
नए साल से पहले वित्त मंत्रालय ने जताई चिंता! जानें भारतीय अर्थव्यवस्था के सामने क्या हैं खतरे
नए साल से पहले वित्त मंत्रालय ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर अहम संकेत दिए हैं। घरेलू मांग और एक्सपोर्ट में मजबूती के बावजूद कुछ ग्लोबल चुनौतियां भारत की चिंता बढ़ा सकती हैं। आखिर आने वाले महीनों में किन वजहों से महंगाई बढ़ने का खतरा है और कितनी मजबूत है भारत की आर्थिक स्थिति?

In Short
- पश्चिम एशिया में संघर्ष और होर्मुज से जुड़े जोखिम बढ़ा सकते हैं महंगाई।
- अक्टूबर में भारत का मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट 45 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा।
- 705.3 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार देगा अर्थव्यवस्था को मजबूती।
साल 2026 खत्म होने में अब कुछ ही समय बचा है। ऐसे में नए साल में भारतीय अर्थव्यवस्था की चाल कैसी रहेगी, इस पर सभी की नजरें हैं। वित्त मंत्रालय ने नवंबर की मंथली इकोनॉमिक रिव्यू में देश की आर्थिक स्थिति का आकलन किया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि आने वाले महीनों में किन वजहों से भारत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं और कौन से फैक्टर्स अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष सबसे बड़ी चिंता
वित्त मंत्रालय के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही में संभावित रुकावट भारत के लिए बड़ी चुनौती है। इससे कच्चे तेल के इंपोर्ट पर होने वाला खर्च और समुद्री रास्ते से माल ढुलाई की लागत में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। अगर सप्लाई में लंबे समय तक रुकावट आती है तो आने वाले महीनों में थोक और खुदरा महंगाई बढ़ सकती है।
कच्चे तेल और रुपये से मिल सकती है राहत
नवंबर की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई थी। वहीं, मजबूत कैपिटल इनफ्लो यानी पूंजी की आवक से रुपये को भी मजबूती मिली है। अगर ये दोनों ट्रेंड जारी रहते हैं तो विदेशों से सामान मंगाने की लागत और उससे बढ़ने वाली महंगाई को काबू में रखने में मदद मिल सकती है।
ग्लोबल अनिश्चितता के बीच एक्सपोर्ट में तेजी
दुनियाभर में ट्रेड पॉलिसी को लेकर बनी अनिश्चितता के बावजूद भारत का एक्सपोर्ट मजबूत रहा है। अक्टूबर में सामान का एक्सपोर्ट सालाना आधार पर 45 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 49.5 अरब डॉलर पर पहुंच गया। वहीं, सर्विसेज ट्रेड सरप्लस ने सामान के व्यापार घाटे की 49.6 फीसदी भरपाई की।

विदेशी मुद्रा भंडार देगा मजबूती
वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान भारत का बैलेंस ऑफ पेमेंट्स सरप्लस में रहा। इसकी वजह नेट फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट और बैंकिंग कैपिटल इनफ्लो में बढ़ोतरी रही। 13 नवंबर तक देश का विदेशी मुद्रा भंडार 705.3 अरब डॉलर था, जो करीब 10 महीने के इंपोर्ट के लिए पर्याप्त है।
घरेलू मांग से मिलेगी ग्रोथ को रफ्तार
देश में मजबूत खपत, निजी निवेश में धीरे-धीरे बढ़ोतरी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को सरकारी समर्थन से आर्थिक ग्रोथ को मजबूती मिलने की उम्मीद है। माल की आवाजाही, टैक्स कलेक्शन, ऊर्जा की खपत और माल ढुलाई के आंकड़े भी आर्थिक गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी के संकेत दे रहे हैं।
मौसम भी बढ़ा सकता है महंगाई
मौसम से जुड़ी अनिश्चितता और मजबूत अल नीनो की आशंका भी आने वाले महीनों में महंगाई बढ़ा सकती है। हालांकि, वित्त मंत्रालय ने कैलेंडर ईयर 2027 के लिए कोई विशेष आर्थिक अनुमान जारी नहीं किया है। मंत्रालय का मानना है कि भारत की मजबूत आर्थिक बुनियाद और पर्याप्त वित्तीय संसाधन आने वाली चुनौतियों से निपटने में मदद करेंगे।


