्म बनाने का प्रस्ताव दिया गया है।

मेडिकल टूरिज्म के लिए सालाना ₹750 करोड़

'हील इन इंडिया' अभियान के लिए सालाना ₹750 करोड़ का फंड बनाने की मांग है। इससे विदेशी मरीजों के लिए वीजा प्रक्रिया आसान बनाने और अंतरराष्ट्रीय इंश्योरेंस कंपनियों से साझेदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी। छोटे कारोबारियों को एक्सपोर्ट क्रेडिट, सर्टिफिकेशन और विदेशी बाजारों में मंजूरी दिलाने में सहायता देने का भी सुझाव है।

क्या कहते हैं इंडस्ट्री के एक्सपर्ट्स?

NATHEALTH की अध्यक्ष संगीता रेड्डी ने मेडिकल टूरिज्म हब शुरू करने पर जोर दिया है। वहीं, हिमांशु बैद ने लंबी अवधि के निवेश के लिए बेहतर नीतियों की जरूरत बताई। वरुण खन्ना के मुताबिक अस्पतालों की फंडिंग लागत घटने से मरीजों को किफायती इलाज मिल सकेगा। इंडस्ट्री चाहती है कि सरकारी सहायता को इलाज की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, कीमतों में पारदर्शिता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाए।

advertisement