scorecardresearch

TVS परिवार में संपत्ति की लड़ाई तेज! अभिषेक मनु सिंघवी बोले- समझौते पर साइन किए तो अब सवाल क्यों?

TVS परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। लक्ष्मी वेणु की बराबर हिस्सेदारी की मांग पर वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने पुराने पारिवारिक समझौतों और वित्तीय जिम्मेदारियों का जिक्र करते हुए बताया कि आखिर इस विवाद की असली वजह क्या है।

Advertisement

TVS परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने बड़ा बयान दिया है। टीवीएस मोटर के चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन की ओर से पैरवी कर रहे सिंघवी ने लक्ष्मी वेणु की आपत्तियों को पुराने फैसले पर बदला हुआ रुख बताया है। उनका कहना है कि परिवार के सदस्यों ने जिन समझौतों पर अपनी सहमति दी थी, उन्हें अब सिर्फ इसलिए दोबारा नहीं खोला जा सकता क्योंकि संपत्ति का बंटवारा अनुचित लगने लगा है।

advertisement

बिजनेस टुडे के ग्रुप एडिटर सिद्धार्थ जराबी के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में सिंघवी ने कहा कि यह मामला कुछ और नहीं, बल्कि पहले लिए गए फैसले पर बदली हुई सोच का है, जिसे अलग-अलग तरीके से पेश किया जा रहा है।

दरअसल, लक्ष्मी वेणु ने अपनेो पिता वेणु श्रीनिवासन को संपत्ति के बंटवारे का कानूनी नोटिस भेजकर परिवार की संपत्ति में बराबर हिस्सेदारी मांगी है। उनकी मां मल्लिका श्रीनिवासन भी इस मांग का समर्थन कर रही हैं।

'2017 में समझौते पर दस्तखत क्यों किए थे?'

सिंघवी के मुताबिक, परिवार के चार सदस्यों ने 2017 में संपत्ति के बंटवारे का लिखित समझौता किया था। इसमें साफ था कि यह अंतिम और बाध्यकारी होगा और कोई भी इसे चुनौती नहीं देगा।

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बंटवारा गलत था तो उस समय समझौते पर दस्तखत क्यों किए गए? लैंगिक भेदभाव के आरोपों पर सिंघवी ने कहा कि उस समय भी परिवार में एक बेटी और एक बेटा था। ऐसे में वर्षों बाद उसी बंटवारे को लैंगिक समानता का मुद्दा बनाकर चुनौती देना उचित नहीं है।

₹2,000 करोड़ के भुगतान पर क्या बोले सिंघवी?

सिंघवी ने बताया कि 2020 के पारिवारिक समझौते के दौरान ऑटोमोबाइल कारोबार का नियंत्रण हासिल करने के लिए वेणु श्रीनिवासन को करीब ₹2,000 करोड़ चुकाने थे।

उनके मुताबिक, मल्लिका श्रीनिवासन और लक्ष्मी वेणु ने इस भुगतान में योगदान देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद वित्तीय जिम्मेदारी वेणु श्रीनिवासन और सुदर्शन वेणु ने उठाई।

सिंघवी ने दलील दी कि किसी कारोबार की कीमत बाद में बढ़ जाने से पुराने समझौते को दोबारा खोलने का आधार नहीं बनता।

'लक्ष्मी के बेटे को मिलेगा फायदा'

सिंघवी ने इस दावे को भी खारिज किया कि लक्ष्मी वेणु को पारिवारिक कारोबार से पूरी तरह अलग कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सुंदरम-क्लेटन के शेयरों पर नियंत्रण रखने वाले VS ट्रस्ट का लाभार्थी लक्ष्मी वेणु का बेटा है, सुदर्शन वेणु नहीं।

उनके मुताबिक, परिवार में यह समझ भी थी कि मल्लिका श्रीनिवासन से जुड़ा ट्रैक्टर कारोबार आगे लक्ष्मी के पक्ष में जाएगा, जबकि ऑटोमोबाइल कारोबार सुदर्शन को मिलेगा।

'किसी ने बंदूक दिखाकर दस्तखत नहीं कराए'

सिंघवी ने कहा कि सभी पक्षों ने अपनी मर्जी से दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए थे। उन्होंने सवाल किया कि जब समझौतों पर सहमति थी तो अब उन्हें चुनौती क्यों दी जा रही है?

advertisement

उन्होंने संपत्ति का नए सिरे से स्वतंत्र मूल्यांकन कराने का सुझाव भी खारिज किया। सिंघवी के मुताबिक, ऐसा करने से पुराने समझौतों की अंतिम स्थिति पर सवाल खड़े होंगे।

सिंघवी ने बताया कि लक्ष्मी वेणु के कानूनी नोटिस का जवाब जल्द भेजा जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि नोटिस का सिलसिला जारी रहा तो विवाद अदालत तक पहुंच सकता है।