scorecardresearch

IIT मद्रास की नई पहल, पढ़ाई के दौरान ही छात्रों को मिलेंगे इंटर्नशिप और नौकरी के ज्यादा मौके

IIT मद्रास अपने छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही इंडस्ट्री में काम करने का बेहतर अनुभव देने की तैयारी में है। संस्थान की नई पहल से छात्रों को इंटर्नशिप के साथ नौकरी पाने के ज्यादा अवसर मिल सकते हैं। जानिए कब शुरू होगा नया प्रोग्राम और किन छात्रों को मिलेगा इसका फायदा।

Advertisement
AI-generated image

In Short

  • IIT मद्रास में जनवरी 2027 से शुरू होगा छह महीने का इंटर्नशिप प्रोग्राम।
  • लंबी अवधि की इंटर्नशिप से प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
  • KRAFTON इंडिया के साथ साझेदारी से गेमिंग इंडस्ट्री में करियर बनाने का मौका मिलेगा।

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) मद्रास अपने अंडरग्रेजुएट छात्रों के लिए इंटर्नशिप के अवसर बढ़ाने जा रहा है। संस्थान जनवरी 2027 से छह महीने का इंडस्ट्री इंटर्नशिप प्रोग्राम शुरू करेगा। इसका मकसद छात्रों को पढ़ाई के साथ कंपनियों में काम करने का अनुभव देना है। यह प्रोग्राम 2024 बैच के बाद के BTech छात्रों के लिए उपलब्ध होगा। योग्य छात्र अपने छठे सेमेस्टर के दौरान इंटर्नशिप कर सकेंगे।

advertisement

यह पहल अंडरग्रेजुएट पाठ्यक्रम में किए गए बदलावों का हिस्सा है। इसकी जिम्मेदारी करियर पाथवे सेंटर (CPC) को सौंपी गई है, जो इंटर्नशिप, प्लेसमेंट, स्किल डेवलपमेंट और एंटरप्रेन्योरशिप से जुड़ी गतिविधियों की देखरेख करता है।

देश-विदेश में मिलेंगे इंटर्नशिप के मौके

IIT मद्रास छात्रों को कंपनियों के कामकाज और इंडस्ट्री की वास्तविक चुनौतियों को समझने का मौका देना चाहता है। इसके लिए संस्थान भारत के साथ-साथ विदेशों में भी इंटर्नशिप के अवसर तलाश रहा है। इसके अलावा छात्रों के लिए रिमोट इंटर्नशिप की सुविधा भी शुरू की गई है।

यह प्रोग्राम गर्मियों में होने वाली कम अवधि की इंटर्नशिप से अलग होगा। छह महीने की इंटर्नशिप के दौरान छात्र किसी प्रोजेक्ट पर लंबे समय तक काम कर सकेंगे। वहीं, कंपनियों को भी छात्रों की प्रतिभा और काम करने के तरीके को समझने का पर्याप्त समय मिलेगा।

नौकरी मिलने की बढ़ सकती है संभावना

IIT मद्रास के डायरेक्टर वी. कामकोटी के मुताबिक, छात्रों को इंडस्ट्री की चुनौतियों और वास्तविक परिस्थितियों में टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल को समझने के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए। लंबी अवधि की इंटर्नशिप से छात्रों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) मिलने की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।

संस्थान के मुताबिक, इस पहल को छात्रों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कई छात्र रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। पिछले इंटर्नशिप साइकिल के मुकाबले इस बार दो महीने और छह महीने की इंटर्नशिप के अवसर भी बढ़े हैं।

गेमिंग इंडस्ट्री में करियर बनाने का मौका

IIT मद्रास ने दक्षिण कोरियाई गेमिंग कंपनी की भारतीय इकाई KRAFTON इंडिया के साथ मिलकर KIGI Academy भी लॉन्च की है। पूरी तरह फंडेड छह महीने का यह प्रोग्राम सभी इंजीनियरिंग विषयों के छात्रों के लिए खुला है।

इसके तहत IIT मद्रास में चार महीने की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और KRAFTON इंडिया के बेंगलुरु हेडक्वार्टर में दो महीने का पेड इंडस्ट्री एक्सपोजर शामिल है।

बेहतर प्रदर्शन करने वालों को मिल सकती है नौकरी

छात्रों को कोडिंग, गेम डिजाइन, UI/UX, आर्ट और प्रोडक्ट डेवलपमेंट की ट्रेनिंग दी जाएगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों के नाम पर फुल-टाइम नौकरी के लिए भी विचार किया जा सकता है।

advertisement

इसके अलावा CPC हैकथॉन, केस कॉम्पिटिशन और इंडस्ट्री प्रोजेक्ट्स के जरिए अन्य कंपनियों को भी जोड़ रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों को डिग्री पूरी करने से पहले इंटर्नशिप और नौकरी के ज्यादा अवसर उपलब्ध कराना है।